खेलो इंडिया: छत्तीसगढ़ में स्वर्ण विजेता खिलाड़ियों को दो लाख तो झारखंड में 40 हजार, देश में सबसे कम

खेलो इंडियो में झारखंड के खिलाड़ियों को स्वर्ण पदक जीतने पर 40 हजार मिलता है, जबकि छत्तीसगढ़ समेत तमाम सभी राज्यों में पुरस्कार राशि ज्यादा है. छत्तीसगढ़ में 2 लाख तो हरियाणा में 1 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिलती है.
रांची : झारखंड में नयी खेल नीति लागू हो गयी है, लेकिन खिलाड़ियों को इससे फायदा नहीं हो रहा है. खेलो इंडिया के स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों को नयी नीति के अनुसार केवल 40 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जायेगी. वहीं दूसरी ओर छत्तीसगढ़ में स्वर्ण विजेता को दो लाख और हरियाणा अपने खिलाड़ियों को इसी कैटेगरी में एक लाख रुपये का पुरस्कार मिल रहा है.
खेल नीति के अनुसार खिलाड़ियों (40 हजार) से अधिक पुरस्कार राशि उनके कोच को (50 हजार) दी जानी है. इसके अलावा झारखंड में पुरस्कार की राशि देने में भी देरी की जाती है. इससे खिलाड़ियों को नुकसान होता है और उनका मनोबल गिरता है.
खेलो इंडिया यूथ गेम्स में झारखंड के खिलाड़ियों ने इस बार सात स्वर्ण सहित 12 पदक अपने नाम किये हैं. दूसरी ओर पुरस्कार राशि की बात करें, तो यहां के खिलाड़ियों को सबसे कम पुरस्कार राशि मिलेगी. हरियाणा और हिमाचल प्रदेश भी अपने खिलाड़ियों को अधिक पैसे देते हैं. झारखंड में कांस्य पदक विजेता खिलाड़ी को मात्र 15 हजार रुपये पुरस्कार राशि देने का प्रावधान है, जबकि छत्तीसगढ़ में कांस्य पदक विजेता को एक लाख रुपये का पुरस्कार दिया जायेगा.
दूसरे राज्यों में जहां समय से पुरस्कार राशि दी जाती है और साथ में रोजगार के अवसर दिये जाते हैं, वहीं झारखंड में उलटा मामला है. यहां पर एक साल से खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि पेंडिंग है और खिलाड़ियों को इसके लिए चक्कर लगाना पड़ता है. एथलेटिक्स के रामचंद्र सांगा ने पिछले वर्ष खेलो इंडिया में स्वर्ण पदक जीता था, लेकिन अभी तक उसे पुरस्कार राशि नहीं मिली है.
छत्तीसगढ़
स्वर्ण दो लाख
रजत 1.5 लाख
कांस्य एक लाख
हिमाचल प्रदेश
स्वर्ण एक लाख
रजत 70 हजार
कांस्य 40 हजार
हरियाणा
स्वर्ण एक लाख
रजत 60 हजार
कांस्य 40 हजार
झारखंड
स्वर्ण 40 हजार
रजत 30 हजार
कांस्य 15 हजार
Posted By: Sameer Oraon
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










