Ranchi News : व्यवसायी पर खुजली वाला पाउडर फेंका, फिर बदमाश ले उड़े तीन लाख रुपये
Published by : SHRAWAN KUMAR Updated At : 04 May 2025 12:22 AM
अरगोड़ा थाना क्षेत्र के सहजानंद चौक पर हुई घटना
वरीय संवाददाता, रांची. कचहरी चौक स्थित एसबीआइ मेन ब्रांच से शनिवार को तीन लाख रुपये निकालने के बाद व्यवसायी मनोरंजन मनीष अपने एक मित्र के साथ स्कूटी से अरगोड़ा की ओर किसी को पेमेंट करने के लिए निकले. वह बैंक से करीब 50 मीटर आगे बढ़े होंगे कि किसी ने उनके शरीर पर खुजली वाला पाउडर फेंक दिया. इससे उनके शरीर में खुजली होने लगी. इसके बाद व्यवसायी ने फिरायालाल चौक जाकर दवा दुकान से दवा लिया. आराम होने पर वे स्कूटी से अरगोड़ा के लिए निकले. रास्ते में सहजानंद चौक पर रुके. स्कूटी लगाकर वह कोल्ड ड्रिंक पीने के लिए दुकान की ओर बढ़े. इस दौरान वे बायें हाथ से मोबाइल से बात कर रहे थे. वहीं दाहिने कंधे पर बैंग लटकाये हुए थे. उसी बैग में तीन लाख रुपये था. इसी क्रम में बाइक पर सवार हेलमेट लगाये दो बदमाश आये. इसमें से एक ने झपट्टा मारकर दोपहर 1.28 बजे व्यवसायी के कंधे से बैग छीन लिया. फिर तेजी से दोनों फरार हो गये. पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आयी है कि घटना को अंजाम देनेवाला ओड़िशा का गैंग हो सकता है, जो खुजली वाला पाउडर फेंक कर इस तरह की घटना को अंजाम देता है. सीसीटीवी की जांच में बाइक पर हेलमेट लगाये दो बदमाश दिख रहे हैं. लेकिन उनका चेहरा साफ नहीं है. व्यवसायी मनोरंजन मनीष खेलगांव हाउस स्थित एक फ्लैट में रहते हैं. सूचना के बाद मौके पर अरगोड़ा पुलिस व हटिया डीएसपी पहुंचे थे. मामले की पड़ताल जारी है. पुलिस की पूछताछ में व्यवसायी ने कहा कि खुजली वाला पाउडर उनके शरीर पर पड़ने के बाद वे अंदाजा नहीं लगा सके कि इस तरह की घटना उनके साथ हो सकती है. बैंक से ही पीछा कर रहे थे बदमाश : जिस तरह से घटना को अंजाम दिया गया है उससे पुलिस अंदाजा लगा रही है कि अपराधी बैंक से ही मनोरंजन का पीछा कर रहे थे. अपराधियों को उम्मीद थी की खुजली की वजह से कहीं न कहीं रास्ते में व्यवसायी जरूर रुकेंगे, जहां मौका देखकर पैसे से भरा बैग छीन लिया जायेगा. सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद यह पता चल रहा है कि दोनों अपराधी कारोबारी का बैंक से पीछा कर रहे थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










