Jharkhand Breaking News LIVE : जीआरपी की सूझबूझ से चक्रधरपुर में 13 साल की भटकी बच्ची परिजनों को मिली
Jharkhand Breaking News live Updates: भारत का 28वां राज्य है झारखंड. इस राज्य की राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, धर्म, अपराध एवं अन्य खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले…
जीआरपी की सूझबूझ से 13 साल की भटकी बच्ची परिजनों को मिली
चक्रधरपुर (रवि) : जीआरपी पुलिस की सूझबूझ से 13 साल की एक बच्ची गलत हाथों में जाने से बच गयी. दरअसल 13 साल की एक बच्ची चक्रधरपुर स्टेशन में भटक गयी थी. इस बच्ची को स्टेशन के कुछ लोगों ने बीते शनिवार को जीआरपी के हवाले किया था. जिसके बाद जीआरपी ने बच्ची को उसके घर तक पहुंचाने के लिए अपना पूरा नेटवर्क लगा दिया. फलस्वरूप बच्ची के माता-पिता से संपर्क साधा और उसके घरवाले जीआरपी थाना आकर उसे अपने साथ घर ले गए.
जमशेदपुर के यूनाइटेड क्लब कर्मियों को मिलेगा 20% बोनस
जमशेदपुर के यूनाइटेड क्लब के कर्मचारियों को इस बार 20 प्रतिशत बोनस मिलेगा. शनिवार की रात होटल प्रबंधन और यूनाइटेड क्लब एंड कैंटीन, होटल, रेस्टोरेंट वर्कर्स यूनियन के बीच बोनस समझौते पर हस्ताक्षर हुआ. समझौते के तहत कर्मचारियों को अधिकतम 52,944 और न्यूनतम 29,304 रुपये बोनस मिलेंगे. बोनस का भुगतान 25 सितंबर या उससे पहले कर्मचारियों के बैंक खातों में भेज दिया गया. बोनस समझौते पर प्रबंधन की ओर से अध्यक्ष चाणक्य चौधरी और होटल एंड रेस्टोरेंट वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष राकेश्वर पांडे, गोपाल कुमार गोपाल मान पियूष गुप्ता यूके सिंह विनीत रंजन त्रिपाठी मुकेश अग्रवाल कुमार गोपाल नवीन चंद्र झा कानू अग्रवाल कृष्ण कुमार सिंह बीके डिंडा ददन सिंह गुरुदेव नंद इकराम खान मेघनाथ साहू दिनेश कुमार ने हस्ताक्षर किया.
मछली मारने के दौरान बच्चे की आंख में घुसी बंसी
गिरिडीह (मृणाल) : गावां स्थित पुरनी अहरा में शनिवार की दोपहर मछली मारने के दौरान बच्चे की आंख में बंसी घुस कर फंस गयी. घटना के बाद स्थानीय लोगों के सहयोग से आनन-फानन में बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गावां ले जाया गया, जहां डॉक्टर हबीबुल्लाह खान ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गिरिडीह रेफर कर दिया. पीड़ित तुरिया टोला निवासी सदन तुरी का दस वर्षीय पुत्र अमित कुमार है.
23 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ तीन पकड़ाए
आदित्यपुर. आदित्यपुर पुलिस ने मुस्लिम बस्ती आदित्यपुर से 23 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ तीन युवाकों को गिरफ्तार किया है. आदित्यपुर थाना प्रभारी राजन कुमार ने बताया कि गश्ती के दौरान मुस्लिम बस्ती में पुलिस को देखकर तीन युवक भागने लगे. जिसे पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उनके पास से 23 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद किया गया. वजन करीब 2.040 ग्राम है. गिरफ्तार किये गए युवकों में रंजीत सिंह गोलमुरी, महेश राम रायडीह बस्ती आदित्यपुर व इसरायल अली मुस्लिम बस्ती आदित्यपुर शामिल हैं. छापामारी दल में थाना प्रभारी राजन कुमार, मोहम्मद मकसूद अहमद, श्रवण कुमार, जितेंद्र चौहान शामिल थे.
गुड़ाबांदा के युवक की सड़क दुर्घटना में मौत
घाटशिला (मो परवेज) : पूर्वी सिंहभूम के उड़ीसा सीमा से सटे गुड़ाबांदा प्रखंड के मुड़ाकाठी गांव निवासी माताल सोरेन के 24 वर्षीय पुत्र अंपा सोरेन की सड़क दुर्घटना में गालूडीह के पास खड़िया कॉलोनी में मौत हो गई. अंपा सोरेन जमशेदपुर में किसी निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था. वह पिछले दिनों घर आया था और शाम में बाइक से जमशेदपुर लौट रहा था. इसी क्रम में हादसे का शिकार हो गया. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
गिरिडीह से रांची जा रही बस हजारीबाग में नदी में पलटी
हजारीबाग (सलाउद्दीन) : गिरिडीह से रांची जा रही शिवा बस नदी में पलट गयी है. हजारीबाग-बगोदर रोड NH-100 पर दारू के बीच शिवानी नदी में बस पलटी है. इसमें 7 लोगों की मौत हो गयी है. 45 लोग घायल हैं. घायलों का इलाज शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज में किया जा रहा है. बताया जा रहा है कि बस की पत्ती टूटने के बाद बस अनियंत्रित हो गई. डीसी नैंसी सहाय के निर्देश पर राहत कार्य शुरू कराया गया है.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए