VIDEO: पटना में छात्रों का ऐलान, छात्र नेताओं पर फूटा गुस्सा- ‘अब भरोसा नहीं, बातचीत में छात्रों को भी भेजो’
पटना में छात्र आंदोलन ने नया मोड़ ले लिया है. प्रदर्शनकारी छात्रों ने छात्र नेताओं पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं. अब वे बातचीत में अपनी टीम को शामिल करने की मांग कर रहे हैं.
Patna Student Protest : पटना के डाकबंगला चौराहे पर चल रहा छात्रों का आंदोलन मंगलवार को उस वक्त नया मोड़ लेता दिखा, जब प्रदर्शनकारी छात्रों ने छात्र नेताओं पर ही सवाल खड़े कर दिए. छात्रों का आरोप है कि छात्र नेता सरकार से बातचीत के लिए जाते हैं, लेकिन बाद में उनका रुख बदल जाता है. प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि अब केवल छात्र नेताओं के भरोसे बातचीत नहीं होगी, बल्कि छात्रों की टीम को भी वार्ता में शामिल किया जाना चाहिए.
आपके शहर में
‘छात्र नेताओं पर भरोसा नहीं’, प्रदर्शनकारी बोले- बातचीत में छात्रों को भी भेजा जाए
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने कहा कि छात्र नेताओं की भूमिका को लेकर उनके मन में अब भरोसा नहीं बचा है. उनका आरोप है कि छात्र नेताओं द्वारा अलग-अलग जगहों पर अलग-अलग बयान दिए जा रहे हैं. छात्रों ने कहा कि उनकी मांगों पर फैसला छात्रों के बीच बैठकर ही होना चाहिए और सरकार के साथ होने वाली बातचीत में आम छात्रों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाए.
मुख्य सचिव से मिलने जा रहा छात्रों का प्रतिनिधिमंडल
आंदोलन के बीच पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में छात्रों की एक टीम को मुख्य सचिव से मुलाकात के लिए ले जाने की बात सामने आई. छात्रों ने कहा कि बिहार के युवाओं से जुड़े तमाम मुद्दों को सरकार के सामने रखा जाएगा. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सरकार गंभीरता से बातचीत नहीं करती, आंदोलन जारी रहेगा.
15 सूत्री मांगों को लेकर सरकार से वार्ता की मांग
प्रदर्शनकारी छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार, प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों समेत विभिन्न मांगों को लेकर सरकार से बातचीत की मांग की. छात्रों का कहना है कि उनका उद्देश्य किसी पद की मांग करना नहीं, बल्कि बिहार के युवाओं और छात्रों की समस्याओं का समाधान कराना है. उन्होंने सरकार से मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री से मुलाकात कराने की भी अपील की.
‘जब तक मांगों पर बात नहीं होगी, आंदोलन जारी रहेगा’
छात्रों ने कहा कि उनकी मांगें पूरी होने तक वे धरना स्थल छोड़ने वाले नहीं हैं. उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि छात्रों की 15 सूत्री मांगों पर गंभीरता से विचार कर वार्ता की जाए. वहीं, छात्र नेताओं पर लगाए गए आरोपों के बाद आंदोलन के भीतर मतभेद भी खुलकर सामने आने लगे हैं.
Also Read : छात्रों से मिलने के बाद CM आवास पहुंचे चिराग पासवान, सम्राट चौधरी के सामने रखेंगे छात्रों की पूरी बात
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए