Political news : अंबा प्रसाद का आरोप, भाजपा सांसद के भाई ने फोन पर दी धमकी

केरेडारी थाना में दिया आवेदन, सबूत के तौर पर पेन ड्राइव सौंपा. ऋत्विक कंपनी के मालिक सीएम रमेश हैं, जो आंध्रप्रदेश से भाजपा के सांसद हैं.
रांची.
पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने ऋत्विक कंपनी पर अवैध खनन और धमकी देने का आरोप लगाया है. उन्होंने इस संबंध में केरेडारी थाना में आवेदन दिया है. उन्होंने कंपनी के मालिक सीएम रमेश के भाई पर धमकी देने का आरोप लगाया है. अंबा प्रसाद ने सबूत के तौर पर एक पेन ड्राइव भी सौंपा है, जिसमें धमकी भरी बातचीत की रिकॉर्डिंग है. उन्होंने इस पूरे मामले की जानकारी पार्टी के सभी नेताओं को दी है.अवैध खनन को लेकर आवाज उठाने पर दी गयी धमकी
शनिवार को एचइसी आवासीय परिसर के एफ-44 क्वार्टर में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए अंबा प्रसाद ने कहा कि झारखंड में खनिजों की लूट होती रही है, जिसके खिलाफ बिरसा मुंडा, दिशोम गुरु शिबू सोरेन और कई लोगों ने लड़ाई लड़ी है. बड़कागांव में खनिजों के अवैध खनन के खिलाफ आवाज उठाने पर पूर्व मंत्री योगेंद्र साव व पूर्व विधायक निर्मला देवी को जेल में डाला गया. उन्होंने कहा कि ऋत्विक कंपनी के मालिक सीएम रमेश हैं, जो आंध्रप्रदेश से भाजपा के सांसद हैं. उन्होंने कहा कि जब अवैध खनन को लेकर आवाज उठायी, तो सीएम रमेश के भाई ने उन्हें फोन पर धमकी दी कि वे उनका राजनीतिक करियर खत्म कर देंगे. अंबा प्रसाद ने कहा कि यह हैरान करने वाली बात है कि राज्य में कांग्रेस-झामुमो की गठबंधन सरकार होने और एक महिला व पूर्व विधायक होने के बावजूद उन्हें इस तरह से धमकाया जा रहा है.
पुलिस-प्रशासन का मिला है संरक्षण
उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी को पुलिस और प्रशासन का संरक्षण प्राप्त है, जिसकी वजह से वे बेखौफ होकर अवैध खनन कर रहे हैं. अंबा प्रसाद ने कहा कि लोगों को न तो उचित मुआवजा मिल रहा है और न ही उनके अधिकार दिये जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि रविवार को मेरे घर पर 400 जवान पहुंचे और ड्राइवर को उठा लिया. इससे यह साबित होता है कि पूरा प्रशासन कंपनी के इशारे पर काम कर रहा है.सीएम से कार्रवाई की मांग
अंबा प्रसाद ने मुख्यमंत्री से अपील की है कि वे इस मामले की गंभीरता को समझें और इन माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें. उन्होंने स्पष्ट किया कि वे इस धमकी से डरने वाली नहीं हैं और अपनी लड़ाई जारी रखेंगी. उन्होंने कहा कि यह लड़ाई उनके परिवार की नहीं, बल्कि झारखंड के लोगों और उनकी खनिज संपदा की है, जिसे बाहरी लोग लूट रहे हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




