Palamu: कोयल नदी के बालू में दफन था युवक का शव, हत्या की आशंका

Updated:
विज्ञापन

पलामू के ऊंटारी रोड थाने की फाइल फोटो.

पलामू के उंटारी रोड थाना क्षेत्र में कोयल नदी के बालू में दफन एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. परिजनों को हत्या की आशंका है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

विज्ञापन

Palamu: पलामू जिले के उंटारी रोड थाना क्षेत्र में एक युवक का शव कोयल नदी के बालू में दफन अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान लुंबा सतबहिनी पंचायत के शेखडीहा गांव निवासी 25 वर्षीय सचिन साव के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है. प्रारंभिक परिस्थितियों को देखते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही है.

आपके शहर में

विज्ञापन

मंगलवार रात से घर से था लापता

परिजनों के अनुसार सचिन साव मंगलवार रात घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा. काफी इंतजार के बाद परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की. रिश्तेदारों और ग्रामीणों की मदद से आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका. युवक के अचानक लापता होने से परिवार पहले से ही चिंतित था.

बालू के नीचे दिखे कपड़े, बढ़ा शक

तलाश के दौरान मृतक के परिजन और गांव के कुछ युवक कोयल नदी के किनारे पहुंचे. वहां बालू के ढेर के नीचे कुछ कपड़े दिखाई दिए, जिससे उन्हें अनहोनी की आशंका हुई. इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत उंटारी थाना पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को अपने कब्जे में ले लिया.

दंडाधिकारी की मौजूदगी में निकाला गया शव

पुलिस ने जिले से नियुक्त दंडाधिकारी एवं उंटारी अंचल अधिकारी (सीओ) बासुदेव राय की मौजूदगी में ग्रामीणों की मदद से बालू हटाने का काम शुरू कराया. काफी मशक्कत के बाद बालू के नीचे बने गड्ढे से युवक का शव बरामद किया गया. शव की पहचान शेखडीहा गांव निवासी सचिन साव के रूप में हुई. शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.

हत्या की आशंका, पुलिस जुटी जांच में

घटना की परिस्थितियां हत्या की ओर इशारा कर रही हैं, क्योंकि शव को बालू में दफनाने का प्रयास किया गया था. हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.

इसे भी पढ़ें: हजारीबाग के बानादाग रेलवे साइडिंग में मालगाड़ी से अज्ञात शव बरामद, छपरा से आई थी गाड़ी

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

उंटारी रोड थाना प्रभारी संतोष गिरी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा. साथ ही मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव को नदी किनारे बालू में किसने दफनाया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

इसे भी पढ़ें: सरफेसी मामलों में देरी पर हाईकोर्ट सख्त, डीसी और सीजेएम को तय समय में आवेदन निपटाने का आदेश


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola