ePaper

Pahadi Mandir News : पहाड़ी मंदिर की मरम्मत शुरू, बाबा की सेवा करने बेड़ो से पहुंचीं महिला पाहन

Updated at : 08 Jul 2025 1:18 AM (IST)
विज्ञापन
Pahadi Mandir News : पहाड़ी मंदिर की मरम्मत शुरू, बाबा की सेवा करने बेड़ो से पहुंचीं महिला पाहन

रांची पहाड़ी पर स्थित भगवान भोलेनाथ के मुख्य मंदिर की दुर्दशा को लेकर ‘प्रभात खबर’ में छपी खबर का असर हुआ है. सोमवार से ही बाबा मंदिर की मरम्मत का काम शुरू हो गया है.

विज्ञापन

रांची. रांची पहाड़ी पर स्थित भगवान भोलेनाथ के मुख्य मंदिर की दुर्दशा को लेकर ‘प्रभात खबर’ में छपी खबर का असर हुआ है. जिला प्रशासन और पहाड़ी मंदिर विकास समिति हरकत में आ गये हैं. सोमवार से ही बाबा मंदिर की मरम्मत का काम शुरू हो गया है. चूहों के बिलों को बंद किया जा रहा है, साथ ही बाबा मंदिर के गर्भगृह के फर्श की नये सिरे ढलाई की जा रही है. इस काम में बेड़ों की पाहन महिलाएं विशेष श्रमदान करने के लिए पहुंची हैं. सोमवार को ही जिला ग्रामीण विकास एजेंसी (डीआरडीए) के निदेशक सुदर्शन मुर्मू के नेतृत्व में प्रशासन की टीम पहाड़ी मंदिर पहुंची. टीम में सीओ रांची सदर के अलावा पर्यटन विशेषज्ञ रोशन कुमार और डीआरडीए के कनीय अभियंता भी शामिल थे. अधिकारियों की टीम यहां चल रहे मरम्मत कार्य की गुणवत्ता की जांच की, साथ ही मंदिर के क्षतिग्रस्त हिस्सों और पहाड़ी के कुछ हिस्सों का मुआयना भी किया. टीम ने मरम्मत कार्य में जुटे लोगों को कई अहम दिशा-निर्देश दिये है. टीम जल्द ही पहाड़ी मंदिर से जुड़ी अपनी पूरी रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपेगी. गौरतलब है कि छह जुलाई के अंक में प्रभात खबर ने ‘पहाड़ी मंदिर संकट में, नींव हिला रहे चूहे’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी. इसे गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने सात जुलाई से मुख्य मंदिर की मरम्मत का काम शुरू कराया है. इसके लिए मुख्य मंदिर को दो दिन के लिए बंद रखने की सार्वजनिक सूचना भी जारी की गयी थी.

भोलेबाबा जब भी बुलाते हैं, हम पहुंच जाते हैं

बेड़ो की पानीपड़ा गांव की 20-25 पाहन महिलाएं पहाड़ी के मुख्य मंदिर के जीर्णोद्धार में श्रमदान कर रही हैं. ये महिलाएं सुबह ही पहाड़ी पहुंची और काम में जुट गयीं. श्रमदान कर रही महिला पाहन प्रदीपिया उराईन ने कहा- मैं 60 साल से पहाड़ी बाबा की सेवा में हूं. बाबा जब भी हमें बुलाते हैं, हम चले आते हैं.

मुख्य मंदिर के बाहर पूजा कर रहे भक्त

जीर्णोद्धार कार्य की वजह से रांची पहाड़ी स्थित भोलेनाथ का मुख्य मंदिर दो दिनों तक बंद रहेगा. बाबा मंदिर के प्रवेश और निकास द्वार दोनों ही बंद हैं. किसी को मंदिर के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है. इस वजह से सोमवार को पूजा के लिए पहुंचे भक्त मुख्य द्वार के पास ही पूजा कर लौट रहे थे.

पहाड़ी मंदिर को सुरक्षित और संरक्षित करने के लिए लगे हुए

प्रशासनिक अधिकारी पहाड़ी मंदिर को सुरक्षित और संरक्षित करने के लिए लगे हुए हैं. पहाड़ी मंदिर परिसर की मरम्मत के कार्य को देखते हुए दो दिन तक भक्तों के प्रवेश पर रोक लगायी गयी है. तकनीक विशेषज्ञों से भी राय ली गयी है.

– उत्कर्ष कुमार, एसडीओ

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
DUSHYANT KUMAR TIWARI

लेखक के बारे में

By DUSHYANT KUMAR TIWARI

DUSHYANT KUMAR TIWARI is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola