झारखंड : जमशेदपुर में बनेंगी हाइड्रोजन इंजन की गाड़ियां, सीएम हेमंत सोरेन संग टाटा के अधिकारियों ने की चर्चा
Published by : Samir Ranjan Updated At : 14 Jun 2023 5:05 PM
जमशेदपुर में हाइड्रोजन इंजन आधारित गाड़ियों के निर्माण को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ टाटा के अधिकारियों ने चर्चा की. इस बैठक में टाटा स्टील, टाटा मोटर्स और टाटा कमिंस के सीनियर अधिकारियों ने न्यू ग्रीन टेक्नोलॉजी मैन्युफैक्चरिंग प्रोजेक्ट के विस्तार के निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की.
Jharkhand News: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ बुधवार 14 जून, 2023 को झारखंड मंत्रालय में टाटा स्टील, टाटा मोटर्स और टाटा कमिंस के सीनियर अधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक में जमशेदपुर में न्यू ग्रीन टेक्नोलॉजी मैन्युफैक्चरिंग प्रोजेक्ट के विस्तार (हाइड्रोजन टेक्नोलॉजी इंजन आधारित वाहन निर्माण) पर निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई. इसको लेकर टाटा मोटर्स के अधिकारियों द्वारा मुख्यमंत्री के सामने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से ग्रीन टेक्नोलॉजी मैन्युफैक्चरिंग प्रोजेक्ट के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गयी.
हाइड्रोजन इंजन गाड़ियों को बनाने में जुटी टाटा मोटर्स एवं कमिंस कंपनी
टाटा मोटर्स के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष कहा कि जमशेदपुर में न्यू ग्रीन टेक्नोलॉजी मैन्युफैक्चरिंग प्रोजेक्ट के विस्तार (हाइड्रोजन टेक्नोलॉजी इंजन आधारित वाहन निर्माण) पर निवेश की असीम संभावनाएं हैं. टाटा मोटर्स एवं टाटा कमिंस इलेक्ट्रिक वाहनों के साथ-साथ हाइड्रोजन इंजन से चलने वाले वाहन बनाने की तैयारी कर रही है. अधिकारियों ने कहा कि आने वाले 25 से 30 साल तक ऑटोमोबाइल सेक्टर में शून्य कार्बन उत्सर्जन हासिल करना टाटा मोटर्स का लक्ष्य है. टाटा मोटर्स जमशेदपुर में हाइड्रोजन सेगमेंट स्थापित करना चाहती है.
हरित हाइड्रोजन मिशन को प्राप्त करने का लक्ष्य
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से हरित हाइड्रोजन मिशन को प्राप्त किया जा सकेगा. टाटा मोटर्स इन दिनों वाहनों के नए तकनीक पर काम कर रही है. टाटा मोटर्स इलेक्ट्रिक वाहनों के साथ-साथ अब हाइड्रोजन इंजन से चलने वाली गाड़ियों की मैन्युफैक्चरिंग की ओर ध्यान दे रही है. टाटा मोटर्स जमशेदपुर में हाइड्रोजन टेक्नोलॉजी के विस्तार को लेकर निवेश के लिए इच्छुक है. टाटा मोटर्स इस निमित्त राज्य सरकार से सहयोग की अपेक्षा रखती है.
Also Read: झारखंड : हजारीबाग के केरेडारी में नहीं थम रहा नदियों से बालू का उठाव, धड़ल्ले से हो रही ढुलाई
राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा
मुख्यमंत्री ने टाटा स्टील, टाटा मोटर्स एवं टाटा कमिंस के अधिकारियों से हाइड्रोजन इंजन आधारित वाहन मैन्युफैक्चरिंग प्लानिंग की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा उन्हें राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया. मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में ग्लोबल वार्मिंग पूरे विश्व के लिए चुनौती है. भविष्य में ग्रीन टेक्नोलॉजी की ओर आगे बढ़ने की आवश्यकता है. झारखंड में निवेश की अपार संभावनाएं हैं. टाटा मोटर्स नई तकनीक का उपयोग कर स्वच्छ वातावरण में न्यू ग्रीन टेक्नोलॉजी मैन्युफैक्चरिंग प्रोजेक्ट स्थापित करने निमित्त बेहतर मास्टर प्लान बनाकर कार्य करे. राज्य सरकार वाहन निर्माता कंपनी के सहयोग के लिए उनके साथ हमेशा खड़ी रहेगी.
बैठक में इनकी रही उपस्थित
बैठक में राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वंदना दादेल, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, टाटा मोटर्स के ईडी गिरीश वाघ, टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट चाणक्य चौधरी, टाटा कमिंस के एमडी अश्वथ राम, टाटा मोटर्स के वाइस प्रेसिडेंट विशाल बादशाह, टाटा मोटर्स के वाइस प्रेसिडेंट सुशांत नायक सहित संजय मोहन श्रीवास्तव, कनिष्क कुमार, राम फल नेहरा एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Samir Ranjan
Senior Journalist with more than 20 years of reporting and desk work experience in print, tv and digital media
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










