Jharkhand News: रांची में दुष्कर्म का फरार आरोपी चला रहा था स्कूल बस, फिर पुलिस ने ऐसे किया गिरफ्तार
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 01 Nov 2022 11:21 AM
रांची के सदर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया. उसका नाम जोहन डांग (37) है. वह गुमला जिला के कुरकुरा थाना क्षेत्र के टाटी सराड़मा का रहनेवाला है
रांची के सदर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया. उसका नाम जोहन डांग (37) है. वह गुमला जिला के कुरकुरा थाना क्षेत्र के टाटी सराड़मा का रहनेवाला है. घटना जून 2021 में सदर थाना क्षेत्र में घटी थी. आरोपी पीड़िता के पड़ोस में किराये के मकान में रहता था. इसी दौरान उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया था. घटना के बाद से ही वह फरार चल रहा था.
पुलिस ने पीड़िता का 164 के तहत कोर्ट में बयान कराया था. सदर थाना में दुष्कर्म व पोक्सो एक्ट की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. जांच के दौरान मिले साक्ष्य के आधार पर जोहन डांग के खिलाफ कोर्ट से पुलिस ने गिरफ्तारी वारंट प्राप्त किया था. इसके बाद से गुमला जिला स्थित पैतृक घर पर पुलिस की टीम कई बार गयी थी, लेकिन वह वहां नहीं मिल पा रहा था.
इसी दौरान सदर पुलिस को सूचना मिली कि जोहन रांची के एक निजी स्कूल के बस चालक के तौर पर करीब छह माह से काम कर रहा था. सूचना के बाद पुलिस हरकत में आयी और सोमवार को सदर थाना क्षेत्र में कोकर क्षेत्र से गिरफ्तार किया. गुमला जाने पर सदर पुलिस को यह जानकारी मिली कि जोहन ने वहां पर भी एक लड़की के साथ गलत काम किया था.
लेकिन स्थानीय स्तर पर पंचायत में मामला रफा-दफा कर दिया गया था. मामले में सदर पुलिस ने स्कूल के बस का कार्य देखने वाले मैनेजर से मामले में पूछताछ की. तब पता चला कि बिना पुलिस वेरिफिकेशन के ही जोहन को चालक के तौर पर रखा गया था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










