Jharkhand Breaking News LIVE:गुमला में वार्डन को हटाने से नाराज कस्तूरबा की छात्राएं 9 घंटे धरना पर बैठीं
Jharkhand Breaking News Live Updates: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ…
हजारीबाग में घर में घुसकर अपराधियों ने महिला को मारी गोली, हालत नाजुक, रांची रेफर
हजारीबाग शहर के बड़ा अखाड़ा मोहल्ला में दो अपराधियों ने प्रदीप मालाकार के घर में घुसकर गोली चला दी. इससे प्राची प्रकाश (32 वर्ष) नामक महिला को गोली लग गयी. घायल प्राची प्रकाश को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के बाद उसे रांची रेफर कर दिया गया है. घटना मंगलवार रात 8 बजे के करीब की बतायी जा रही है. बड़ा अखाड़ा बंगाली दुर्गा मंदिर के समीप मोहल्ला में प्रदीप मालाकार का घर है.
आरयू के मास कॉम डिपार्टमेंट में राष्ट्रीय विमर्श, छात्रों ने एक्सपर्ट से पूछे सवाल
रांची : रांची विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ मास कम्युनिकेशन में मंगलवार को राष्ट्रीय विमर्श जोहार के दूसरे दिन फिल्म, पत्रकारिता, न्यू मीडिया, टीवी एवं रेडियो जैसे क्षेत्रों के एक्सपर्ट्स ने छात्रों को अपने विचारों से अवगत कराया और करियर के टिप्स दिए. मुबंई यूनिवर्सिटी, रांची यूनिवर्सिटी, संत जेवियर कॉलेज, आरकेडीएफ यूनिवर्सिटी के छात्रों ने एक्सपर्ट से कई सवाल भी पूछे. मास कॉम डिपार्टमेंट के निदेशक प्रो डॉ बीपी सिन्हा, उपनिदेशक डॉ विष्णु महतो, शिक्षक संतोष उरांव, पूजा उरांव समेत अन्य उपस्थित थे. कार्यक्रम का संचालन छात्रा अंशिता सिंह ने किया.
अधिवक्ता राजीव कुमार पर दुर्गा उरांव मुंडा ने लगाया गंभीर आरोप, कार्रवाई की मांग
रांची : झारखंड अगेंस्ट करप्शन की ओर से झारखंड हाइकोर्ट में दायर 52 विभिन्न केस का एनओसी अधिवक्ता राजीव कुमार नहीं दे रहे हैं. इस बाबत झारखंड अगेंस्ट करप्शन के अध्यक्ष दुर्गा उरांव उर्फ मुंडा ने झारखंड स्टेट बार काउंसिल में लिखित शिकायत दर्ज करायी है. उन्होंने अधिवक्ता राजीव कुमार के खिलाफ कानून के तहत मिसकंडक्ट मानते हुए कार्रवाई की मांग की है.
झारखंड के नये डीजीपी अजय कुमार सिंह
रांची : झारखंड के नये डीजीपी अजय कुमार सिंह बनाए गए हैं. इस बाबत अधिसूचना जारी कर दी गयी है.
वार्डन को हटाने से नाराज कस्तूरबा की छात्राएं 9 घंटे धरना पर बैठीं, अधिकारियों को कैंपस में घुसने से रोका
गुमला : शिक्षा विभाग ने गुमला के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की वार्डन शांति देवी को हटा दिया है. इससे आक्रोशित कस्तूरबा की छात्राओं ने नौ घंटे तक स्कूल गेट के समीप धरना दिया. जब प्रशासन छात्राओं को समझाने पहुंचा, तो छात्राओं ने अधिकारियों को स्कूल कैंपस में घुसने से रोक दिया. घंटों समझाने के बाद छात्राएं मानीं. इसके बाद डीइओ सुशील कुमार, डीएसई वसीम अहमद, बीडीओ सरोजनी केरकेट्टा, सीओ केके मुंडू व एडीपीओ पीयूष कुमार स्कूल कैंपस में घुसे और छात्राओं की मांगें सुनीं. काफी हो-हंगामा के बाद छात्राएं धरना खत्म कीं.
बीआईटी लालपुर में पुलवामा के वीर शहीदों को दी गयी श्रद्धांजलि
रांची: वेक अप इंडिया फाउंडेशन रांची चैप्टर के वॉलेंटियर्स द्वारा बीआईटी लालपुर में पुलवामा में शहीद वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी गई. इस मौके पर बीआईटी की डायरेक्टर वंदना भट्टाचार्य, बीआईटी के प्रोफेसर आशुतोष मिश्रा, राणा प्रताप मिश्रा, संदीप नाथ शहदेव, प्रदीप मुंडा, अभय रंजन एवं अन्य प्रोफेसर की मौजूदगी में बच्चों के साथ 2 मिनट का मौन रखा गया. इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से सुभाश्री कर, उपाध्यक्ष ऋषि कुमार सिंह के साथ ईशा मिश्रा, रिचा चौधरी, भव्य रंजन, अमन कुमार, सिमरन शर्मा, अनुशील पांडे, श्रुति मालपानी, प्रियम शर्मा, जुनैद, प्रियांशु, ईशान मिश्रा, क्षितिज, ऋषभ, हर्ष, अभिकल्प, ऋषिका समेत अन्य मौजूद थे.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए