ePaper

झारखंड विधानसभा चुनाव : चुनाव आयोग ने जारी की पहले चरण की अधिसूचना, नामांकन शुरू

Updated at : 06 Nov 2019 1:17 PM (IST)
विज्ञापन
झारखंड विधानसभा चुनाव : चुनाव आयोग ने जारी की पहले चरण की अधिसूचना, नामांकन शुरू

रांची : झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण की अधिसूचना जारी होने के साथ ही बुधवार से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गयी. प्रत्याशी 13 नवंबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे. नामांकन पत्रों की जांच 14 नवंबर को होगी और नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 16 नवंबर रखी गयी है. 30 नवंबर को पहले […]

विज्ञापन

रांची : झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण की अधिसूचना जारी होने के साथ ही बुधवार से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गयी. प्रत्याशी 13 नवंबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे. नामांकन पत्रों की जांच 14 नवंबर को होगी और नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 16 नवंबर रखी गयी है. 30 नवंबर को पहले चरण में 6 जिलों की 13 विधानसभा सीटों पर 37,34,814 लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. पहले चरण में चतरा, गुमला, लोहरदगा और लातेहार जैसे घोर नक्सल प्रभावित जिलों के अलावा पलामू और गढ़वा में भी चुनाव होंगे.

30 नवंबर को चतरा जिला की चतरा (एससी), गुमला जिला की गुमला और बिशुनपुर (दोनों एसटी के लिए आरक्षित), लोहरदगा (एसटी), लातेहार जिला की दो सीटों मनिका (एसटी) और लातेहार (एससी), पलामू जिला की पांच सीटों पांकी, डाल्टनगंज, बिश्रामपुर, छतरपुर (एसी), हुसैनाबाद, गढ़वा और भवनाथपुर पर चुनाव होंगे.

पहले चरण की 13 में से 5 सीटें इस वक्त भाजपा के कब्जे में हैं. एक सीट पर झामुमो, एक पर कांग्रेस, 1 पर आजसू, एक पर एनएसएएम और एक सीट पर बसपा काबिज है. वर्ष 2014 के विधानसभा चुनावों में दो सीटें लातेहार (एससी) और डाल्टनगंज पर जेवीएम ने जीत दर्ज की थी, लेकिन इन दोनों क्षेत्रों के विधायक भाजपा में शामिल हो चुके हैं.

इसी तरह गढ़वा जिला के भवनाथपुर के विधायक भानुप्रताप शाही, जो एनएसएएम के टिकट पर जीतकर विधानसभा पहुंचे थे, अब भाजपा में हैं. लोहरदगा (एसटी) से कांग्रेस के टिकट पर विधानसभा पहुंचे सुखदेव भगत भी अब भाजपा में शामिल हो चुके हैं.

इस तरह इस चरण की 13 में से 10 सीटों पर अब भाजपा को अन्य दलों से चुनौती मिलेगी. एक और बड़ा फेरबदल यह हुआ है कि हुसैनाबाद के बसपा के विधायक अब आजसू में शामिल हो चुके हैं. झामुमो को गुमला की बिशुनपुर (एसटी) और कांग्रेस को पांकी में अपनी सीट बचाने के लिए संघर्ष करना होगा.

13 सीट पर 9 दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर

पहले चरण में रामचंद्र चंद्रवंशी, सुखदेव भगत, राधाकृष्ण किशोर, शिवशंकर उरांव, चमरा लिंडा, केएन त्रिपाठी, भानु प्रताप शाही, गिरिनाथ सिंह, सत्येंद्र नाथ तिवारी जैसे दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर होगी.

पलामू में अंजू सिंह ने खरीदा पहला पर्चा

पलामू में अंजू सिंह ने पहला पर्चा खरीदा है. अंजू सिंह वर्ष 2014 में स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ी थीं. वह दूसरे स्थान पर रही थीं. हाल में वह झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) में शामिल हुईं, लेकिन अभी पार्टी की ओर से टिकट का एलान नहीं हुआ है. फिलहाल उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में टिकट खरीदा है. नामांकन दाखिल करते समय प्रत्याशी को 10 हजार रुपये जमानत की राशि जमा करनी होगी.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola