रांची में भाजपा का समरसता संकल्प कलश वंदन अभियान, 30 जिलों को सौंपे कलश

Updated:
विज्ञापन

भाजपा का समरसता संकल्प कलश वंदन अभियान, 30 सांगठनिक जिलों में रथ रवाना | Prabhat Khabar Network

भाजपा ने संत रविदास की जयंती पर समरसता संकल्प कलश वंदन अभियान शुरू किया। दुष्यंत गौतम ने कहा कि उनके आदर्शों से ही विकसित और शक्तिशाली भारत का निर्माण संभव है।

विज्ञापन

रांची: संत रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में प्रदेश भाजपा की ओर से मंगलवार को डिबडीह स्थित कार्निवल बैंक्वेट हॉल में समरसता संकल्प कलश वंदन अभियान का आयोजन किया गया. कार्यक्रम के दौरान गुरु रविदास की जन्मभूमि से लायी गयी पवित्र मिट्टी से भरे कलश सभी 30 सांगठनिक जिलों के प्रतिनिधियों को सौंपे गये और सुसज्जित 30 समरसता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया.

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा कि धार्मिक, राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में योगदान देने वाले सभी महापुरुष भाजपा के आराध्य हैं. पार्टी ने भगवान बिरसा मुंडा, अहिल्याबाई होल्कर और गुरु गोविंद सिंह जैसे महापुरुषों का सम्मान कर देश को उनके योगदान से जोड़ा है.

उन्होंने कहा कि संत रविदास के पदचिह्नों पर चलकर ही समरसतापूर्ण, शक्तिशाली और विकसित भारत का निर्माण संभव है. आज देश को जाति, भाषा और धर्म के नाम पर बांटने की कोशिश करने वाली राष्ट्रद्रोही ताकतों के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने की जरूरत है. नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भारत दुनिया का एकमात्र ऐसा देश है, जहां मानवता और सामाजिक परंपरा पायी जाती है और यहां देवता भी जन्म लेने के लिए लालायित रहते हैं.

पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने वर्तमान समय को पुनर्जागरण का युग बताते हुए कहा कि संत रविदास ने समाज को किसी एक वर्ग या जाति में बांटने के बजाय समरसता का संदेश दिया. पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा कि इस अभियान का मुख्य ध्येय समाज के अंतिम व्यक्ति तक संत रविदास के संदेशों को पहुंचाना है.

भाजपा के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने अभियान की रूपरेखा स्पष्ट करते हुए बताया कि संत रविदास की जन्मभूमि की मिट्टी से युक्त इस कलश को राज्य के हर जिले, मंडल, पंचायत और गांव के मंदिरों व घरों तक ले जाना ही मुख्य उद्देश्य है. कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष किशुन दास व मंच संचालन अमर कुमार बाउरी ने किया.

संसद सत्र के कारण अनुपस्थित प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने लिखित संदेश के जरिए कार्यकर्ताओं से यात्रा को पूरी पवित्रता के साथ जन-जन तक ले जाने का आह्वान किया. इस दौरान अभयकांत प्रसाद, दिनेशानंद गोस्वामी, दीपक प्रकाश, राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा, बालमुकुंद सहाय, गणेश मिश्रा, मनोज सिंह, नवीन जायसवाल, सीपी सिंह, विक्रम सिंह, महावीर नायक, स्वामी ज्ञान जी महाराज, भगत बाल्मीकि, संजय, दीपक कुमार रवि, दीपक राम मंच पर आसीन थे. वहीं कार्यक्रम के दौरान सरोज सिंह, अमरदीप यादव, मृत्युजंय शर्मा, शोभा यादव, अजय राय, दीनदयाल बर्णवाल, तारिक इमरान,नीरज सिंह, सूरज शाहदेव, विकास प्रीतम, जीतू चरण राम, किशुन दास, राहुल अवस्थी, गंगोत्री कुजूर, आरती सिंह, वरुण साहू, रमेश सिंह, राहुल शाहदेव, रजनीश पांडेय, राकेश भाष्कर, पुष्पा देवी, रामकुमार पाहन, समरी लाल, सीमा सिंह, डॉ संजय सिंह, सुबोध सिंह गुड्डू,सुरेश साहू, दुलाल भुइयां, शशिभूषण मेहता, सीमा शर्मा, सुनीता दास, माया सिंह सिसोदिया समेत कई लोग मौजूद थे.


विज्ञापन
सतीश सिंह

लेखक के बारे में

By सतीश सिंह

मेरा मीडिया जगत में 25 वर्षों का अनुभव है. 'प्रभात खबर' के प्रमुख संवाददाता के रूप में 22 वर्षों की अपनी यात्रा के दौरान, निष्पक्षता, गहराई और सत्य के प्रति प्रतिबद्धता के साथ पत्रकारिता की है. रांची में रहकर पिछले 15 वर्षों तक हाईकोर्ट रिपोर्टिंग की है. वर्तमान में मैं राजनीतिक और विभागीय रिपोर्टिंग के माध्यम से समाज को जागरूक और शिक्षित करने का कार्य निरंतर कर रहा हूं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola