सरायकेला में 22 लाख के तीन इनामी नक्सली गिरफ्तार, पुलिस की बड़ी कामयाबी

विज्ञापन

सरायकेला पुलिस की गिरफ्त में तीनों नक्सली.

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में पुलिस ने नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी कामयाबी हासिल की है. 22 लाख रुपये के तीन इनामी हार्डकोर नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है. इस गिरफ्तारी से नक्सली नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है.

विज्ञापन


विज्ञापन

Naxalite Arrest: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. संयुक्त अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 22 लाख रुपये के तीन इनामी हार्डकोर नक्सलियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार नक्सलियों में पांच लाख रुपये का इनामी सागर सिंह सरदार उर्फ बिरेन उर्फ रवि, 15 लाख रुपये का इनामी मदन महतो और दो लाख रुपये की इनामी महिला नक्सली मीना पहाड़िया शामिल हैं. पुलिस का दावा है कि इन गिरफ्तारियों से जिले में सक्रिय नक्सली नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है.

गुप्त सूचना के आधार पर चला विशेष अभियान

इस कार्रवाई की जानकारी पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी और एसएसबी कमांडेंट पवन कुमार सिंह ने संयुक्त प्रेस वार्ता में दी. उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ नक्सली कांड्रा और चौका थाना क्षेत्र के जंगलों के रास्ते आवाजाही करने वाले हैं. सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. इसके बाद पुलिस और सुरक्षा बलों ने रणनीति के तहत जंगलों और आसपास के संभावित मार्गों की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू किया. अभियान के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई.

उदयपुर गांव से सागर सिंह सरदार गिरफ्तार

सर्च अभियान के दौरान कांड्रा थाना क्षेत्र के उदयपुर गांव में घेराबंदी कर पांच लाख रुपये के इनामी हार्डकोर नक्सली सागर सिंह सरदार उर्फ बिरेन उर्फ रवि को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ के दौरान सागर ने अपने अन्य साथियों के ठिकानों की जानकारी पुलिस को दी. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा इलाके में छापेमारी की, जहां से 15 लाख रुपये के इनामी नक्सली मदन महतो और दो लाख रुपये की इनामी महिला नक्सली मीना पहाड़िया को गिरफ्तार कर लिया गया.

लंबे समय से थे सुरक्षा एजेंसियों के निशाने पर

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तीनों नक्सली लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर थे और कई नक्सली गतिविधियों में उनकी संलिप्तता की जांच की जा रही थी. इन पर राज्य सरकार की ओर से कुल 22 लाख रुपये का इनाम घोषित था. पुलिस अब इनसे पूछताछ कर इनके नेटवर्क, सहयोगियों और हाल की गतिविधियों से जुड़ी जानकारी जुटा रही है. अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ से नक्सली संगठन की गतिविधियों और उनके शेष कैडरों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है.

एसपी बोले, जल्द नक्सल मुक्त होगा जिला

पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने इसे जिला पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि बताया. उन्होंने कहा कि लगातार चल रहे नक्सल विरोधी अभियानों का सकारात्मक परिणाम सामने आ रहा है. अब जिले में सक्रिय नक्सलियों की संख्या काफी कम रह गई है. एसपी ने दावा किया कि वर्तमान में जिले में आधा दर्जन के करीब नक्सली ही सक्रिय बचे हैं. पुलिस और सुरक्षा बल लगातार अभियान चला रहे हैं और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा. उन्होंने विश्वास जताया कि सरायकेला-खरसावां जिला निकट भविष्य में पूरी तरह नक्सल मुक्त घोषित किया जा सकेगा.

इसे भी पढ़ें: लोहरदगा में शुभम साहू के परिजनों से मिले पूर्व सांसद धीरज साहू, दोषियों को कड़ी सजा दिलाने का दिया भरोसा

नक्सलियों के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी रहेगा

उन्होंने कहा कि पुलिस का अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और जिले में शांति, सुरक्षा तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हरसंभव कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके.

इसे भी पढ़ें: JPSC Student Protest: सरकार से वार्ता के लिए छात्रों ने बनाई 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की टीम, सार्वजनिक बातचीत पर अड़े


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola