रांची में कार से हो रही थी बकरी चोरी, ग्रामीणों ने दिखायी बहादुरी, सलाखों के पीछे पहुंचे तीनों चोर
Published by : Guru Swarup Mishra Updated At : 07 Sep 2025 9:58 PM
क्षतिग्रस्त कार और गिरफ्त में बकरी चोर
Ranchi Chori News: रांची जिले के नामकुम इलाके में कार से बकरी चोरी की जा रही थी. भनक लगते ही ग्रामीणों ने बहादुरी दिखायी और कार से भाग रहे तीनों चोरों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. हालांकि पुलिस को ग्रामीणों के विरोध का भी सामना करना पड़ा. उन्होंने सड़क जाम कर विरोध दर्ज कराया. पिछले कई दिनों से ग्रामीण बकरी और मवेशी चोरी से परेशान थे, लेकिन पुलिस अंकुश लगाने में विफल थी.
Ranchi Chori News: नामकुम (रांची), राजेश वर्मा- रांची जिले के नामकुम इलाके में पिछले कई दिनों से हो रही बकरी और मवेशी चोरी से लोग परेशान थे. इस बीच रविवार को पलांडू गांव के ग्रामीणों ने बकरी चोरी कर भाग रहे कार सवार तीन चोरों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया. पकड़े गए चोरों में विक्की उर्फ मोहम्मद दिलशाद, अशफ कुरैशी (दोनों कांटाटोली निवासी) एवं गुमला निवासी मोहम्मद राजा शामिल हैं. पुलिस ने कार भी जब्त कर ली है.
ग्रामीणों ने ऐसे तीनों चोरों को पकड़कर पुलिस को सौंपा
ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र से आए दिन बकरी और मवेशियों की चोरी हो रही थी. इसे लेकर ग्रामीण परेशान थे. रविवार की दोपहर कार से तीनों चोर पलांडू गांव पहुंचे एवं एक बकरी को पकड़कर कार में रख दिया. पास में बकरी के मेमने को एक युवक ब्रेड का लालच देकर अपने पास बुलाने लगा. तभी एक बच्चे ने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी. परिजन बाहर निकले तो तीनों कार (जेएच 01एएच7679) से भागने लगे. उन्होंने शोर मचाया एवं अन्य लोगों को मोबाइल से सूचना दी. इसके बाद गोलबंद ग्रामीणों ने सभी मुख्य रास्तों को घेर लिया. पलांडू मडई के पास ग्रामीणों को देख कार चालक ने ग्रामीणों पर कार चढ़ाने का भी प्रयास किया लेकिन ट्रैक्टर लगाकर उन्हें रोका गया. तीनों कार छोड़कर भागने लगे तो खदेड़कर उन्हें पकड़ा गया एवं पुलिस को सौंप दिया. मामले में ललिता केशरियार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है.
ये भी पढ़ें: रामगढ़ के जेसी ज्वेलर्स में अपराधियों का तांडव, तीन लाख रुपए और जेवरात लूटे, दुकानदार घायल
पुलिस को करना पड़ा विरोध का सामना
सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को सौंपने को कहा तो ग्रामीण उग्र हो गए. ग्रामीणों का कहना था कि लगातार हो रही चोरी पर अंकुश लगाने में पुलिस विफल रही. जब ग्रामीणों ने चोरों को पकड़ा तो उन्हें छुड़ाने आई है. विरोध में ग्रामीणों ने रांची-जमशेदपुर मुख्य सड़क पर जाम कर दिया. मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने सभी को समझाकर शांत कराया एवं कार और तीनों चोरों को थाने ले गए.
दिलशाद हाजी का बेटा है विक्की
चोरी के आरोप में गिरफ्तार विक्की उर्फ मोहम्मद दिलशाद हाजी का बेटा बताया जा रहा है. उसके पिता अंजुमन इस्लामिया रांची के कार्यकारिणी सदस्य रह चुके हैं एवं उसकी साली भी पूर्व में गाय चोरी मामले में जेल जा चुकी है. मोहम्मद राजा भी दिलशाद का रिश्तेदार है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Guru Swarup Mishra
मैं गुरुस्वरूप मिश्रा. फिलवक्त डिजिटल मीडिया में कार्यरत. वर्ष 2008 से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पत्रकारिता की शुरुआत. आकाशवाणी रांची में आकस्मिक समाचार वाचक रहा. प्रिंट मीडिया (हिन्दुस्तान और पंचायतनामा) में फील्ड रिपोर्टिंग की. दैनिक भास्कर के लिए फ्रीलांसिंग. पत्रकारिता में डेढ़ दशक से अधिक का अनुभव. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एमए. 2020 और 2022 में लाडली मीडिया अवार्ड.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










