स्टेशन चौक पर कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार का पुतला फूंका

पेट्रोल-डीजल व गैस कीमतों में वृद्धि के खिलाफ कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
साहिबगंज
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देश पर शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी, साहेबगंज द्वारा स्टेशन चौक पर केंद्र सरकार का पुतला दहन किया गया. शाम करीब चार बजे दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता स्टेशन चौक पर एकत्र हुए और पेट्रोल-डीजल, दूध, सीएनजी गैस की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि तथा केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की. इसके बाद कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार का पुतला जलाकर विरोध दर्ज कराया. जिला अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार पिछले 12 वर्षों से केवल जुमलेबाजी कर रही है. उन्होंने कहा कि पेट्रोल 110 रुपये, डीजल 100 रुपये, दूध 70 रुपये प्रति लीटर और गैस सिलेंडर 1200 रुपये तक पहुंच गया है, जिससे आम जनता, किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग बुरी तरह प्रभावित है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल रही है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सड़क से सदन तक जनता की आवाज उठाती रहेगी और जब तक कीमतों में राहत नहीं मिलेगी, आंदोलन जारी रहेगा. कार्यकर्ताओं ने 2029 में परिवर्तन का दावा करते हुए सरकार के खिलाफ नाराजगी जतायी. मौके पर अनुकूल चंद्र मिश्रा, बासुकीनाथ यादव, मो कलीमुद्दीन, सरफराज आलम, नित्यानंद गुप्ता, राम श्रृंगार ओझा समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










