ePaper

Senior National Hockey Championship: झारखंड की टीम क्वार्टर फाइनल में, जम्मू कश्मीर को 5-0 से हराया

Updated at : 11 Apr 2022 12:25 PM (IST)
विज्ञापन
Senior National Hockey Championship: झारखंड की टीम क्वार्टर फाइनल में, जम्मू कश्मीर को 5-0 से हराया

हॉकी झारखंड ने सीनियर नेशनल पुरुष हॉकी चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है. झारखंड ने जम्मू-कश्मीर को 5-0 से हरा दिया है. सबसे ज्यादा दो गोल डेनिस केरकेट्टा ने किये. अनिरुद्ध भेंगरा, मनोहर मुंडू, और बिरसा ओड़िया ने एक-एक गोल किये. क्वार्टर फाइनल में झारखंड का मुकाबला महाराष्ट्र से है.

विज्ञापन

भोपाल में छह अप्रैल से 17 अप्रैल तक आयोजित 12वीं हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष हॉकी चैंपियनशिप 2022 में हॉकी झारखंड ने अपने अंतिम लीग मैच में हॉकी जम्मू-कश्मीर को 5-0 गोल से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया. झारखंड की यह लगातार तीसरी जीत है. आज के मुकाबले में झारखंड टीम ने दूसरे क्वार्टर में दो और तीसरे क्वार्टर में तीन गोल दागे.

डेनिस केरकेट्टा ने किये दो गोल

झारखंड की ओर से डेनिस केरकेट्टा ने 25वें और 38वें मिनट में दो गोल किए, जबकि अनिरुद्ध भेंगरा ने 23वें मिनट में, मनोहर मुंडू ने 37वें मिनट में और बिरसा ओड़िया ने 44वें मिनट में एक-एक गोल किये. इससे पूर्व झारखंड की टीम ने दादरा-नागर हवेली और दामन और लक्ष्यद्विप की टीम और चंडीगढ़ को भी हराया है. झारखंड लगातार अपना तीन मुकाबला जीतकर शानदार तरीके से क्वार्टर फाइनल में पहुंचा है.

Also Read: मणिपुर पर जबर्दस्त जीत दर्ज कर झारखंड 12वीं जूनियर नेशनल महिला हॉकी चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में
झारखंड की टीम

अमनदीप तिग्गा, अभिषेक कुमार साहू, नोएल टोपनो, सुसारन पूर्ति, बिरसा भेंगरा, अलफोंस गुड़िया, बिरसा ओड़िया, डेनिश केरकेट्टा, बीर बोगन सिंह मुंडा, अल्बर्ट डुंगडुंग, अनुरोध भेंगरा, जेन सोरेंग, सुमित बरवा, मनोहर मुंडू, बिलास कांडूलना, सुजीत एक्का, मुकेश किड़ो, विजय खेस. टीम के कोच एलेक्स लकड़ा और मैनेजर मनोज प्रधान हैं.

हॉकी झारखंड के अध्यक्ष ने दी बधाई

झारखंड के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने पर हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि वर्षो बाद झारखंड पुरुष टीम ने सीनियर नेशनल में लीग के सभी मैच जीतकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया है. हमारे खिलाड़ी अच्छा कर रहे हैं. टीम इसी तरह मेहनत करते रहे और इसी लय के साथ क्वार्टर फाइनल में भी हॉकी महाराष्ट्र के साथ खेलकर सेमीफाइनल में जगह बनाये.

Also Read: हॉकी में बदल गया पेनल्टी कार्नर को लेकर नियम, अब ये काम कर सकेंगे खिलाड़ी
हॉकी झारखंड के महासचिव ने दी बधाई

हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह ने बधाई देते हुए कहा कि ओलंपियन माइकल किंडो, सिलबानुस डुंगडुंग, मनोहर टोपनो जैसे महान खिलाड़ियों के जन्म दाता हॉकी के गढ़ सिमडेगा और खूंटी जैसे जिले में बालक हॉकी खिलाड़ियों के लिए संचालित आवासीय हॉकी सेंटर में वर्षो से प्रशिक्षकों ना होने के वावजूद वहां के हमारे खिलाड़ी लगातार खुद से मेहनत कर आगे बढ़ रहे हैं.

बेरोजगार हैं सभी खिलाड़ी

उपाध्यक्ष मनोज कोनबेगी ने कहा कि टीम के 18 में से 6 खिलाड़ी विशेष प्रशिक्षण शिविर को छोड़कर बाकी दिनों अपने घरों में रहकर किसी तरह जहां जगह मिले वहां अभ्यास करते हुए बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं. टीम ने वर्षो बाद क्वार्टर फाइनल में जगह बनायी है, यह बहुत बड़ी उपलब्धि है. सीनियर नेशनल में क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाली संभवतः यह हॉकी झारखंड की पहली टीम है जिसके सभी के सभी खिलाड़ी झारखंड के हैं और सभी बेरोजगार हैं.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola