Jharkhand Breaking News LIVE:भव्य कलश यात्रा के साथ गायत्री महायज्ञ शुरू, गायत्री मंत्रों से गूंज उठा सरायकेला
Jharkhand Breaking News Live Updates: झारखंड के देवघर जिला में तीन लोगों को फांसी की सजा हुई है. एडीजे-3 सह पॉक्सो स्पेशल कोर्ट की जज गरिमा मिश्रा ने इन्हें दुष्कर्म एवं हत्या का दोषी पाया और तीनों को फांसी की सजा सुना दी. झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए prabhatkhabar.com के Live सेक्शन में. Jharkhand LIVE में झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबर आपको मिलेगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ…
भव्य कलश यात्रा के साथ तीन दिवसीय गायत्री महायज्ञ शुरू, गायत्री मंत्रों से गूंज उठा सरायकेला
सरायकेला/खरसावां : सरायकेला के पब्लिक दुर्गा मंदिर परिसर में शनिवार से तीन दिवसीय गायत्री महायज्ञ की शुरुआत की गयी. गायत्री परिवार ट्रस्ट सरायकेला के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत सदर एसडीओ रामकृष्ण कुमार ने गायत्री झंडोत्तोलन कर किया. इसके बाद 500 से अधिक श्रद्धालुओं द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली गयी. कलश यात्रा में शामिल सभी लोग पीले रंग के वस्त्र धारण किये हुए थे. खरकई नदी से कलश में जल लेकर कार्यक्रम स्थल पर कलश स्थापना की. इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ की शुरुआत की गयी. कार्यक्रम स्थल पर मां गायत्री के साथ-साथ भारत माता की भी प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की गयी. कार्यक्रम में पहुंचे लोगों ने मां गायत्री की पूजा-अर्चना की. सामूहिक रूप से गायत्री मंत्र का जाप किया गया. गायत्री मंत्रों से सरायकेला गूंज उठा.
पाकुड़ में ट्रक की चपेट में आया बाइक सवार, मौत
पाकुड़ थाना क्षेत्र के सीलमपुर पीईजी खाद्य गोदाम के समीप शनिवार रात को एक ट्रक की चपेट में आने से एक बाइक सवार की दर्दनाक मौत हो गई. जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के लक्खीपुर गांव निवासी सचिन भुईमालि के पुत्र पोलास भुईमालि (18 वर्ष) अपने दो दोस्तों के साथ बड़कियारी से महेशपुर के रास्ते अपने घर लौट रहा था. सीलमपुर गांव पहुंचते ही सीलमपुर पीईजी गोदाम से निकल रहे चावल लदे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गया. इससे घटना स्थल पर ही युवक ने दम तोड़ दिया. बताया जा रहा है कि बाइक पर सवार दो अन्य युवक को भी गंभीर चोट लगी है. जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
रामगढ़ की चुटूपालू घाटी में सड़क हादसा, चार लोगों की मौत
रामगढ़ की चुटूपालू घाटी में सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गयी है. बताया जा रहा है कि कंटेनर ने स्कूटी सवार को कुचल दिया. इससे उनकी मौत हो गयी.
रामगढ़ में मनोज मुंडा हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
रामगढ़. रामगढ़ पुलिस ने 15 फरवरी को लोवाडीह बरकाकाना ओपी के झिंझी टोला में की गयी मनोज मुंडा हत्या मामले का खुलासा कर दिया है. शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय रामगढ़ में एसपी पीयूष पांडे ने प्रेसवार्ता कर इसका खुलासा किया है. पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया. गुप्त सूचना के आधार पर लोवाडीह बरकाकाना निवासी बिनोद गंझू (पिता चंदरू गंझू) को अवैध पिस्टल व गोली के साथ गिरफ्तार किया गया. बिनोद गंझू ने बताया कि वह पूर्व में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन जेजेएमपी से जुड़ा था.
देवघर में छात्रा की मौत के बाद उग्र परिजनों और ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
देवघर के जसीडीह थाना क्षेत्र के नया कुशमाहा गांव की आठवीं कक्षा की छात्रा प्रियंका कुमारी की मौत के मामले में नामजद आरोपी को पुलिस द्वारा छोड़ने पर परिजनों व ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. छात्रा के परिजनों और ग्रामीणों ने आक्रोशित होकर शनिवार को देवघर-सुल्तानगंज मुख्य के दर्दमारा बॉर्डर पर टायर जलाकर घंटों सड़क जाम रखा. सड़क जाम कर परिजन आरोपी की गिरफ्तारी व उसके विरुद्ध कार्रवाई की मांग कर रहे थे. मृतका की मां सुमित्रा देवी सहित अन्य लोगों का कहना था कि पुलिस ने आरोपी गांव के सुखी ताती, सुधीर ताती व दुःखी ताती को हिरासत में लेकर पूछताछ कर छोड़ दिया. ग्रामीण इतने आक्रोशित थे कि समझाने गयी पुलिस पदाधिकारी व पुलिस के जवानों के साथ उलझ गए.
डीएसपीएमयू में वाद-विवाद प्रतियोगिता, 9 प्रतिभागी होंगे पुरस्कृत
रांची : डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय के भौतिकी और इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के संयुक्त तत्वावधान में वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गयी. अंतिम दौर की प्रतियोगिता के लिए 9 प्रतिभागियों का चयन किया गया. पीआरओ प्रो राजेश कुमार सिंह ने बताया कि विजेता प्रतिभागियों की घोषणा 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के दिन की जाएगी. उसी दिन इन्हें पुरस्कृत किया जाएगा. आज की प्रतियोगिता का विषय था- ऑनलाइन बनाम पारंपरिक शिक्षा, कोविड महामारी के बाद. इस अवसर पर भौतिकी के विभागाध्यक्ष डॉ अनुपम कुमार, इलेक्ट्रॉनिक्स के समन्वयक डॉ जेपी शर्मा, डॉ राजेश कुमार,डॉ अश्विनी कुमार, मन्ना कुमारी मिश्रा उपस्थित थे.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए