Live Updates

Jharkhand Breaking News: गिरिडीह में जेवर व्यवसायी से हथियार के बल पर जेवरात समेत पांच लाख की लूट

Updated:
विज्ञापन

Jharkhand Breaking News Live Updates : झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बनें हमारे साथ…

विज्ञापन

गिरिडीह में जेवर व्यवसायी से हथियार के बल पर जेवरात समेत पांच लाख की लूट

गिरिडीह : बिरनी थाना इलाके के भरकट्टा के रहने वाले जेवर व्यवसायी रंजीत स्वर्णकार के साथ लूटपाट हुई है. अज्ञात अपराधियों ने बराकर नदी के लुरुनगो घाट गरागुरो के रास्ते में इस घटना को अंजाम दिया है. भुगतभोगी रंजीत ने बताया कि वह बुधवार को डुमरी की ओर से अपना व्यवसाय कर वापस बाइक से घर वापस लौट रहे थे. जैसे ही बराकर नदी के लुरुनगो घाट पुल गरागुरो के समीप पहुंचे, पहले से घात लगाकर बैठे दो अज्ञात अपराधियों ने उन्हें हाथ दिया. जैसे ही उन्होंने अपनी बाइक को रोकी, तो एक अपराधी ने रिवाल्वर निकालकर कनपटी में सटा दिया. जबकि दूसरा अपराधी बाइक की चाभी लेकर डिक्की खोला और उसमें करीब 2100 रुपये व पांच लाख के सोना- चांदी की जेवरात तथा एक मोबाइल व बाइक की चाभी लेकर डुमरी की ओर फरार हो गया. इस घटना के बाद उन्होंने किसी तरह पुल के पास से बाइक को धक्का देते हुए करीब दो किलोमीटर पैदल चल कर मुख्यमार्ग पर पहुंचा और फिर स्थानीय ग्रामीण और परिजनों को घटना की जानकारी दी. जानकारी मिलने के बाद रंजीत के परिजनों ने घटना की सूचना बिरनी थाना को दिया. सूचना मिलने के बाद बिरनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच- पड़ताल में जुट गई. इस बाबत बिरनी थाना प्रभारी मृत्युंजय सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर छापामारी की जा रही है. जल्द ही मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा.

गिरिडीह में चोरी के आरोप में एक युवक की जमकर हुई धुनाई, पुलिस ने छुड़ाया

गिरिडीह : शहरी क्षेत्र के कोर्ट रोड़ स्थित बीज भंडार में एक युवक को मोबाइल चोरी के संदेह पर दुकानदार ने उसे पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी. इतना ही नहीं, दुकानदार ने युवक को अपने ही दुकान में रस्सी से बांध कर रखा हुआ था. हालांकि, जैसे ही इसकी सूचना नगर थाना पुलिस को मिली, तो नगर थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और युवक को छुड़ा कर अपने साथ थाना ले गयी. घटना के संबंध में बताया गया कि शहर के कोर्ट रोड़ स्थित एक बीज भंडार में पिछले एक माह पूर्व मोबाइल की चोरी हुई थी. दुकानदार को संदेह था कि उक्त युवक द्वारा ही मोबाइल की चोरी की गयी है. हालांकि, युवक ने कहा कि वह चोर नहीं है. सामान खरीदने के लिए बाजार आया हुआ था, लेकिन दुकानदार ने उसकी एक नहीं मानी और उसे पकड़ कर सबसे पहले रस्सी से बांध दिया और फिर उसकी जमकर धुनाई कर दी. घटना के बाद काफी संख्या में आस-पास के लोगों की भीड़ जमा हो गयी. किसी ने इसकी सूचना नगर थाना पुलिस को दी. जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सबसे पहले दुकानदार को फटकार लगाते हुए युवक को अपने साथ थाना ले गयी.

पलामू में तीन सड़क लुटेरे गिरफ्तार, दो बाइक बरामद

पलामू : पुलिस ने तीन सड़क लुटेरे को गिरफ्तार किया है. एसडीपीओ ऋषभ गर्ग के निर्देश पर सतबरवा थाना प्रभारी अमित कुमार सोनी दल-बल के साथ पाटन थाना क्षेत्र के सिक्की गांव से सड़क लुटेरों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार अपराधियों पर कई सड़क लूटकांड को अंजाम देने का आरोप हैं. छापामारी के दौरान पुलिस को दो लूट की बाइक भी बरामद हुई है.

