Live Updates

Jharkhand Breaking News: हजारीबाग के केरेडारी में तेल मशीन की चपेट में आने से महिला की मौत

Updated:
विज्ञापन

Jharkhand Breaking News Live Updates: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बनें हमारे साथ…

विज्ञापन

हजारीबाग के केरेडारी में तेल मशीन की चपेट में आने से महिला की मौत

केरेडारी : हजारीबाग जिला अंतर्गत केरेडारी थाना क्षेत्र के छोटकी हेवई में तेल चक्की मशीन की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई. मृतक महिला पार्वती देवी पति बैजू महतो पंचायत हेवई की रहने वाली थी. ग्रामीणों ने बताया कि महिला गांव में तेल मिल का दुकान चलाती थी. बुधवार को तेल मशीन से तेल निकालने का काम कर रही थी. चलती मशीन को साफ कर रही थी. इसी दौरान महिला का साड़ी मशीन में फंस गया और देखते ही देखते महिला को तेल मशीन ने अपनी ओर खींच लिया. दुकान में खड़े लोग घटना को देख कर हक्के-बक्के रह गए. कुछ देर बाद ग्रामीणों ने मशीन को बंद किया. तब तक महिला की मौत हो गयी थी. इस घटना से परिजन समेत गांव में शोक का माहौल है. ग्रामीणों ने बताया कि महिला के पति पैर से दिव्यांग हैं. महिला अपने परिवार का भरण-पोषण के लिए गांव में ही तेल मिल का दुकान चलाती थी. लेकिन, इस घटना से परिजनों के सामने भरण-पोषण की समस्या फिर से उत्पन्न हो गयी. ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को सहयोग करने की मांग स्थानीय प्रशासन से की है.

रांची के टाटीसिलवे डुमरटोली जंगल में नाबालिग से दुष्कर्म, तीन आरोपी गिरफ्तार

नामकुम, राजेश वर्मा : राजधानी रांची के ओरमांझी क्षेत्र से अपनी बहन के घर आई नाबालिग को लिफ्ट देकर टाटीसिलवे थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरटोली जंगल में ले जाकर दुष्कर्म का मामला सामने आया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों में अमित महतो, आशीष महतो (दोनों पुराना चतरा निवासी) और लगन लाल महतो देलवाकुट, टाटीसिलवे निवासी मुख्य है. जानकारी के अनुसार, नाबालिग तीन अन्य युवतियों के साथ अपनी बहन के घर जा रही. दो युवती साईकिल जबकि दो पैदल थी. पैदल जा रही नाबालिगों ने गुजर रहे बाइक सवार से लिफ्ट लीं. कुछ दूर ले जाने के बाद बाइक सवार युवक ने एक नाबालिग को डरा-धमकाकर बाइक से उतार दिया एवं दूसरी नाबालिग को जंगल ले गया जहां उसने दो और दोस्तों को भी जंगल बुलाया. तीनों ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया. इधर, पुलिस ने बुधवार को नाबालिग का मेडिकल कराया.

साहिबगंज के राजमहल में हेराईन बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

राजमहल (साहिबगंज), दिनेश उपाध्याय : साहिबगंज जिले के राजमहल थाना क्षेत्र स्थित खासटोला में छह ग्राम हेरोइन बरामद हुआ. इस मामले में समस्तीपुर निवासी रवि स्वर्णकार को पुलिस गिरफ्तार किया है. बता दें कि सीनियर अधिकारियों के निर्देश पर सीओ प्रीति लता किस्कू, थाना प्रभारी कुंदनकांत विमल एवं एसआई अमन कुमार ने छापमारी कर हेराइन को बरामद किया. पुलिस के मुताबिक, हेरोइन के साथ रवि स्वर्णकार पूर्व में भी गिरफ्तार हो चुका है. जिसमें पश्चिम बंगाल के कालियाचक से हेरोइन सप्लाई का मामला सामने आया था. दूसरी बार राजमहल पुलिस ने एनडीपीएस के तहत कार्रवाई की है.

रांची से गुजरने वाली हटिया-गोरखपुर एक्सप्रेस ट्रेन के समय में हुआ बदलाव

रांची : लखनऊ मंडल के गोरखपुर कैंट (छावनी) यार्ड पर नॉन इंटरलॉकिंग कार्य की वजह से रांची रेल मंडल से परिचालित कई ट्रेनों के प्रस्थान समय में बदलाव किया गया है. इसके तहत ट्रेन संख्या (15027) हटिया-गोरखपुर एक्सप्रेस ट्रेन छह और सात सितंबर, 2023 को अपने निर्धारित प्रस्थान समय के स्थान पर 90 मिनट देर से हटिया से खुलेगी. इसके अलावा नौ सितंबर, 2023 को यह ट्रेन अपने निर्धारित प्रस्थान समय के स्थान पर 240 मिनट यानी चार घंटे देर से हटिया से प्रस्थान करेगी. वहीं, ट्रेन संख्या (15028/15027) गोरखपुर-हटिया-गोरखपुर एक्सप्रेस ट्रेन छह से 11 सितंबर, 2023 तक गोरखपुर कैंट (छावनी) स्टेशन से छपरा स्टेशन के बीच सभी स्टेशनों पर ठहराव होगा.

झुमरीतिलैया के सिटी मैनेजर रिश्वत लेते गिरफ्तार, एसीबी की टीम के साथ हाथापाई

Jharkhand Breaking News: हजारीबाग के केरेडारी में तेल मशीन की चपेट में आने से महिला की मौत

कोडरमा : हजारीबाग से आयी एसीबी की टीम ने कार्रवाई की. इस दौरान नगर परिषद, झुमरीतिलैया के सिटी मैनेजर प्रशांत भारतीय को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है. एक ठेकेदार से 25,000 रुपये रिश्वत लेने के आरोप में एसीबी की टीम ने उसे गिरफ्तार किया. इस दौरान सिटी सिटी मैनेजर व एसीबी की टीम के बीच हाथापाई भी हुई.

जामताड़ा में चोरी करने बंद घर में घुस रहा था युवक, करंट लगने से हुई मौत

जामताड़ा, उमेश : चोरी की नियत से बंद घर में एक युवक घुस रहा था. इसी बीच करंट लगने से युवक की मौत हो गई. घटना जामताड़ा थाना क्षेत्र के फागुडीह गांव की है. मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के सरखेलडीह गांव के सफाउल मियां ( 30 ) के रूप में हुई है. बताया जाता है कि मंगलवार रात को युवक चोरी की नियत से फागुहीह गांव के दिलीप मंडल के बंद घर में छत के रास्ते से घुस रहा था. इसी बीच छत पर 11 हजार वोल्ट का तार की चपेट में आने से मौत हो गई. बुधवार को जब घर के मालिक ने घर खोला तो देखा कि छत पर 11 हजार वोल्ट के बिजली तार में चपेट आने के बाद युवक का शव पड़ा हुआ है. इधर, घटना की जानकारी पुलिस को मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.

विज्ञापन
विज्ञापन
Nutan Kumari

लेखक के बारे में

By Nutan Kumari

Digital and Broadcast Journalist. Having more than 4 years of experience in the field of media industry. Specialist in Hindi Content Writing & Editing.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola