Jharkhand Breaking News LIVE: ईडी ने रांची के डिप्टी रजिस्ट्रार और डेवलपर विष्णु अग्रवाल को भेजा समन
Jharkhand Breaking News Live Updates: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ…
ईडी ने रांची के डिप्टी रजिस्ट्रार और डेवलपर विष्णु अग्रवाल को भेजा समन
रांची : ईडी ने भूमि घोटाला मामले में रांची के डिप्टी रजिस्ट्रार बीएम त्रिपाठी के साथ-साथ रियल एस्टेट डेवलपर विष्णु अग्रवाल को समन भेजा है. ईडी ने बीएम त्रिपाठी को एक मई को और विष्णु अग्रवाल को आठ मई को ईडी ऑफिस आने का निर्दश दिया है. इधर, विष्णु अग्रवाल ने हाजिर होने के बदले बीमार होने का पत्र ईडी को भेजा है.
पूर्व मंत्री एनोस एक्का को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत
रांची: आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने व मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सजा काट रहे पूर्व मंत्री एनोस एक्का को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली है. इससे संबंधित एसएलपी पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने जमानत की सुविधा प्रदान की. जस्टिस एस बालासुब्रमण्यम व जस्टिस पंकज मित्तल की खंडपीठ ने मामले की सुनवाई क�� दाैरान जमानत देने के आग्रह को स्वीकार कर लिया.
चार सहिया को काम पर लौटने की मिली अनुमति, जताया आभार
बरसोल (जमशेदपुर), गौरव पाल. चार सहिया को काम पर लौटने की अनुमति मिल गयी है. इनमें पाकुड़ जिला अंतर्गत धर्मखापड़ा क्लस्टर की पंपा मंडल, गिरिडीह जिला अंतर्गत मंजू देवी, पार्वती देवी व मंजू लता कुमारी शामिल हैं. संपूर्ण मानवता कल्याण संघ के अध्यक्ष डॉक्टर संजय गिरी ने स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता से मुलाकात कर इनकी परेशानियों से उन्हें अवगत कराया था. इससे पहले 23 जनवरी से सहिया संघ के आह्वान पर ये अनिश्चितकालीन धरना पर बैठी थीं. 16 फरवरी को विभागीय सचिव के साथ वार्ता हुई थी. इसके बाद धरना खत्म किया गया था. इसके बाद चार सहिया को काम से निकाल दिया गया था.
हजारीबाग में शादी से पहले घर में लगी आग, लाखों की संपत्ति जलकर राख
बरकट्ठा. हजारीबाग जिला अंतर्गत बरकट्ठा डीह के एक मकान में आग लगने से घर में शादी के लिए रखी संपत्ति जलकर नष्ट हो गयी. बरकट्ठाडीह निवासी शंभु साव (पिता भोला साव) के पक्का मकान में गुरुवार की देर रात अचानक आग लग गयी. आगजनी की घटना से कमरे में रखी संपत्ति जलकर नष्ट हो गई.
सीएम हेमंत सोरेन पहुंचे लिंगराज मंदिर, भगवान त्रिभुवनेश्वर का किया दर्शन
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ओडिशा दौरे के क्रम में आज शुक्रवार को भुवनेश्वर स्थित प्राचीन और ऐतिहासिक लिंगराज मंदिर के दर्शन किए. इस मौके पर उन्होंने अपनी धर्मपत्नी कल्पना सोरेन संग पूरे विधि- विधान से भगवान त्रिभुवनेश्वर (शिव) की पूजा-अर्चना कर झारखंड और झारखंडवासियों की प्रगति, सुख -शांति- समृद्धि, खुशहाली और स्वस्थ जीवन की कामना की. मुख्य सचिव सुखदेव सिंह और मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे ने भी मंदिर में शीश नवाकर आशीर्वाद लिया.
हजारीबाग चुनाव आचार संहिता उल्लंघन मामले में अन्नपूर्णा देवी पर विशेष अदालत ने लगाया 200 रुपये जुर्माना
हजारीबाग चुनाव आचार संहिता उल्लंघन मामले में कोडरमा सांसद सह केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी को हजारीबाग एमपी एमएलए विशेष न्यायालय ने दोषी करार दिया और 200 रुपये का जुर्माना लगाया. एमपी एमएलए विशेष न्यायालय की न्यायाधीश मरियम हेम्ब्रम की अदालत में शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी उपस्थित हुईं. कोर्ट ने सजा के बाद 5-5 हजार के दो निजी मुचलके पर जमानत दे दी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए