हजारीबाग के बानादाग रेलवे साइडिंग में मालगाड़ी से अज्ञात शव बरामद, छपरा से आई थी गाड़ी

Updated:
विज्ञापन

कटकमदाग थाने की पीसीआर वैन.

हजारीबाग के बानादाग रेलवे साइडिंग में एक मालवाहक ट्रेन के वैगन से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई. छपरा से आई इस ट्रेन की सुरक्षा जांच के दौरान यह खुलासा हुआ.

विज्ञापन

हजारीबाग से जयनारायण की रिपोर्ट

Hazaribagh Banadag Railway: झारखंड में हजारीबाग जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र स्थित बानादाग रेलवे साइडिंग में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक मालवाहक ट्रेन के वैगन से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया. शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पहुंचीं और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी.

आपके शहर में

विज्ञापन

सुरक्षा जांच के दौरान हुआ खुलासा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नियमित सुरक्षा जांच के दौरान रेलवे साइडिंग में तैनात कर्मचारियों की नजर मालगाड़ी के एक वैगन में पड़े संदिग्ध बोरे पर पड़ी. जब कर्मचारियों ने बोरे की जांच की, तो उसके अंदर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला. यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई.

छपरा से आई थी मालवाहक ट्रेन

बताया जा रहा है कि संबंधित मालवाहक ट्रेन बिहार के छपरा से बानादाग रेलवे साइडिंग पहुंची थी. शुरुआती जानकारी के मुताबिक ट्रेन बुधवार देर शाम यहां पहुंची थी. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि शव ट्रेन में कब और किस स्थान पर रखा गया. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि शव ट्रेन में छपरा से ही मौजूद था या रास्ते में किसी स्टेशन पर रखा गया.

मौके पर पहुंचीं कई एजेंसियां

घटना की सूचना मिलते ही कटकमदाग थाना पुलिस, रेलवे पुलिस (जीआरपी), सीआईएसएफ और एनटीपीसी के अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की. आसपास के कर्मचारियों और संबंधित लोगों से भी पूछताछ की जा रही है.

शव की पहचान कराने का प्रयास

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है. शव की पहचान के लिए आसपास के थानों को सूचना भेजी जा रही है. साथ ही लापता व्यक्तियों के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि मृतक की पहचान हो सके और घटना की असली वजह सामने आ सके.

इसे भी पढ़ें: रामगढ़ के स्ट्रीट वेंडर्स को मिलेगा स्थायी ठिकाना, नगर विक्रेता समिति की बैठक में कई अहम फैसले

हर पहलू की जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस इस मामले को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है. यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि व्यक्ति की मौत कैसे हुई, शव को बोरे में भरकर मालगाड़ी तक कौन लाया और इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश तो नहीं है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी.

इसे भी पढ़ें: जेल में घुसा सांप और डकैत को लिया डंस, अस्पताल में हो रहा इलाज


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola