DSPMU में 26 सितंबर को दीक्षांत समारोह, 22 अगस्त से शुरू होगा रजिस्ट्रेशन
डीएसपीएमयू का दीक्षांत समारोह 26 सितंबर को, बैठक करते वीसी
रांची के डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU) में 26 सितंबर 2026 को दीक्षांत समारोह का आयोजन किया जाएगा. इसमें विभिन्न सत्रों के विद्यार्थियों को उपाधि वितरित की जाएगी. 22 अगस्त से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी.
रांची से संजीव सिंह की रिपोर्ट
आपके शहर में
रांची . डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विवि (डीएसपीएमयू) में दीक्षांत समारोह का आयोजन 26 सितंबर 2026 को होगा. इस समारोह में विवि के स्नातक सत्र 2022 से 2025 और स्नातकोत्तर के सत्र 2023 से 2025 और सत्र 2024 से 2026 के विद्यार्थियों के बीच उपाधि वितरण किया जायेगा. समारोह में शामिल होने के लिए 22 अगस्त 2026 से आवेदन करने की प्रक्रिया शुरू होगी.
कुलपति प्रो राजीव मनोहर के कार्यकाल का यह पहला दीक्षांत समारोह होगा. इस आयोजन को लेकर कुलपति ने गुरुवार को विवि की गांधी सभागार में आयोजन समिति के सदस्यों के साथ बैठक की. बैठक में दीक्षांत समारोह के आयोजन की रुपरेखा, विभिन्न कमेटियों के कार्य निर्धारण, डिग्रियों और प्रमाणपत्रों के साथ साथ आयोजन के कार्यान्वयन पर चर्चा की गयी. कुलपति डॉ राजीव मनोहर ने कहा कि इस समारोह के प्रारंभिक चरण की शुरुआत आगामी 22 अगस्त से की जा रही है.
समारोह में उपाधि वितरण के लिए विद्यार्थियों से पंजीकरण के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की जायेगी. पूर्व में भी विवि प्रशासन पूरे मनोयोग से परीक्षा संबंधित सत्र के नियमितीकरण को लेकर कृतसंकल्पित था और आगामी 26 सितंबर 2026 को इस दीक्षांत कार्यक्रम के आयोजन से विवि अपने सत्र नियमित करने के लक्ष्य से काफी निकट होगा. कुलपति ने कहा कि विवि में नामांकन प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है, लेकिन अभी भी विभिन्न विभागों में नये नामांकित कई विद्यार्थियों ने चांसलर पोर्टल पर अपना अपार आईडी दर्ज करने की प्रक्रिया पूरी नहीं की है.
उन्होंने कहा कि ऐसे विद्यार्थियों को अंतिम तौर पर निर्देशित किया जाता है कि वह अनिवार्य रूप से 22 अगस्त 2026 तक अपना अपार आइडी की प्रक्रिया पूरी कर लें, नहीं तो उनका पंजीकरण नहीं हो सकेगा. साथ ही उनका परिचय पत्र भी निर्गत नहीं हो सकेगा. बैठक में कुलसचिव डॉ धनंजय द्विवेदी, डीएसडब्ल्यू डॉ सर्वोत्तम कुमार, प्रॉक्टर डॉ अजय चौधरी, वित्त पदाधिकारी डॉ अनीता मेहता, परीक्षा नियंत्रक डॉ शुचि संतोष बरवार, विज्ञान संकाय की डीन डॉ नमिता सिंह, सामाजिक संकाय के डीन डॉ एसएम अब्बास, मानविकी संकाय के डीन डॉ अयूब, डॉ खुर्शीद अख्तर, डॉ अमित आलोक हेरेंज और पीआरओ डॉ राजेश कुमार सिंह सदस्य के तौर पर उपस्थित थे.
मालूम हो कि राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने राज्य के सभी सरकारी विवि को 30 सितंबर 2026 तक दीक्षांत समारोह का आयोजन कर लेने का निर्देश दिया है.
ये भी पढ़ें: CCL में सतर्कता अभियान शुरू, पांच क्षेत्रों में पारदर्शिता बढ़ाने पर फोकस
ये भी पढ़ें: गाड़ी किनारे मिली, डैम में नहीं मिला शव; विधानसभा कर्मी की तलाश जारी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए