बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में बनेगी झारखंड बीजेपी की नयी कमेटी, इन जिलाध्यक्षों का पत्ता कटना तय
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 06 Jul 2023 7:31 AM
झारखंड में नयी कमेटी से कई जिलाध्यक्षों की छुट्टी तय है. कई नये चेहरे को जिम्मेवारी मिलेगी. कोल्हान, संताल परगना के कई जिलाध्यक्षों की छुट्टी हो सकती है.
प्रदेश भाजपा की कमान बाबूलाल मरांडी के हाथों में हैं. श्री मरांडी के नेतृत्व में नयी कमेटी बनेगी. चुनाव सामने है, ऐसे में कमेटी का जल्द से जल्द गठन होना तय है. एक महीने के अंदर कमेटी बन सकती है. नयी कमेटी से कई जिलाध्यक्षों की छुट्टी तय है. कई नये चेहरे को जिम्मेवारी मिलेगी. कोल्हान, संताल परगना के कई जिलाध्यक्षों की छुट्टी हो सकती है.
वहीं कुछ जिलाध्यक्ष लगातार दो कार्यकाल पूरा कर चुके हैं. पार्टी संविधान के अनुसार इनको तीसरी बार मौका नहीं मिल सकता है. इस प्रावधान के तहत चतरा से अशोक शर्मा, धनबाद से चंद्र शेखर सिंह, गढ़वा से ओम प्रकाश सहित अन्य लोगों का जिलाध्यक्ष से हटना तय है. देवघर के जिलाध्यक्ष नारायण दास और दुमका जिलाध्यक्ष परितोष सोरेन आने वाले विधानसभा में पार्टी प्रत्याशी होंगे.
इन दोनों जिलाध्यक्षों को भी जिम्मेवारी मुक्त की जा सकती है. प्रदेश कमेटी में प्रदेश अध्यक्ष सहित 22 लोग हैं. इस कमेटी में कई नेताओं को जवाबदेही मिल सकती है. सूचना के अनुसार प्रदेश के कई नेताओं को इसमें जगह दी जा सकती है.
भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनाये जाने के बाद समर्थकों और कार्यकर्ताओं से मिले स्नेह और बधाई के प्रति आभार जताया है. श्री मरांडी ने कहा है कि चलो साथियों मिल कर लड़ेंगे. श्री मरांडी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि आपको विश्वास दिलाता हूं कि आपके हितों की रक्षा के लिए हम सदन से सड़क तक संघर्ष करेंगे.
घोर अंधकार की ओर जा रहे झारखंड में विश्वास का दीपक जलायेंगे. उन्होंने कहा कि झारखंड में झामुमो का सफाया होने जा रहा है. कांग्रेस वैसे ही लंगड़ी पार्टी बन गयी है. उन्होंने कहा कि बेहिसाब पैसा बनाने वाले, प्राकृतिक संपदा और गरीब आदिवासियों को लूट कर अपना घर भरनेवालों के बीच खलबली मची है. झारखंड में लूटतंत्र स्थापित करनेवाले बिचौलिओं में भी बेचैनी है. श्री मरांडी ने कहा िक राज्य में कहीं कोई विकास का काम नहीं हो रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










