Jharkhand News: दलबदल की शिकायत पर स्पीकर ने दी इरफान, विक्सल व राजेश को नोटिस

Updated at : 27 Aug 2022 10:15 AM (IST)
विज्ञापन
Jharkhand News: दलबदल की शिकायत पर स्पीकर ने दी इरफान, विक्सल व राजेश को नोटिस

कैश कांड में शामिल कांग्रेस के तीन विधायक डॉ इरफान अंसारी, नमन विक्सल कोंगाड़ी और राजेश कच्छप के खिलाफ दलबदल की शिकायत पार्टी ने की है़ कांग्रेस की शिकायत पर स्पीकर रबींद्रनाथ महतो ने कोलकाता में रह रहे तीनों विधायकों को नोटिस भी जारी कर दी है.

विज्ञापन

Jharkhand Political News: कैश कांड में शामिल कांग्रेस के तीन विधायक डॉ इरफान अंसारी, नमन विक्सल कोंगाड़ी और राजेश कच्छप के खिलाफ दलबदल की शिकायत पार्टी ने की है़ कांग्रेस की शिकायत पर स्पीकर रबींद्रनाथ महतो ने कोलकाता में रह रहे तीनों विधायकों को नोटिस भी जारी कर दी है़ एक सितंबर को स्पीकर ने तीनों आरोपी विधायकों को अपना पक्ष रखने को कहा है़ स्पीकर ने अपने अधिवक्ता या मेल के माध्यम से जवाब विधानसभा को भेजने का निर्देश दिया है़

आलमगीर आलम ने दलबदल मामला चलाने का किया आग्रह

पार्टी विधायक भूषण बाड़ा, शिल्पी नेहा तिर्की और अनूप सिंह की शिकायत पर पार्टी विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने तीनों विधायकों पर पार्टी विरोधी होने के कारण दलबदल मामला चलाने का आग्रह स्पीकर रबींद्रनाथ महतो से किया है़ शिकायत करनेवाले पार्टी विधायकों ने कहा है कि इरफान अंसारी, नमन विक्सल कोंगाड़ी और राजेश कच्छप ने भाजपा में शामिल होने के लिए 10 करोड़ रुपये और मंत्री पद का ऑफर किया था़ विधायकों ने पार्टी से कहा है कि कैश कांड में फंसे विधायकों ने फोन पर कहा था कि हेमंत सरकार को छोड़ कर इधर आ जा जाये़ं विधायकों की शिकायत को पार्टी ने गंभीरता से लिया है़ पार्टी का मानना है कि यह दूसरे दल में शामिल होने की गतिविधि है़ पार्टी विरोधी काम है़ पार्टी ने स्पीकर को बताया है कि इन विधायकों के पास से कैश बरामद भी हुए है़

विधायकों को पहले शो-कॉज हुआ था, भेजा जवाब

इन विधायकों को पार्टी ने पहले कारण बताओ नोटिस जारी की है़ विधायकों से कहा गया है कि आप लोग कैश के साथ पकड़े गये है़ं पार्टी विरोधी काम में लिप्त है़ं विधायकों ने बताया कि उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष को अपना जवाब दे दिया है़

क्या कहते हैं विधायक

हम वफादार सिपाही, अनूप से मेरी कोई बात नहीं हुई : इरफान

हमें स्पीकर की नोटिस मिली है़ हमें एक सितंबर तक जवाब देने को कहा गया है़ हम पार्टी के वफादार सिपाही हैं. हम कांग्रेस की नीतियों के साथ हैं. हमने किसी तरह का पार्टी विरोधी काम नहीं किया है़ सोनिया गांधी और राहुल गांधी की नीतियों के साथ है़ं हेमंत सोरेन सरकार के साथ हमने पूरी निष्ठा निभायी है़ अनूप सिंह से मेरी बात नहीं हुई़ किसी विधायक से बात नहीं हुई़ हम लोग क्यों ऑफर करेंगे़ हमारे साथ साजिश हो रही है़

दो महीने की विधायक नेहा तिर्की आरोप लगा रही : राजेश

विधायक राजेश कच्छप ने कहा कि हमें स्पीकर की नोटिस मिली है़ हम इसका जवाब देंगे़ नेहा तिर्की हम पर आरोप लगा रही है़ दो महीना उसे विधायक बने हुआ़ हमने उसके चुनाव में तन, मन और धन लगा दिया़ हमारी उससे कोई बात नहीं हुई है़ हम लोग किसी को क्या ऑफर देंगे़ हम पार्टी आलाकमान के सामने सारी बातें रखेंगे़ विधायक विक्सल कोंगाड़ी ने कहा कि हम लोगों ने किसी को ऑफर नहीं किया है़ हम पार्टी के साथ है़ं

विधायकों के पास मिले थे 49 लाख रुपये कैश

कोलकाता ग्रामीण पुलिस ने एक चेकिंग अभियान के दौरान इरफान अंसारी, विक्सल कोंगाड़ी और राजेश कच्छप को कैश को साथ पकड़ा था़ इन विधायकों के पास से 49 लाख रुपये कैश मिले थे़ इसके बाद इनकी गिरफ्तारी हुई़ पूरे मामले की जांच कोलकाता सीआइडी कर रही है़ फिलहाल ये विधायक कोलकाता हाईकोर्ट के आदेश के बाद जमानत पर बाहर है़ं लेकिन इनको कोलकाता में ही रहने को कहा गया है़

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola