राजधानी में बादल बरसे, मोहल्ले डूबे, सड़कें थमीं

रांची में रविवार को एक बार फिर बारिश ने शहर को थाम दिया. दोपहर करीब ढाई बजे से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया.
रांची. रांची में रविवार को एक बार फिर बारिश ने शहर को थाम दिया. दोपहर करीब ढाई बजे से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया. लगभग एक से डेढ़ घंटे तेज बारिश के बाद देर शाम तक रुक-रुक कर बारिश होती रही. इसके कारण शहर के कई प्रमुख सड़कों और मोहल्लों में जलजमाव की स्थिति बन गयी. नालियों का पानी सड़कों पर बहता दिखा, जिससे ड्रेनेज सिस्टम की पोल खुल गयी. कांटाटोली फ्लाइओवर के नीचे, कचहरी रोड, कांके रोड, पटेल चौक, लेक रोड, कोकर, सेक्टर टू धुर्वा, बड़ा तालाब के पास, डोरंडा, बरियातू, मोरहाबादी, मेन रोड, अपर बाजार आदि इलाकों में जलजमाव से लोग परेशान रहे.
कांटाटोली फ्लाइओवर के नीचे जाम की स्थिति
शहर के व्यस्त इलाकों में से एक कांटाटोली फ्लाइओवर के नीचे बारिश का पानी जमा होने से वाहनों की लंबी कतारें लग गयी. गाड़ियां धीरे-धीरे आगे बढ़ती नजर आयीं. ऑक्सफोर्ड स्कूल से कांटाटोली जाने वाले रास्ते में घुटने तक पानी बह रहा था. पैदल चलना और वाहन चलाना दोनों ही मुश्किल हो गया. देर शाम तक यहां जलजमाव की स्थिति बनी रही.
घुटनों तक पानी, पैदल चलना और बाइक चलाना मुश्किल
कचहरी रोड, कांके रोड, स्टेशन रोड, पटेल चौक, सिरमटोली के पास सड़क पर जलजमाव हो गया. बाइक व स्कूटी चलाने वालों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. लोग घुटने तक पानी में पैदल जाते दिखे. कई लोग तेज बारिश के कारण बाइक, स्कूटी सड़क किनारे लगाकर बारिश से बचते नजर आये. हलधर प्रेस गली में घुटनों से ऊपर तक पानी जमा हो गया. कई घरों में भी बारिश का पानी घुस गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी हुई.
बड़ा तालाब के पास जलजमाव में फंसे लोग
बड़ा तालाब के पीछे स्थित सड़क में भी बारिश के कारण घुटनों से ऊपर तक जलजमाव हो गया. बाइक व स्कूटी सवार फंसते नजर आये. कुछ लोग पैदल ही स्कूटी धकेलते हुए पार करते दिखे. लेक रोड में भी जलजमाव से लोग परेशान रहे.
अपर बाजार के घरों-दुकानों में घुसा पानी
बड़ालाल स्ट्रीट, अपर बाजार में बारिश के कारण सड़कें डूब गयीं. कई घरों और दुकानों में पानी घुस गया. लोगों को काफी परेशानी हुई. देर रात तक घरों से पानी निकालने का प्रयास चलता रहा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




