झारखंड: कुड़मी समाज के 20 सितंबर से रेल चक्का जाम को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, धारा 144 लागू
Published by : Guru Swarup Mishra Updated At : 19 Sep 2023 8:09 PM
कुड़मी समाज के 20 सितंबर से रेल टेका (रेल चक्का जाम) आंदोलन के दौरान विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने को लेकर रांची के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी राहुल कुमार सिन्हा एवं एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने संयुक्तादेश जारी किया. रांची सदर के अनुमंडल दंडाधिकारी ने धारा 144 लागू कर दी है.
रांची: एसटी का दर्जा देने समेत अन्य मांगों को लेकर कुड़मी समाज 20 सितंबर से रेल चक्का जाम करेगा. इनके आंदोलन को देखते हुए विधि व्यवस्था बनाए रखने को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. कुड़मी विकास मोर्चा के 20 सितंबर से अनिश्चित काल के लिए रेल टेका (रेल चक्का जाम) आंदोलन के दौरान विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने को लेकर रांची के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी राहुल कुमार सिन्हा एवं एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने मंगलवार को संयुक्तादेश जारी किया. इधर, रांची सदर के अनुमंडल दंडाधिकारी द्वारा अगले आदेश तक धारा 144 रांची के संपूर्ण सिल्ली अंचल क्षेत्र में लागू कर दी गयी है. रांची के मुरी रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं. पुलिस पदाधिकारियों व दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है. इसका जायजा लेने रांची के ग्रामीण एसपी व डीएसपी मौके पर पहुंचे.
कुड़मी आंदोलन को लेकर दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त
कुड़मी आंदोलन के दौरान मुरी रेलवे स्टेशन, गोमो रेलवे स्टेशन, नीमडीह रेलवे स्टेशन, घाघरा रेलवे स्टेशन समेत ओडिशा एवं पश्चिम बंगाल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों में रेल टेका आंदोलन किया जाएगा. मुरी रेलवे स्टेशन (रांची) में अनिश्चितकालीन धरना दिए जाने एवं इस आंदोलन में विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की सूचना है. इसके लिए एक दिन पहले से ही अपने-अपने क्षेत्रों से धरनास्थल पर पहुंचने के लिए प्रस्थान करने की जानकारी मिली है. इसे देखते हुए रांची के सदर अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गयी है.
पुलिस पदाधिकारियों की भी प्रतिनियुक्ति
कुड़मी आंदोलन को देखते हुए विधि व्यवस्था बनाए रखने को लेकर सिंहपुर चौक, झारखंड मोड़, झारखंड-बंगाल सीमा, बरजो पुल के पास, यूनियन बैंक के पास बड़ा मुरी, रेलवे हॉस्पिटल के पास, धरनास्थल, मुरी रेलवे स्टेशन, सिल्ली थाना के सामने सहित अन्य आवश्यक स्थानों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं बलों की प्रतिनियुक्ति की गयी है. ये प्रतिनियुक्ति मंगलवार शाम से रेल टेका आंदोलन की शांतिपूर्ण समाप्ति तक प्रभावी रहेगी.
Also Read: VIDEO: टाइगर जयराम महतो ने रांची में भरी हुंकार, 2024 में झारखंड में होगा बदलाव
सघन गश्ती व वीडियोग्राफी का निर्देश
रांची के डीसी व एसएसपी द्वारा जारी संयुक्तादेश में सभी थानों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सघन गश्ती करने को कहा गया है. इस दौरान वीडियोग्राफी व ट्रैफिक को लेकर पदाधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिया गया है. विधि-व्यवस्था का संपूर्ण प्रभार रांची के सदर अनुमंडल पदाधिकारी एवं रांची के ग्रामीण पुलिस अधीक्षक को दिया गया है. आवश्यकतानुसार अपने स्तर से अतिरिक्त प्रतिनियुक्ति करते हुए विधि-व्यवस्था को लेकर सभी आवश्यक प्रबंध करने का निर्देश दिया गया है.
सिल्ली के बीडीओ, सीओ व डीएसपी को निर्देश
रांची जिले के सिल्ली के प्रखंड विकास पदाधिकारी, सिल्ली के अंचल अधिकारी एवं सिल्ली के पुलिस उपाधीक्षक को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए भ्रमणशील रहकर पूरे क्षेत्र में विधि व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया गया है. रांची जिले के सभी संबंधित थाना प्रभारियों को रेल चक्का जाम को देखते हुए अपने-अपने क्षेत्र के वैसे स्थानों को चिन्हित करने का आदेश दिया गया है, जहां धरना-प्रदर्शन कर व्यवस्था को प्रभावित किया जा सकता है. ऐसी जगहों पर पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति का आदेश दिया गया है. रांची के अग्निशमन पदाधिकारी को मुरी रेलवे स्टेशन, धरनास्थल, मुरी ओपी, सिल्ली थाना एवं सिल्ली रेलवे स्टेशन के पास अग्निशमन वाहन कर्मियों सहित प्रतिनियुक्ति करने का आदेश दिया गया है. रांची के सिविल सर्जन डॉक्टरों की टीम, आवश्यक उपकरण एवं जीवन रक्षक दवाओं के साथ एक-एक एंबुलेंस प्रतिनियुक्त करने को कहा गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Guru Swarup Mishra
मैं गुरुस्वरूप मिश्रा. फिलवक्त डिजिटल मीडिया में कार्यरत. वर्ष 2008 से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पत्रकारिता की शुरुआत. आकाशवाणी रांची में आकस्मिक समाचार वाचक रहा. प्रिंट मीडिया (हिन्दुस्तान और पंचायतनामा) में फील्ड रिपोर्टिंग की. दैनिक भास्कर के लिए फ्रीलांसिंग. पत्रकारिता में डेढ़ दशक से अधिक का अनुभव. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एमए. 2020 और 2022 में लाडली मीडिया अवार्ड.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










