वित्त मंत्री इस्तीफा दें, आदिवासियों की जमीन छीनना बंद करे सरकार, बाबूलाल मरांडी का हेमंत सरकार पर हमला

Updated:
विज्ञापन
पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार पर जमकर निशाना साधा

पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार पर जमकर निशाना साधा

झारखंड की राजनीति में हलचल तेज. बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने वित्त मंत्री को इस्तीफा देने और नगड़ी की आदिवासियों की उपजाऊ जमीन पर रिम्स-2 निर्माण का विरोध करने की सलाह दी है. इन्वेस्टर समिट पर भी सवाल उठाए हैं.

विज्ञापन

Babulal Marandi: झारखंड की राजनीति में इन दिनों हलचल तेज हो गई है. इन्वेस्टर समिट से लेकर सरकार के अंदरूनी मतभेदों तक, विपक्ष हमलावर है. नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने प्रभात खबर डिजिटल से खास बातचीत में हेमंत सोरेन सरकार को आड़े हाथों लिया. उन्होंने वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर को मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने की सलाह दी है, तो वहीं नगड़ी में 'रिम्स-2' के निर्माण के लिए आदिवासियों की उपजाऊ जमीन अधिग्रहण का कड़ा विरोध किया है.

औचित्य नहीं तो छोड़ दें पद : वित्त मंत्री को मरांडी की सलाह

सरकार के अंदर चल रही खींचतान पर कटाक्ष करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि अगर वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर सरकार के कामकाज से संतुष्ट नहीं हैं और पत्र लिखने के बावजूद उनकी सुनवाई नहीं हो रही है, तो उन्हें पद पर बने रहने का कोई औचित्य नहीं है. उन्होंने स्पष्ट कहा, 'मुख्यमंत्री को या तो उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए या उन्हें मंत्रिमंडल से बाहर कर देना चाहिए और अगर मंत्री की कोई नहीं सुन रहा, तो उन्हें खुद त्यागपत्र देकर बाहर निकल जाना चाहिए.'


'नगड़ी की जमीन आदिवासियों की, वहां नहीं बनेगा रिम्स-2'

नगड़ी में रिम्स-2 के निर्माण के प्रस्ताव पर मरांडी ने तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि नगड़ी की जमीन आदिवासियों की खेती की उपजाऊ भूमि है और उस पर जबरन कब्जा करना गलत है. मरांडी ने भावुक होते हुए कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन की आत्मा भी यह देखकर छटपटा रही होगी कि उनके बेटे के शासन में आदिवासियों की उपजाऊ जमीन छीनी जा रही है. उन्होंने सुझाव दिया कि रांची के आसपास बहुत बंजर भूमि है, अस्पताल वहां बनाया जाना चाहिए न कि गरीब आदिवासियों को उजाड़कर.

इन्वेस्टर समिट पर उठाए सवाल, पूछा- "कहां हैं कल्पना सोरेन?"

हाल ही में दिल्ली में आयोजित नेशनल स्टेक होल्डर कंसल्टेंसी 2026 और 80 हजार करोड़ रुपये के निवेश के दावों पर मरांडी ने संदेह जताया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पहले भी विदेश यात्राएं कर चुके हैं, लेकिन नतीजा शून्य रहा है. उन्होंने एक नई बात उठाते हुए कहा कि अमूमन हर सरकारी कार्यक्रम और विदेश दौरों पर मुख्यमंत्री के साथ दिखने वाली श्रीमती कल्पना सोरेन इस बार दिल्ली समिट में क्यों नहीं दिखाई दीं? उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, 'थोड़ा पता करो यार, वो इस बार क्यों नहीं दिखीं.'

यह दलालों और माफिया की सरकार: मरांडी का गंभीर आरोप

मरांडी ने वर्तमान सरकार के चरित्र पर सवाल उठाते हुए इसे 'जमीन दलालों, माफिया और अपराधियों की सरकार' करार दिया. उन्होंने कहा कि आदिवासियों के नाम पर राजनीति करने वाली पार्टी अब उन्हीं को उजाड़ने में लगी है. उन्होंने मांग की कि राज्य सरकार को कृषि भूमि को बचाने के लिए कड़े नियम बनाने चाहिए और निर्माण कार्य केवल पथरीली या बंजर भूमि पर ही होने चाहिए.

ये भी पढ़ें...

मटकुरिया गोलीकांड: पूर्व मंत्री मन्नान मलिक समेत 30 दोषियों को 3 साल की सजा, 15 साल बाद आया फैसला

रांची के पॉश इलाके अशोक नगर में बिल्डर के घर में कैसे हुई लाखों की चोरी? एफआईआर में खुलासा


विज्ञापन
अमलेश नंदन सिन्हा

लेखक के बारे में

By अमलेश नंदन सिन्हा

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola