Jharkhand Breaking News: सिमडेगा कोर्ट ने राशि गबन मामले में लैंपस के पूर्व सचिव को 6 साल की सजा सुनायी

Updated:
विज्ञापन

Jharkhand Breaking News Live Updates: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ…

विज्ञापन

सिमडेगा कोर्ट ने राशि गबन मामले में लैंपस के पूर्व सचिव को 6 साल की सजा सुनायी

सिमडेगा (मो इलियास) : सीजेएम आनंदमणि त्रिपाठी की कोर्ट ने सिमडेगा के चर्चित लैंपस में करोड़ों राशि की गबन मामले की सुनवाई करते हुए मुख्य आरोपी लैंपस के सचिव सह कैशियर रहे करमदयाल महतो को दोषी करार देते हुए छह साल की सजा सुनायी. साथ ही 25 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया. जुर्माने की राशि अदा नहीं करने पर एक साल की अतिरिक्त सजा भुगतनी पड़ेगी. सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष से प्रभारी लोक अभियोजक अमित कुमार श्रीवास्तव ने साक्ष्य एवं दलीलें पेश की. उनके द्वारा कुल सात गवाहों की पेशी करायी गयी. मालूम हो कि यह मामला सिमडेगा लैंपस में करोड़ों के गबन से जुड़ा है. सहयोग समितियां के सहायक निबंधक रामनाथ मांझी ने थाने में शिकायत दर्ज करायी थी. जिसमें उन्होंने बताया था कि स्पेशल ऑडिट टीम द्वारा की गयी जांच में गबन का मामला सामने आया था. जिसमें कैशियर करमदयाल महतो पर एक करोड़ 47 लाख 16 हजार 633 रुपये गबन करने का आरोप लगा था. प्राथमिकी में अन्य लोगों पर भी गबन का आरोप है. जिसपर कोर्ट में सुनवाई चल रही है. इधर, कोर्ट ने करमदयाल महतो पर लगे गबन पर सुनवाई पूरी करने के बाद सीजेएम की अदालत ने उसे दोषी माना और सजा सुनायी. बता दें कि करमदयाल महतो पिछले पौने चार से जेल में बंद हैं.

ईडी ऑफिस से बाहर निकले साहिबगंज डीसी, घंटों हुई पूछताछ

रांची : 1,000 करोड़ के अवैध खनन मामले में साहिबगंज डीसी रामनिवास यादव से सोमवार को ईडी ऑफिस में घंटों पूछताछ हुई. इसके बाद देर शाम ईडी ऑफिस से बाहर निकले. इस दौरान साहिबगंज डीसी ने पत्रकारों के सवालों का कोई जवाब नहीं देते हुए अपने वाहन में बैठक चले गये. बता दें कि ईडी ने अवैध खनन मामले में आरोपियों की कथित मदद करने के मामले में साहिबगंज डीसी से ईडी ने दूसरी बार रांची में पूछताछ की.

नेशनल यूथ कांफ्रेंस में भाग लेने रामगढ़ की दो महिलाएं दिल्ली गयी

Jharkhand Breaking News: सिमडेगा कोर्ट ने राशि गबन मामले में लैंपस के पूर्व सचिव को 6 साल की सजा सुनायी

रामगढ़ : ग्लोबल अपॉर्च्यूनिटी यूथ नेटवर्क (जीओवाइएन) अपने कार्यक्रम के तहत देश के विभिन्न राज्यों समेत झारखंड में युवाओं के आर्थिक एवं सामाजिक विकास के लिए कार्यक्रम चला रही है. झारखंड के रामगढ़ जिला में जीओवाइएन टीआरआइएफ, अग्रगति और सपोर्ट संस्था के सहयोग से कार्यक्रम चला रही है. अपने कार्यक्रम के तहत जीओवाइएन दिल्ली के इंडिया हेबिटेट में युवाओं के रोजगार एवं व्यवसाय को लेकर नेशनल यूथ कांफ्रेंस का आयोजन किया गया है. इस यूथ कांफ्रेंस में भाग लेने के लिए यूथ एडवाइजरी ग्रुप की दो ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं दुलमी की सुनीता कुमारी और चितरपुर की शेखा देवी का चयन किया गया है. दोनों कांफ्रेस में भाग लेने के लिए हवाई मार्ग से सोमवार को दिल्ली रवाना हुई. दोनों महिलाएं जिला के युवाओं के रोजगार एवं व्यवसाय को लेकर अपनी बातों को यूथ कांफ्रेंस में रखेंगी.

चट्टीबारियातू कोल परियोजना से कोयला ढुलाई रोकने के मामले में 5 दर्जन लोगों पर FIR

केरेडारी, हजारीबाग (अरुण यादव) : NTPC के चट्टीबारियातू कोल परियोजना से कोयला ढुलाई रोकने के मामले में केरेडारी में पांच दर्जन लोगों पर मामला दर्ज हुआ है. ट्रांसपोर्टिंग रोकने के मामले में एनटीपीसी के जीएम वीएम सिंह, ट्रांसपोर्टिंग कंपनी, नियुक्त दंडाधिकारी जेई निलेश कुमार के आवेदन पर 5 दर्जन से अधिक भू-रैयतों पर मामला दर्ज किया गया. इसके तहत रमेश मुंडा, प्रकाश महतो, सोनी गंझू, प्रमोद साव, लालदेव सोनी, सिकंदर माली, संदीप महतो, रमेश मुंडा, बिगन पासवान, सिकंदर मुंडा, रूपलाल, सुकुल ठाकुर, सुनीता देवी, सोनी राम, राम कुमार दुबे, आदित्य सोनी, शहजाद खान, सतनारायण नायक, धीरेंद्र साव, विवेक सोनी, शंकर गुप्ता, संजय साव, मोहमुद, शमीम मियां, इरशाद मियां, मुबारक मियां, श्यामसुंदर सोनी, संतोष राम, विनोद राम, उर्मिला देवी, संजू देवी, सुरेश भुईयां, तापेश्वर साव समेत लगभग पांच दर्जन लोग नामजद अभियुक्त है. इस संबंध में थाना प्रभारी साधन चंद्र गोराई ने कहा कि एनटीपीसी चट्टीबारियातू कोल परियोजना से कोयला ढुलाई में रैयतों ने रोड काटकर रोक दिया था. इस मामले में दो अलग-अलग मामला दर्ज किया गया. कहा गया कि मामले में छानबीन कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा.

पश्चिमी सिंहभूम की सावनियां पंचायत क्षेत्र में अफीम खेती के खिलाफ चला अभियान

चक्रधरपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत सावनियां पंचायत के पांच गांवों में पुलिस प्रशासन ने अफीम खेती के खिलाफ अभियान चलाया. इस संबंध में बंदगांव थाना प्रभारी विकास कुमार ने बताया कि अफीम की खेती की रोकथाम को लेकर पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसके बावजूद ग्रामीण इसमें सहयोग नहीं कर रहे हैं. बंदगांव थाना की पुलिस ने अंचल के अमीन के साथ सावनियां पंचायत के जलमय, गुईरी, करकालागोर, रोवाउली तथा कातीगंकेल पहुंची. यहां अफीम खेती की मापी करते हुए जमीन मालिकों पर मामला दर्ज किया गया. पुलिस के मुताबिक, जांच के बाद जिन व्यक्तियों का जमीन पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए जेल भेजा जाएगा. उन्होंने बताया कि अफीम की खेती की रोकथाम के लिए लगातार जिला पुलिस द्वारा अभियान चलाया जा रहा है. इधर, इस अभियान का असर भी हुआ है. कई ग्रामीणों ने अफीम की खेती को खुद ही नष्ट किया.

हुसैनाबाद के पूर्व विधायक शिवपूजन मेहता समेत 7 लोगों को दो साल की मिली सजा

पलामू : हुसैनाबाद के पूर्व विधायक कुशवाहा डॉ शिवपूजन मेहता समेत 7 लोगों को दो-दो साल की सजा सुनायी गयी है. कोर्ट ने दो-दो हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है. सरकारी काम में बाधा डालने और बिना अनुमति के सड़क जाम और प्रदर्शन करने के आरोप में कोर्ट ने सजा सुनायी है.

विज्ञापन
विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola