बिंदुधाम में बनेगी 41 फीट ऊंची प्रभु श्रीराम की प्रतिमा
Published by : RAKESH KUMAR Updated At : 17 Apr 2026 9:10 PM
साहिबगंज (फाइल फोटो)
36 फीट हनुमान प्रतिमा के बाद अब रामलला की मूर्ति से बढ़ेगी मंदिर की भव्यता
एक करोड़ है अनुमानित बजट, रामनवमी 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य पतना. बरहरवा स्थित प्राचीन एवं विख्यात शक्तिपीठ मां बिंदुवासिनी मंदिर में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की 41 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जायेगी. इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शुभारंभ 20 अप्रैल को अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर भूमि पूजन के साथ किया जायेगा. मंदिर परिसर लगभग 101 बीघा क्षेत्र में फैला है. इसी परिसर के पहाड़ पर स्थित सीता कुंड (पूजा दुकान के पीछे) में भगवान श्रीराम की प्रतिमा स्थापित की जायेगी. परियोजना पूरी तरह तैयार है. 20 अप्रैल को पूर्वाह्न 11 बजे भूमि पूजन आयोजित किया जायेगा. इस अवसर पर झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य सह युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष संजय गोस्वामी व प्रखंड विकास पदाधिकारी पतना कुमार देवेश द्विवेदी उपस्थित रहेंगे. वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पुरोहितों द्वारा प्रतिमा निर्माण की आधारशिला रखी जायेगी. मंदिर कमेटी के सदस्यों ने बताया कि भगवान श्रीराम न केवल आदर्श पुरुष हैं, बल्कि लोगों के हृदय में बसे हुए हैं. मंदिर परिसर में पहले से ही उनके भक्त हनुमान जी की 36 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित है. इसी को ध्यान में रखते हुए श्रीराम की प्रतिमा उनसे अधिक ऊंची, 41 फीट की बनायी जा रही है. इससे धार्मिक स्थल की भव्यता और आकर्षण में और वृद्धि होगी. यहां मौजूद हनुमान जी की प्रतिमा के पास उनके पदचिह्न भी स्थापित हैं. मान्यता है कि त्रेता युग में संजीवनी बूटी लाते समय हनुमान जी ने यहां कुछ क्षण के लिए अपना पैर रखा था. इस स्थल पर श्रद्धालु आज भी श्रद्धा भाव से पूजन करते हैं. इसके अलावा मंदिर परिसर में माता सती के शव को कंधे पर लेकर शिव के तांडव की दृश्यात्मक प्रतिमा भी भक्तों को आकर्षित करती है. बिंदुधाम प्रबंधन समिति के कार्यकारी अध्यक्ष शक्तिनाथ अमन ने बताया कि प्रतिमा निर्माण एवं सौंदर्यीकरण का अनुमानित बजट करीब एक करोड़ रुपये रखा गया है. इसमें प्रतिमा निर्माण, आधार-पीठ, सौंदर्यीकरण और प्रतिमा के चारों ओर प्रस्तावित तालाब का निर्माण शामिल है. निर्माण कार्य का जिम्मा पश्चिम बंगाल के अनुभवी मूर्तिकारों को सौंपा गया है. श्रद्धालुओं के सहयोग से राशि जुटाई जाएगी और अगले वर्ष रामनवमी तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










