जिले में 129.81 मिमी हुई बारिश, गर्मी से राहत
Published by : RAKESH KUMAR Updated At : 21 May 2026 9:20 PM
साहिबगंज (फाइल फोटो)
सामान्य से अधिक बारिश होने पर खरीफ की खेती में जुट गये किसान
साहिबगंज. जिले में मानसून आने से पहले ही लगातार हो रही बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है. मई में ही जिले में सामान्य से अधिक वर्षापात दर्ज की गयी. मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार 21 मई तक जिले में 129.81 मिमी औसत वर्षापात रिकॉर्ड की गयी है, जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षापात 75 मिमी माना जाता है. लगातार बारिश के कारण ऊमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली है. जिले के कई प्रखंडों में सामान्य से कहीं अधिक बारिश दर्ज की गयी है. बरहेट में सबसे अधिक 175 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गयी, जबकि उधवा में 164.8 मिमी, बोरियो में 158.2 मिमी और राजमहल में 157.4 मिमी बारिश हुई है. साहिबगंज मुख्यालय में भी 130.2 मिमी वर्षापात दर्ज किया गया. बीते कई दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश से सुबह और शाम का मौसम काफी सुहावना बना हुआ है तथा ठंडी हवाओं से लोगों को राहत महसूस हो रही है. बारिश का असर आम जनजीवन पर भी देखने को मिल रहा है. तेज धूप और बढ़ती गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली है. शहर और ग्रामीण इलाकों में पेयजल संकट कम होने की उम्मीद जताई जा रही है. खेतों में नमी बढ़ने से धान की खेती की तैयारी कर रहे किसानों को शुरुआती फायदा मिलने की संभावना है. पशुपालकों को भी गर्मी से राहत मिली है. बेमौसम बारिश से किसानों की बढ़ी चिंता हालांकि बेमौसम बारिश किसानों की चिंता बढ़ा रही है. सब्जियों, आम और लीची की फसल पर असर पड़ने लगा है. कई खेतों में पानी जमा होने से फसल खराब होने का खतरा मंडरा रहा है. किसानों का कहना है कि यदि बारिश इसी तरह जारी रही तो उत्पादन प्रभावित हो सकता है. कृषि वैज्ञानिक डॉ सुप्रिया सिंह ने कहा कि मानसून पूर्व हो रही बारिश किसानों के लिए नुकसानदेह साबित हो सकती है तथा पूरे मानसून में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना भी जतायी जा रही है. मौसम विभाग ने आनेवाले दिनों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना व्यक्त की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