गुमला शहर में विधवा से तो जारी में छात्रा का अपहरण कर दुष्कर्म किया

गुमला, दुर्जय पासवान : गुमला शहर से सटे एक गांव की 60 वर्षीय वृद्ध विधवा महिला के साथ दो युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है. दुष्कर्म के बाद पुलिस को सूचना देने पर जान से मारने की धमकी देने से पीड़िता काफी डरी व सहमी थी. लेकिन, हिम्मत कर पीड़िता ने गुमला थाना पहुंचकर दो युवक उमेश गोप व कुडू बड़ाइक पर दुष्कर्म का आरोप लगायी. जानकारी मिलते ही पुलिस जांच-पड़ताल शुरू करते हुए दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी में लगी है. दूसरा मामला जारी प्रखंड का है. एक नाबालिग छात्रा का अपहरण कर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुनीत एक्का को गिरफ्तार कर लिया.

रामगढ़ में नाबालिग बेटी से दुष्कर्म के प्रयास मामले में पिता को 10 साल की सजा

रामगढ़ : पोस्को एक्ट मामले की सुनवाई के लिए गठित फास्ट कोर्ट ने बुधवार को नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म का प्रयास करने के मामले में पिता को 10 साल की सजा सुनाई. साथ ही 80 हजार का जुर्माना भी लगाया. जिला जज प्रथम शेषनाथ सिंह की अदालत ने स्पेशल पोस्को एक्ट 20/22 वेस्ट बोकारो कांड संख्या 88/22 के दोषी करार दिये गये पीड़िता के पिता को सजा सुनाई. जिसमें 4/18 पोस्को एक्ट में 10 वर्ष व 20 हजार रुपये जुर्माना. जुर्माना नहीं देने पर एक वर्ष का अतिरिक्त कारावास, 10 पोस्को एक्ट के तहत सात वर्ष की सजा तथा 20 हजार रुपये जुर्माना. जुर्माना नहीं देने पर एक वर्ष की अतिरिक्त सजा, 12 पोस्को एक्ट के तहत तीन वर्ष की सजा तथा 20 हजार रुपये जुर्माना. नहीं देने पर छह माह का अतिरिक्त कारवास तथा आईपीसी की धारा 45 के तहत पांच वर्ष की सजा तथा 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है. जुर्माना नहीं देने पर एक वर्ष के अतिरिक्त कारावास की सजा दी गई है. घटना 15 मई, 2022 की है. केस के जांच अधिकारी राजेश कुमार राय द्वारा न्यायालय में घटना के संबंध में साक्ष्य प्रस्तुत किया गया. सरकार व पीड़िता की ओर से लोक अभियोजक आलोक कुमार ने पक्ष रखा.

रांची के बेड़ो से लापता रिटायर्ड आर्मी की हत्या, भरनो से मिला शव

गुमला : भरनो थाना क्षेत्र के मलगो नदी से मिले अज्ञात व्यक्ति की शव की पहचान बुधवार की देर शाम को भरनो पुलिस द्वारा कर लिया गया. शव की पहचान रांची के बेड़ो थाना क्षेत्र के टिकराटोली निवासी सीआरपीएफ के सेवानिवृत्त जवान जॉन क्रिस्टोफर लकड़ा (70 वर्ष) के रूप में किया गया. शव की शिनाख्त मृतक के पुत्र शिशिर लकड़ा ने भरनो थाना पहुंचकर किया है. मृतक के पुत्र शिशिर लकड़ा ने बताया कि उनके पिता पिछले चार दिनों से घर से लापता थे. मृतक के बेटे ने बताया कि उसके पिता का भरनो के मलगो का रहने वाले एक युवक से परिचय था. वह उनके पिता के कार का चालक भी था. इसलिए उनके पिता अक्सर मलगो गांव आना-जाना करते थे. चार दिन पूर्व भी उक्त युवक के साथ ही पिता को बेड़ो में देखा गया था. उसके बाद से ही पिता लापता थे. थानेदार कृष्ण कुमार तिवारी ने बताया कि पूरे मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है. बहुत जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी होगी.

विज्ञापन
विज्ञापन
समीर उरांव

लेखक के बारे में

By समीर उरांव

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola