Jharkhand Breaking News LIVE: पाकुड़ में जमीन विवाद में दो भाइयों की हत्या, जांच में जुटी पुलिस
Jharkhand Breaking News Live Updates: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ…
पाकुड़ में जमीन विवाद में दो भाइयों की हत्या, जांच में जुटी पुलिस
महेशपुर(पाकुड़): तसरिया- गणेशपुर गांव में शनिवार रात को जमीन विवाद में दो व्यक्तियों की हत्या कर दी गई. जानकारी के अनुसार गणेशपुर गांव निवासी देवीधन मुर्मू और उसके भाई वकील मुर्मू गांव स्थित एक चबूतरा पर बैठे थे. तभी गनेशपुर गांव के ही दूसरे पक्ष के 25-30 की संख्या में लोगों ने देवीधन मुर्मू और वकील मुर्मू के ऊपर लाठी-डंडे व हंसुआ से मारपीट की. इस बीच दोनों पक्षों में मारपीट के दौरान देवीधन मुर्मू और उसके भाई वकील मुर्मू के माथे पर हंसुआ व लाठी-डंडों से प्रहार कर दिया गया. इससे घटनास्थल पर ही दोनों भाइयों की मौत हो गई. उधर, घटना की जानकारी महेशपुर एसडीपीओ नवनीत एंथोनी हेम्ब्रम को मिलते ही महेशपुर थाना प्रभारी, अमडापाड़ा पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी व पाकुरिया थाना प्रभारी के साथ दल बल लेकर घटनास्थल पहुंचे. एसडीपीओ ने अधिकारियों के साथ मामले की जानकारी ली और शव को कब्जे में लेकर महेशपुर थाना भिजवाया.
पलामू में रांची के सेल्समैन अंजनी कुमार सिन्हा की हत्या का आरोपी अरेस्ट
पलामू, सैकत: 18 जून 2022 को रांची की मोटर पार्ट्स कंपनी ‘काफिला’ के सेल्समैन अंजनी कुमार सिन्हा की हत्या के मुख्य आरोपी छोटू रंगसाज को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है. पलामू के मेदिनीनगर शहर क्षेत्र के रेड़मा में अंजनी की हत्या कर दी गयी थी.
रांची के अनगड़ा में निर्माणाधीन उपस्वास्थ्य केन्द्र में अनियमितता के खिलाफ विरोध प्रदर्शन
अनगड़ा(रांची), जीतेंद्र: बेंती गांव में निर्माणाधीन उपस्वास्थ्य केन्द्र में बरती जा रही अनियमितता को लेकर शनिवार को ग्रामीणों ने निर्माण स्थल पर विरोध प्रदर्शन किया. ग्रामीणों का नेतृत्व ग्रामप्रधान कमलाकांत मुण्डा कर रहे थे. घटिया स्तर की ईंट व सरिया का उपयोग किया जा रहा है. टाईबीम निर्माण भी घटिया स्तर का किया गया है. ग्रामीणों ने कहा कि निर्माण कार्य में सुधार नहीं लाया गया तो निर्माण कार्य को बंद करा दिया जाएगा. मौके पर बीसा के उपमुखिया संजय भोगता, पंसस मानेश्वर मुण्डा, वार्ड सदस्य ईमा देवी, राजो देवी, सालिकराम पाहन, राजु मुण्डा, विजय मुण्डा, गंधिया करमाली, सलूवा करमाली, बानेश्वर मुण्डा, बनु बेदिया, सुरेन्द्र करमाली, बालकराम मुण्डा, चन्दन भोगता, गोकुल करमाली, राजेन्द्र मुण्डा, मंगल भोगता, अजय कुमार करमाली सहित अन्य उपस्थित थे.
गढ़वा के मझिआंव सीओ पर बालू माफियाओं ने किया हमला, ड्राइवर समेत तीन घायल
गढ़वा: अवैध बालू खनन के खिलाफ छापेमारी करने गए मझिआंव सीओ पर बालू माफियाओं ने हमला कर दिया. इस दौरान सीओ के ड्राइवर व नौकर सहित तीन को पीटकर इन्होंने घायल कर दिया है. सीओ बाल-बाल बचे हैं. आपको बता दें कि सीओ पर पहले भी हमला हो चुका है.
सीएम हेमंत सोरेन ने की तीरंदाज दीप्ति कुमारी की आर्थिक मदद
रांची: सीएम हेमंत सोरेन से आज झारखंड की प्रतिभावान तीरंदाज और जूनियर नेशनल आर्चरी चैंपियनशिप -2020 की ओवरऑल चैंपियन दीप्ति कुमारी ने मुलाकात की. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने दीप्ति कुमारी को आर्थिक सहायता के रूप में दो लाख रुपए का चेक प्रदान किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन आर्थिक तंगी से कई खिलाड़ी आगे नहीं आ पाते हैं. ऐसे में सरकार प्रतिभावान खिलाड़ियों को हर संभव मदद और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है.
सीएम हेमंत सोरेन से मिलीं मिसेज इंडिया वर्ल्ड वाइड की विजेता डॉ अपराजिता सिन्हा
रांची: सीएम हेमन्त सोरेन से आज मिसेज इंडिया वर्ल्ड वाइड की विजेता डॉ अपराजिता सिन्हा ने अपने माता-पिता के संग औपचारिक मुलाकात की. डॉ अपराजिता ने इस प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिता के अनुभवों को मुख्यमंत्री के साथ साझा किया. मुख्यमंत्री ने मिसेज इंडिया वर्ल्ड वाइड का खिताब हासिल करने के लिए उन्हें बधाई दी और सम्मानित किया. मुख्यमंत्री ने डॉ अपराजिता से कहा कि इस प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिता का खिताब जीतकर आपने पूरी दुनिया में झारखंड और देश का नाम रोशन किया है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए