Ranchi News : लालपुर इलाके में आठ घंटे गुल रही बिजली, लोग परेशान

Updated:
विज्ञापन
Ranchi News : लालपुर इलाके में आठ घंटे गुल रही बिजली, लोग परेशान

बीआइटी एक्सटेंशन के पास अंडरग्राउंड केबल जलने से उत्पन्न हुई समस्या. फॉल्ट ठीक कर बिजली बहाल करने में लग गये आठ घंटे.

विज्ञापन

रांची. 33/11 केवीए कोकर अर्बन सबस्टेशन से जुड़े लालपुर-सर्कुलर रोड इलाके में मंगलवार को करीब आठ घंटे तक बिजली आपूर्ति बंद रही. सोमवार की रात करीब 1:20 बजे जो बिजली गुल हुई, वह मंगलवार की सुबह लगभग नौ बजे आयी. फॉल्ट ठीक करने में लगभग आठ घंटे लग गये. इस दौरान बीआइटी एक्सटेंशन, लालपुर चौक, होटल लैंडमार्क व उसके आगे तक का इलाका, वर्द्धमान कंपाउंड और इससे जुड़े निचले इलाके के हजारों लोग बिजली को लेकर परेशान रहे. ज्ञात हो कि बीआइटी एक्सटेंशन के पास 11 केवीए का अंडरग्राउंड केबल जलने से यह समस्या उत्पन्न हुई. यहां परेशानी इसलिए भी ज्यादा बढ़ गयी, क्योंकि कुछ दिनों पहले पाइपलाइन बिछाने के कारण बीच सड़क के नीचे पहले से ही एक सर्किट डैमेज कर दिया गया था. लेकिन, मुख्य सड़क होने के कारण मार्ग अवरुद्ध कर इसे आज तक बनाया नहीं जा सका. बिजली गुल होने से सारी स्ट्रीट लाइटें भी बुझ गयीं.

फॉल्ट ढूंढ़ने में लग गये तीन घंटे

11 केवीए फीडर में बीआइटी एक्सटेंशन के सामने अंडरग्राउंड केबल में खराबी की जानकारी मिलने के बाद सहायक अभियंता मौके पर पहुंचे. इस दौरान फॉल्ट ढूंढ़ने में कर्मचारियों को करीब तीन घंटे लग गये. इसके पांच घंटे बाद फॉल्ट की मरम्मत कर बिजली पूरी तरह बहाल हो सकी. इधर, मरम्मत के दौरान सुबह करीब पांच-छह बजे बीआइटी एक्सटेंशन कैंपस के अंदर तार में भी फॉल्ट की जानकारी मिली. यहां तेज आवाज के साथ बिजली गुल हो गयी थी. इसके बाद इसकी भी मरम्मत की गयी.

जंपर काट कर कुछ इलाके को दी गयी बिजली

11 केवीए फीडर से लालपुर व सर्कुलर रोड समेत बड़ा इलाका जुड़ा है. देर रात कोकर से पांच बिजली कर्मचारियों का गैंग फॉल्ट ढूंढ़ने के लिए पेट्रोलिंग पर निकला. वहीं, दूसरी पेट्रोलिंग सर्कुलर रोड से जुड़े इलाके में हो रही थी. सुबह तीन बजे तक जब फॉल्ट नहीं मिला, तो बीआइटी एक्सटेंशन के पास जंपर खोल कर अलग कर दिया गया. तब जाकर संबंधित इलाकों के कुछ ट्रांसफॉर्मर को बिजली मिली.

इन्वर्टर भी दे दिया जवाब

बिजली की गुल रहने के बाद दो दर्जन से ज्यादा बड़ी सोसाइटी में रहने वाले लोगों को जनरेटर से बिजली आपूर्ति की गयी. वहीं, आठ घंटे तक लगातार बिजली गुल रहने से ज्यादातर घरों का इन्वर्टर भी जवाब दे गया. इस कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Rajiv Kumar

लेखक के बारे में

By Rajiv Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola