Jharkhand News: झारखंड की दुष्कर्म पीड़िता का हाल जानने गुजरात पहुंचीं मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, सौंपा चार लाख का चेक
Published by : Guru Swarup Mishra Updated At : 18 Dec 2024 10:32 PM
पत्रकारों को मामले की जानकारी देतीं मंत्री दीपिका पांडेय सिंह
Jharkhand News: मंत्री दीपिका पांडेय सिंह झारखंड की दुष्कर्म पीड़िता का हाल जानने गुजरात के वडोदरा गयीं. उन्होंने परिजन से पूरे मामले की जानकारी ली और चार लाख रुपए का चेक सौंपा.
Jharkhand News: रांची-ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के नेतृत्व में तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड की दुष्कर्म पीड़िता (नाबालिग) से गुजरात के वडोदरा में मुलाकात की और उसका हाल जाना. मंत्री के साथ गयी टीम ने पीड़िता की आर्थिक मदद करते हुए परिजन को चार लाख रुपए का चेक सौंपा.
गुजरात सरकार से आरोपी को कड़ी सजा दिलाने की मांग
झारखंड की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के साथ आईजी सुमन गुप्ता और समाज कल्याण विभाग की निदेशक किरण पासी पीड़िता का हाल जानने गुजरात गयी थीं. प्रतिनिधिमंडल ने गुजरात सरकार से दुष्कर्म के आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की.
सीएम हेमंत सोरेन ने टीम को भेजा गुजरात
गुजरात के भरूच स्थित झघड़िया जीआईडीसी क्षेत्र में झारखंड की नाबालिग से पिछले दिनों दुष्कर्म हुआ था. इसके बाद पीड़िता का इलाज अंकलेश्वर अस्पताल से भरूच सिविल और फिर वडोदरा के एसएसजी अस्पताल में कराया जा रहा है. इस मामले की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के नेतृत्व में टीम को वडोदरा भेजा.
प्रवासी झारखंडवासियों के प्रति भी सरकार संवेदनशील-दीपिका पांडेय सिंह
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि झारखंड में रह रहे तथा प्रवासी झारखंडवासियों के प्रति हेमंत सोरेन सरकार हमेशा संवेदनशील रही है. मुख्यमंत्री ने गुजरात की इस वारदात को काफी गंभीरता से लिया. उनके निर्देश पर टीम गुजरात के वडोदरा गयी और पीड़िता का हाल जाना. इस दौरान परिजनों को आर्थिक मदद की गयी. उनकी टीम में एक महिला आईएएस अधिकारी और एक आईपीएस अधिकारी शामिल थीं. मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने जानकारी दी है कि दुष्कर्म के आरोपी को गुजरात की स्थानीय पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Guru Swarup Mishra
मैं गुरुस्वरूप मिश्रा. फिलवक्त डिजिटल मीडिया में कार्यरत. वर्ष 2008 से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पत्रकारिता की शुरुआत. आकाशवाणी रांची में आकस्मिक समाचार वाचक रहा. प्रिंट मीडिया (हिन्दुस्तान और पंचायतनामा) में फील्ड रिपोर्टिंग की. दैनिक भास्कर के लिए फ्रीलांसिंग. पत्रकारिता में डेढ़ दशक से अधिक का अनुभव. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एमए. 2020 और 2022 में लाडली मीडिया अवार्ड.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










