हाथ में बंदूक थामे खेलगांव शूटिंग रेंज में दिखे CM हेमंत सोरेन, बदहाल व्यवस्था पर भड़के, देखें तस्वीरें

Updated:
विज्ञापन

फायरिंग रेंज में निशाना लगाते मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन

Hemant Soren News: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खेलगांव स्थित टिकैत उमराव सिंह शूटिंग रेंज का औचक निरीक्षण किया. बदहाल व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को आधुनिकीकरण और खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. पूरी खबर नीचे पढ़ें…

विज्ञापन

सुनील चौधरी
Hemant Soren News: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को खेलगांव स्थित टिकैत उमराव सिंह शूटिंग रेंज परिसर का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने शूटिंग रेंज की आधारभूत संरचनाओं की बदहाल स्थिति, खिलाड़ियों को उपलब्ध करायी जा रही सुविधाओं और रखरखाव पर कड़ी नाराजगी जतायी. उन्होंने अधिकारियों को शूटिंग रेंज के पूरे आधुनिकीकरण और समयबद्ध सुधार के लिए कार्ययोजना तैयार कर उसे जल्द लागू करने का निर्देश दिया.

आपके शहर में

विज्ञापन

10, 25 और 50 मीटर शूटिंग रेंज का लिया जायजा

मुख्यमंत्री ने 10 मीटर, 25 मीटर और 50 मीटर शूटिंग रेंज का निरीक्षण कर आधारभूत संरचना, शूटिंग उपकरण, सुरक्षा मानकों, प्रशिक्षण व्यवस्था और खिलाड़ियों को उपलब्ध करायी जा रही सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों से पूरी जानकारी ली और कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. निरीक्षण के दौरान पेयजल, सुरक्षा, उपकरणों की उपलब्धता और परिसर के रखरखाव को लेकर भी उन्होंने असंतोष जताया. मौके पर खेल मंत्री सुदिव्य कुमार भी मौजूद थे.

शूटिंग रेंज का निरीक्षण करते मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन

खिलाड़ियों को मिले विश्वस्तरीय सुविधाएं : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड खेल प्रतिभाओं की धरती है. राज्य के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर झारखंड का नाम रोशन किया है. ऐसे में उन्हें विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और अत्याधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रशिक्षण व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाये तथा ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी बेहतर अवसर उपलब्ध कराये जायें, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में राज्य का प्रतिनिधित्व कर सकें.

सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश

उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और आत्मविश्वास का भी आधार है. राज्य सरकार खेल अवसंरचना के विकास, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और उन्हें हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शूटिंग रेंज में निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जायें, ताकि यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के अनुरूप प्रशिक्षण प्राप्त कर सकें. उन्होंने शूटिंग उपकरणों के आवश्यक सुधार, बेहतर रखरखाव, नियमित मॉक ड्रिल, फायर एक्सटिंग्विशर और फायर हाइड्रेंट व्यवस्था को दुरुस्त रखने तथा सीसीटीवी निगरानी प्रणाली को प्रभावी बनाने का भी निर्देश दिया.

निरीक्षण करते मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन

खुद राइफल से लगाया निशाना

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने शूटिंग राइफल से निशाना भी साधा और वहां अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों से बातचीत कर उनकी जरूरतों और प्रशिक्षण व्यवस्था की जानकारी ली. निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव अविनाश कुमार, खेलकूद विभाग के सचिव मुकेश कुमार सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित थे. मुख्यमंत्री ने एक्स पर कुछ तस्वीरें पोस्ट की और लिखा, ‘आज खेलगांव में शूटिंग रेज और विभिन्न स्थलों का औचक निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को कई दिशा-निर्देश दिए. झारखंड के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने, और खेल संरचना को उत्कृष्ट बनाने भी के लिए अभी कई सुधार करने की आवश्यकता है, जिसे राज्य सरकार द्वारा तेज गति से किया जा रहा है.’

खिलाड़ियों से बात करते मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन

ये भी पढ़ें…

झारखंड हाईकोर्ट ने शिव शंकर शर्मा की रिव्यू याचिका खारिज की, 50 हजार का जुर्माना बरकरार

झारखंड में ISIS-अलकायदा से जुड़े 61 संदिग्ध एटीएस के रडार पर, जांच और कार्रवाई की तैयारी तेज

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola