JSSC CGL परीक्षा रद्द, TDPL के जरिए हुई सभी भर्तियां भी कैंसल, हेमंत सोरेन सरकार ने मानी छात्रों की मांग
पत्रकारों को कैबिनेट में लिए गए फैसलों की जानकारी देते सीएम हेमंत सोरेन
रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हो गई है. बैठक में JSSC CGL परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया है. मुख्यमंत्री ने इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी है.
रांची: रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में चल रही कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक समाप्त हो गई है. बैठक के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मीडिया से रूबरू हुए और कैबिनेट बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णयों की आधिकारिक जानकारी साझा की. जानकारी के मुताबिक, लंबे समय से JSSC CGL रद्द करने को लेकर आंदोलन कर रहे (कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल) छात्रों को बड़ी खुशखबरी मिली है. इसके मुताबिक जेएसएससी सीजीएल की परीक्षा रद्द कर दिया गया है. कैबिनेट से सहमति मिलने के बाद ये फैसला लिया गया है. इस फैसले की चर्चा हर जगह जोरों पर है.
टीडीपीएल द्वारा ली गई सभी परीक्षाएं रद्द
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए यह भी जानकारी दी कि सिर्फ सीजीएल परीक्षा ही नहीं बल्कि टीडीपीएल एजेंसी द्वारा ली गई सभी परीक्षाएं रद्द होंगी. भले ही उसकी चयन प्रक्रिया पूरी ही क्यों न हो हो गई हो. साथ सीजीएल परीक्षा में हुई गड़बड़ी की जांच होंगी. प्रेस वार्ता में सीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री ने कहा कि जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलन कर रहे युवा अलग-अलग खेमों में बंटे नहीं हैं, वे सभी हमारे राज्य के नौजवान हैं और सरकार हमेशा उनके हितों के साथ खड़ी है. मैं खुद हमेशा छात्र के हित के पक्ष में रहा हूं.
ये भी पढ़ें: JPSC Student Protest: CID की बड़ी कार्रवाई, पूर्व सदस्य अजीता भट्टाचार्य के PA ब्रज कुमार राम गिरफ्तार
पूर्ववर्ती सरकारों पर भी मढ़ा दोष
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भर्ती परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों पर भी बात की. उन्होंने कहा कहा कि यदि पूर्व में निर्धारित एसओपी (Standard Operating Procedure) का पूरी सख्ती से पालन किया जाता, तो ऐसी खामियां सामने नहीं आतीं. उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने परीक्षाओं में धांधली रोकने के लिए सबसे पहले कड़ा कानून बनाया है और अब परीक्षा प्रक्रिया में कई नए सुधार (Reforms) करने जा रही है ताकि पूरी पारदर्शिता बरती जा सके.
परीक्षा में सुधारों के लिए होगा उच्चस्तरीय कमेटी का गठन
सीएम हेमंत सोरेन ने परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने के लिए अपना प्लान भी बताया. उन्होंने कहा कि जेएसएससी और जेपीएसएसी में सुधार के लिए वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अमिताभ कौशल के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय कमेटी का गठन किया जाएगा. ये कमेटी प्रतियोगी परीक्षाओं के आयोजन, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने और आवश्यक परीक्षा सुधारों (Exam Reforms) के लिए अपनी सिफारिशें और दिशा-निर्देश तैयार करेगी. मुख्यमंत्री ने अंत में दोहराया कि उनकी सरकार युवाओं के भविष्य के खिलवाड़ को रोकने और उनके भरोसे को कायम रखने के लिए प्रतिबद्ध है.
ये भी पढ़ें: JSSC CGL रद्द हुई तो चली जाएगी नौकरी? 2 हजार कर्मचारियों को सता रहा डर, प्रोजेक्ट भवन के बाहर बनाई मानव श्रृंखला
2014 से हुई हो रही नियुक्तियों की गड़बड़ी की भी जांच होगी
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की कैबिनेट ने केवल जेएसएससी सीजीएल परीक्षा और टीडीपीएल द्वारा ली गई परीक्षा को केवल रद्द करने की बात नहीं की है. उन्होंने यहां तक घोषणा कर दी है कि 2014 से हुई सभी छोटी-बड़ी नियुक्तियों की गड़बड़ियों की व्यापक जांच की जाएगी. इसके अलावा उन्होंने केंद्र द्वारा पारित MMDR बिल को लेकर के भी अपना और सरकार का पक्ष रखा. उन्होंने कहा कि हम केंद्र सरकार द्वारा MMDR एक्ट में किए गए बदलावों पर चर्चा करने के लिए जल्द ही बैठक करने वाले हैं. ज़रूरत पड़ने पर, हम इस खास मुद्दे पर विचार-विमर्श के लिए विशेष सत्र भी बुला सकते हैं."
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By समीर उरांव
इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









