JPSC Scam: स्टूडेंट्स ने बनाई 11 लोगों की लिस्ट, प्रशासन बोला- 'सिर्फ छात्रों से होगी बात', राहुल गांधी ने किया फोन

Updated:
विज्ञापन

आंदोलन में बैठे छात्र

रांची में जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में गड़बड़ी के खिलाफ छात्र आंदोलन जारी है. छात्रों ने सरकार से वार्ता के लिए 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की सूची जारी की है. इस बीच, राहुल गांधी ने भी आंदोलनरत छात्रों से फोन पर बात की.

विज्ञापन

JPSC JSSC Scam, रांची : जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में गड़बड़ी के खिलाफ चल रहा छात्र आंदोलन गुरुवार को भी जारी रहा. दोपहर के बाद छात्रों ने सरकार से वातां के लिए 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की सूची जारी की. इसमें आठ छात्र, एक वकील और दो मीडिया प्रतिनिधि शामिल हैं. प्रतिनिधिमंडल की सूची एसडीओ को सौंपी गयी है. वहीं, इससे पहले प्रदर्शन स्थल पर दिनभर सरकार से वार्ता को लेकर चर्चा होती रही. देर शाम तक प्रशासन की ओर से छात्रों को वातों के लिए आमंत्रित नहीं किया गया था. प्रशासन ने छात्रों से वार्ता के लिए पांच लोगों ने नाम ही मांग थे. जिला प्रशासन ने इस मामले में कहा है कि बातचीत सिर्फ छात्रों से ही होगी. प्रतिनिधिमंडल में छात्र प्रतिनिधि के तौर पर पीयूष कुमार सिंह, रवींद्र पासवान, राजेश प्रसाद, नीतू कुजूर, कार्तिक सोरेन, रवींद्र कुमार रवि, अंकित कुमार और शालू सिंह शामिल किये गये हैं. वहीं, पत्रकार प्रतिनिधि के रूप में शंभूनाथ चौधरी और विकास वर्मा के साथ कानूनविद पूर्व महाधिवक्ता अजीत कुमार शामिल हैं. परीक्षा इन सबके बीच जेपीएससी-जेएसएससी गड़बड़ी पर सदन में राज्य सरकार के विभिन्न मंत्रियों ने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार का रुख गंभीर है. गड़बड़ी की शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई की गयी, केवल सरकार को दोष देने से समाधान नहीं निकलेगा. मंत्रीगण ने कहा कि प्रतियोगिता परीक्षा में चुने गये योग्य अभ्यर्थियों को कोई नुकसान नहीं होगा. इधर, झारखंड में चल रहे छात्र आंदोलन के बीच लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी का बड़ा बयान आया है. कांग्रेस के आला नेता राहुल गांधी ने वीडियो संदेश जारी कर कहा है कि झारखंड के छात्र अपने हक के लिए विरोध कर रहे हैं. कृपया उनका समर्थन करें. यह विरोध-प्रदर्शन देश भर में हो रहा है. गुरुवार को राहुल गांधी ने फोन पर आंदोलन कर रहे छात्रों में से पीयूष और रविंद्र से बात भी की.

क्या कहते हैं हेमंत कैबिनेट में मंत्री

सीएम ने मंत्रियों की समिति बनायी है

सीएम हेमंत सोरेन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए मंत्रियों की समिति बनायी है. शिकायतें मिलते ही सरकार ने सीआईडी जांच, छापेमारी और गिरफ्तारियां शुरू कर दी थी भाजपा तो कार्रवाई शुरू होने के बाद केवल राजनीति करने सामने आयी है.

सुदिव्य कुमार, नगर विकास मंत्री

ये भी पढ़ें: बिना एफआईआर ट्रक जब्त करने पर हाईकोर्ट सख्त, तत्काल छोड़ने और 50 हजार रुपये मुआवजा देने का आदेश

पेपर लीक पूरे देश के लिए गंभीर चुनौती

पेपर लीक केवल झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश की गंभीर चुनौती बन चुका है. देशभर में फैला संगठित परीक्षा माफिया का नेटवर्क प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर हमला कर रहा है. सरकार को दोष देने से समाधान नहीं निकलेगा.

चमरा लिंडा, कल्याण मंत्री

बातचीत कर समाधान निकालेंगे

सरकार युवाओं की समस्याओं को लेकर गभीर है. चार मंत्रियों की समिति बनायी जा चुकी है, जो छात्रों के प्रतिनिधिमंडल से बात कर समाधान निकालेगी. मामले में सरकार ने तत्काल एक्शन लेते हुए चेयरमैन का इस्तीफा लिया है और 12 लोग जेल में है.

इरफान अंसारी, स्वास्थ्य मंत्री

दोषी लोग छोड़े नहीं जायेंगे

सरकार आदोलनरत छात्रों के साथ वार्ता कर समाधान निकालने का प्रयास कर रही है. ऐसा नही है कि सभी नियुक्तियां गलत हुई है. जिन अभ्यर्थियों ने योग्यता से सफलता पायी है, उनके हितों की रक्षा होगी. गड़बड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जायेगा.

दीपिका पांडेय सिंह, ग्रामीण विकास मंत्री

छात्रों की प्रमुख मांगें

  1. टीडीपीएल की ओर से आयोजित जेपीएससी की सभी परीक्षाएं तत्काल रद्द हों, जिनमें 14वीं जेपीएससी, जेपीएससी बैकलॉग 2023 और एफआर ओ आदि परीक्षाएं शामिल हैं.
  2. जिन परीक्षाओं में अभय तिवारी सफल, नियुक्त या संलिप्त रहे हैं, उन सभी परीक्षाओं को रद्द किया जाए. जिनमें जेएसएससी सीजीएल और झारखंड पीजीटी भर्ती 2025 आदि शामिल हैं.
  3. पूरे मामले की सीबीआइ और इडी से जांच करायी जाये और दोषियों पर कड़ी कारवाई की जाये.
  4. परीक्षाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही के लिए कठोर कानून बने

वार्ता को लेकर नहीं हुई कोई चर्चा

देर शाम आंदोलन स्थल पर छात्रों से मिलने के लिए रांची सदर एसडीओ कुमार रजत और एडीएम लॉ एंड ऑर्डर धनंजय कुमार पहुंचे और प्रदर्शन पर बैठे छात्रों का हाल जाना. उन्होंने कहा कि अभी वार्ता को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई. अभी डेलिगेशन की फाइनल लिस्ट नहीं मिली है. दूसरी तरफ छात्रों का कहना है कि डेलिगेशन लिस्ट भेजी जा चुकी है.

राहुल गांधी ने जाना छात्रों का हाल

राहुल गांधी ने गुरुवार को आंदोलनस्थल पर छात्र पीयूष और रविंद्र से कांग्रेस नेता कुमार राजा के फोन पर बात की और उनकी मांगें जानीं. उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था बदलने के लिए एक्शन लेना चाहिए, चाहे कांग्रेस, केंद्र या झारखंड की सरकार हो. इसके अलावा कांग्रेस केंद्रीय नेतृत्व ने झारखंड के छात्र आंदोलन की जानकारी ली.

ये भी पढ़ें: सरायकेला में 22 लाख के तीन इनामी नक्सली गिरफ्तार, पुलिस की बड़ी कामयाबी


विज्ञापन
समीर उरांव

लेखक के बारे में

By समीर उरांव

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola