ePaper

मनरेगा की योजनाएं समय पर पूरी हों और धरातल पर भी दिखें, झारखंड के ग्रामीण विकास सचिव ने अफसरों को दिए निर्देश

Updated at : 19 Jun 2024 5:04 PM (IST)
विज्ञापन
योजनाओं की समीक्षा करते ग्रामीण विकास सचिव व मनरेगा आयुक्त

योजनाओं की समीक्षा करते ग्रामीण विकास सचिव व मनरेगा आयुक्त

झारखंड के ग्रामीण विकास सचिव के श्रीनिवासन ने सभी जिलों के डीडीसी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए योजनाओं की समीक्षा की. ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं के सफल क्रियान्वयन को लेकर उन्होंने कहा कि लंबित योजनाओं की कार्ययोजना बनाकर समय से पूरा कराएं

विज्ञापन

रांची: झारखंड के ग्रामीण विकास सचिव के श्रीनिवासन ने कहा है कि मनरेगा कोई योजना नहीं, बल्कि यह ग्रामीणों के लिए रोजगार का सृजन का सशक्त माध्यम है. कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारना ही हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए. उन्होंने सभी उपविकास आयुक्तों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि मनरेगा से जुड़ी योजनाओं की पूरी तरह से निगरानी की जाए, ताकि वह धरातल पर दिखाई दे. इसके लिए विशेष ख्याल रखें कि योजनाएं तय समय सीमा में पूरी हों. वे बुधवार को ग्रामीण विकास विभाग सभागार में ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा कर रहे थे.

दूसरी किस्त की राशि करें जारी
ग्रामीण विकास सचिव को समीक्षा के दौरान जानकारी दी गयी कि अबुआ आवास योजना के तहत पहले चरण में स्वीकृत 2 लाख आवास निर्माण को लेकर पहली किस्त की राशि जारी कर दी गयी है. उन्होंने आवास निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और इसमें तेजी लाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि लाभुकों की चयन प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जाये. जिन्हें अबुआ आवास आवंटित हो चुका है और उनके पहला चरण का कार्य संतोषजनक है, तो उन्हें दूसरी किस्त की राशि जारी करें.

अबुआ आवास योजना से शौचालय निर्माण को जोड़ें
के श्रीनिवासन ने कहा कि अबुआ आवास योजना से स्वच्छ भारत मिशन के शौचालय निर्माण योजना को जोड़ें. स्वीकृत अबुआ आवास योजना के साथ शौचालय निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू हो. उन्होंने अमृत सरोवर योजना के अंतर्गत 75 तालाबों के जीर्णोद्धार/निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए इसे समय से पूरा कराने का निर्देश दिया. इसके अतिरिक्त जलछाजन योजना की भी समीक्षा की गयी.

बिरसा हरित ग्राम योजना की समीक्षा
ग्रामीण विकास सचिव ने बिरसा हरित ग्राम योजना की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि बिरसा सिंचाई कूप संवर्धन योजना अंतर्गत जिलों में शत प्रतिशत कार्य स्वीकृत किये जाएं. उन्होंने कहा कि बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत पौधे लगाने के साथ उसके रख-रखाव एवं संरक्षण की भी पूरी व्यवस्था हो. बिरसा सिंचाई कूप संवर्धन योजना के तहत इस वर्ष नवंबर के पहले तक एक लाख कुओं का निर्माण पूरा करें.

वीर शहीद पोटो हो खेल विकास योजना की समीक्षा
मनरेगा आयुक्त राजेश्वरी बी ने वीर शहीद पोटो हो खेल विकास योजना की पूर्णता में तेजी लाने का निर्देश दिया. उन्होंने निर्धारित समय सीमा में स्थानीय श्रमिकों द्वारा निर्माण कार्य कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जेएसएलपीएस से जुड़ी सखी मंडलों और उससे संबंधित महिलाओं को सक्रिय कर बिरसा हरित ग्राम योजना से जोड़ें.

मनरेगा आयुक्त ने जतायी नाराजगी
मनरेगा आयुक्त ने ABPS (आधार बेस्ड पेमेंट) में संतोषजनक प्रगति नहीं होने पर नाराजगी जतायी और कहा कि तय लक्ष्य के अनुसार सुधार लाया जाए. उन्होंने कहा कि मनरेगा से जुड़े पूर्व के पूर्ण आवासों के लिए मस्टर रोल जारी किया जाए, ताकि आवास निर्माण के क्रम मे ज्यादा से ज्यादा मानव दिवस का सृजन किया जा सके. इस बैठक में संयुक्त सचिव ग्रामीण विकास विभाग जितेंद्र कुमार देव सहित सभी जिलों के उपविकास आयुक्त और अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे.

Also Read: झारखंड: सीएम चंपाई सोरेन बोले, अबुआ आवास योजना में लापरवाही बरतने पर होगी कार्रवाई, हर ब्लॉक में होगा सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस

विज्ञापन
Guru Swarup Mishra

लेखक के बारे में

By Guru Swarup Mishra

मैं गुरुस्वरूप मिश्रा. फिलवक्त डिजिटल मीडिया में कार्यरत. वर्ष 2008 से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पत्रकारिता की शुरुआत. आकाशवाणी रांची में आकस्मिक समाचार वाचक रहा. प्रिंट मीडिया (हिन्दुस्तान और पंचायतनामा) में फील्ड रिपोर्टिंग की. दैनिक भास्कर के लिए फ्रीलांसिंग. पत्रकारिता में डेढ़ दशक से अधिक का अनुभव. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एमए. 2020 और 2022 में लाडली मीडिया अवार्ड.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola