Jharkhand Breaking News LIVE: 8 अक्टूबर को रांची में होगी धर्मसभा, चंद्रकांत रायपत बने कार्यक्रम के संयोजक
Jharkhand Breaking News Live Updates: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बनें हमारे साथ…
8 अक्टूबर को रांची में होगी धर्मसभा, चंद्रकांत रायपत बने कार्यक्रम के संयोजक
रांची: विश्व हिंदू परिषद, झारखंड प्रांत टोली की एक आवश्यक बैठक शुक्ला कॉलोनी हिनू में हुई. झारखंड में बजरंग दल शौर्य जागरण यात्रा 29 सितंबर से निकाली जाएगी. 8 अक्टूबर को रांची में धर्मसभा के साथ यात्रा पूर्ण होगी. इसकी व्यवस्था संबंधी बैठक की गई. सर्वसम्मति से विश्व हिंदू परिषद के प्रान्त उपाध्यक्ष चंद्रकांत रायपत को कार्यक्रम संयोजक एवं सामाजिक समरसता प्रांत प्रमुख मिथिलेश्वर मिश्रा व रांची महानगर अध्यक्ष कैलाश केसरी को सहसंयोजक बनाया गया. बैठक के बाद पदाधिकारी ने सभा स्थल का भी निरीक्षण किया. बैठक में प्रांत उपाध्यक्ष चंद्रकांत रायपत, प्रांत संगठन मंत्री देवी सिंह, प्रांत मंत्री डॉ बिरेन्द्र साहु, प्रांत सहमंत्री रंगनाथ महतो, सामाजिक समरसता प्रांत प्रमुख मिथिलेश्वर मिश्र, रांची विभाग धर्माचार्य संपर्क प्रमुख सुरेंद्र तिवारी, सामाजिक समरसता महानगर प्रमुख पारसनाथ मिश्र उपस्थित थे.
पंजाबी हिंदू बिरादरी का नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर 16 सितंबर को
रांची: पंजाबी हिंदू बिरादरी के सौजन्य से पारस हेल्थ द्वारा पंजाबी भवन, लाला लाजपत राय पथ, ओवरब्रिज के पास (महात्मा गांधी मार्ग) नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर 16 सितंबर को लगाया जाएगा. सुबह 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक हृदय रोग, स्त्री रोग एवं सामान्य रोग, ब्लड प्रेशर, रेंडम ब्लड शुगर, रक्त ऑक्सीजन स्तर, ईसीजी इत्यादि की जांच की जाएगी. अधिक जानकारी के लिए 9031653731 पर संपर्क कर सकते हैं.
झारखंड प्रशासनिक सेवा के 11 अधिकारियों का तबादला, यहां देखें पूरी लिस्ट
रांची : झारखंड सरकार ने झारखंड प्रशासनिक सेवा के 11 अधिकारियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग की है. इस संबंध में कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने अधिसूचना जारी की है.
अधिकारी : कहां थे : कहां गये
विधान चंद्र चौधरी : अपर सचिव, कृषि पशुपालन एवं सहकारिता विभाग : अपर सचिव, भवन निर्माण विभाग, रांची
अखौरी शशांक सिन्हा : संयुक्त सचिव, वित्त विभाग : संयुक्त सचिव, पथ निर्माण विभाग
मनोज कुमार रंजन : भूमि सुधार उप समाहर्ता, रामगढ़ : संयुक्त सचिव, खान एवं भूतत्व विभाग
ओनिल क्लेमेंट ओड़ेया : संयुक्त सचिव, भवन निर्माण विभाग : संयुक्त सचिव, जल संसाधन विभाग
सौरव कुमार सिन्हा : निदेशक, लेखा प्रशासन एवं स्वनियोजन जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, पूर्वी सिंहभूम : संयुक्त सचिव, ऊर्जा विभाग, रांची
सुधीर कुमार गुप्ता : अपर समाहर्ता, गुमला : संयुक्त सचिव, राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग, रांची
विनोद कुमार : जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, हजारीबाग : अपर समाहर्ता, धनबाद
अरविंद कुमार लाल : अनुमंडल पदाधिकारी, लोहरदगा : उप सचिव, मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग, रांची
सुषमा नीलम सोरेंग : भूमि सुधार उप समाहर्ता, गुमला : उप निदेशक, पंचायत राज निदेशालय, पंचायत राज विभाग, रांची
नरेश रजक : अंचल अधिकारी, जरीडीह, बोकारो : भूमि सुधार उप समाहर्ता, बोकारो
उदय रजक : कार्यपालक दंडाधिकारी, देवघर : अनुमंडल पदाधिकारी, धनबाद.
चक्रधरपुर-सोनुआ मुख्य मार्ग के तारणी मंदिर के समीप एक व्यक्ति का मिला शव
चक्रधरपुर : चक्रधरपुर-सोनुवा मुख्य मार्ग के सानीपदमपुर चौक स्थित तारणी मंदिर के समीप पुलिया किनारे एक व्यक्ति का शव मिला. शव मिलने की सूचना से आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, पर किसी ने शव को नहीं पहचान पाया. ग्रामीणों की मानें, तो एक-दो दिनों से एक व्यक्ति तारणी मंदिर के समीप पुलिया किनारे बैठा हुआ था. मानसिक रूप से बीमार भी लग रहा था. सोमवार की देर रात वो जोर-जोर से चिल्ला रहा था. सुबह ग्रामीणों ने पुलिया किनारे नग्न अवस्था में उसका शव देखा. उसके मुंह से झाग भी निकल रहा था. सांप काटने से मौत की संभावना जतायी जा रही है. ग्रामीणों ने इसकी सूचना मंगलवार की सुबह पुलिस को दी, लेकिन शाम तक पुलिस नहीं पहुंची. इसके कारण शव को पुलिया किनारे से नहीं उठाया गया. पुलिस की इस लापरवाही से ग्रामीण नाराज दिखें.
पूर्वी सिहंभूम के चाकुलिया में सीएम हेमंत सोरेन ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि

जमशेदपुर : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूर्वी सिंहभूम के चाकुलिया में अमर शहीद सबुआ हांसदा और वीर सपूत गणेश हांसदा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. वहीं, केरूकोचा में शहीदों की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा सह परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम में शामिल होते हुए लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया.
जेसीआई रांची उड़ान ने खाद्य पदार्थों का किया वितरण, आजीविका के लिए दीं सिलाई मशीनें
रांची: जेसीआई रांची उड़ान ने जैथरा जेसीआई सप्ताह के चौथे दिन सेवा सदन अस्पताल के पास 700 लोगों को लाभान्वित करने के लिए खाद्य पदार्थों का वितरण किया. अध्यक्ष अनिता अग्रवाल, सचिव प्रीति पंकज बागला, कार्यक्रम की समन्वयक नितीशा जालान, पूजा केशरी, प्रीति बागला, रितु गारोदिया, संतोष तुल्सियान, उषा खेमका, निमीषा धानूका, डॉली खेतावत, शिल्पा केजरीवाल उपस्थित थीं. निम्न और मध्यम आय वाले परिवारों में तीन में से एक बच्चा कुपोषण से पीड़ित है. इस परियोजना के माध्यम से हमारा लक्ष्य समाज में कुपोषण खत्म करना है. जरूरतमंद परिवार को उनकी आजीविका के लिए सिलाई मशीनें वितरित कीं. बरियातू के पास वृद्धाश्रम में दान भी किया. वृद्धाश्रम में 150 लोगों को भोजन के पैकेट, कोल्ड ड्रिंक और चॉकलेट दान किये गये. वरिष्ठजनों के मनोरंजन और उन्हें खुश करने के लिए उनके बीच खेल भी खेले गए. इसके बाद लिटिल एंजल्स स्कूल और रानी सती विद्यालय स्कूल में क्लीन प्लेट जागरूकता अभियान चलाया. इस क्लीन प्लेट जागरूकता कार्यक्रम में कुल 750 विद्यार्थियों ने भाग लिया. क्लीन प्लेट चैलेंज अभियान के लिए स्कूलों में शपथ समारोह भी किया गया. जेसी सदस्यों के 150 बच्चों के लिए ऑनलाइन क्लीन प्लेट जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया. इस अभियान में हमारे 100 जेसी सदस्यों ने भी भाग लिया.
लेखक के बारे में
By Nutan Kumari
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए