झारखंड में पाला बदलने का खेल पुराना, दो विधायक बदल चुके हैं पाला, जेपी पटेल समेत कई हैं कतार में

Published at :23 Oct 2019 7:13 AM (IST)
विज्ञापन
झारखंड में पाला बदलने का खेल पुराना, दो  विधायक  बदल चुके हैं पाला, जेपी पटेल समेत कई हैं कतार में

सतीश कुमार चुनाव से पहले मौके की नजाकत भांप कर पाला बदल लेते हैं नेता रांची : झारखंड की राजनीति में दल बदल कर चुनाव लड़ने की परंपरा पुरानी है. एक बार फिर से बिसात बिछ चुकी है. पिछले लोकसभा चुनाव के पहले से शुरू हुआ पाला बदलने का खेल बदस्तूर जारी है. विधानसभा चुनाव […]

विज्ञापन
सतीश कुमार
चुनाव से पहले मौके की नजाकत भांप कर पाला बदल लेते हैं नेता
रांची : झारखंड की राजनीति में दल बदल कर चुनाव लड़ने की परंपरा पुरानी है. एक बार फिर से बिसात बिछ चुकी है. पिछले लोकसभा चुनाव के पहले से शुरू हुआ पाला बदलने का खेल बदस्तूर जारी है. विधानसभा चुनाव की अभी घोषणा नहीं हुई है. इसके बावजूद अब तक दो विधायकों ने मौके की नजाकत को भांप कर दूसरे दलों का दामन थाम लिया है. वहीं झामुमो विधायक जयप्रकाश भाई पटेल समेत विभिन्न दलों के आधा दर्जन से अधिक विधायक दल-बदल की कतार में खड़े हैं.
पाला बदलने के खेल में कोई दल अछूता नहीं है. टिकट की आस में नेता अपनी पुरानी पार्टी के खिलाफ ताल ठोक कर खड़ा हो जाते हैं. झारखंड के कई बड़े नेताओं ने दल-बदल कर चुनाव लड़ा. इसमें कई नेता जीते, तो कई को हार का सामना करना पड़ा है. झाविमो विधायक प्रकाश राम ने भाजपा व आजसू विधायक विकास मुंडा ने झामुमो का दामन थाम लिया है. हालांकि पाला बदलने का खेल चुनाव से पहले तक जारी रहेगा. टिकट नहीं मिलने की स्थिति में फिर से नेता दल बदल सकते हैं.
झाविमो के छह विधायक भाजपा में हुए थे शामिल : पिछले विधानसभा चुनाव के बाद झाविमो के छह विधायक पाला बदलते हुए भाजपा में शामिल हो गये थे. इसमें से फिलहाल रणधीर सिंह व अमर बाउरी मंत्री हैं. वहीं जानकी यादव झारखंड आवास बोर्ड, गणेश गंझू झारखंड कृषि विपणन पर्षद व विधायक आलोक चौरसिया झारखंड वन विकास निगम के अध्यक्ष हैं. इनके अलावा नवीन जायसवाल को भाजपा में प्रदेश मंत्री का दायित्व सौंपा गया है. भाजपा में शामिल विधायक एक बार फिर से चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं.
झाविमो, कांग्रेस के बाद अब आप के हो गये डॉ अजय : आइपीएस अधिकारी डॉ अजय कुमार ने राजनीति की शुरुआत झाविमो से की थी. झाविमो की टिकट पर जमशेदपुर से सांसद बने. फिर कांग्रेस का दामन थामा. पहले उन्हें कांग्रेस में राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाया गया. इसके बाद उन्हें झारखंड प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेवारी सौंपी गयी. अब वह पाला बदल कर आम आदमी पार्टी में शामिल हो गये हैं.
झामुमो से भाजपा में आये अर्जुन मुंडा बने मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्री: पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने अपनी राजनीति की शुरुआत झामुमो से की थी. झामुमो की टिकट पर वे पहली बार 1995 में विधायक बने. इसके बाद भाजपा में शामिल हुए. भाजपा में विधायक बनने के बाद तीन बार मुख्यमंत्री बने. फिलहाल वे खूंटी से चुनाव जीत कर जनजातीय मामलों के केंद्रीय मंत्री हैं.
झामुमो से विद्युत भाजपा में अाने पर दो बार सांसद बने : विद्युत वरण महतो ने भी राजनीति का पाठ झामुमो से ही पढ़ा. झामुमो की टिकट पर ही विधायक बने. इसके बाद वर्ष 2014 में इन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की. इसके बाद लगातार दो बार जमशेदपुर सीट से चुनाव लड़े और जीते. फिलहाल वह सांसद हैं.
कांग्रेस से सिंबल लेने के बाद भाजपा से चुनाव लड़े और हारे अनंत प्रताप : पिछले विधानसभा चुनाव में अनंत प्रताप देव कांग्रेस के विधायक थे. उन्होंने भवनाथपुर से चुनाव लड़ने को लेकर कांग्रेस का सिंबल तक ले लिया था. इसी दौरान दिल्ली से लौटने के बाद उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली और उसी के टिकट पर चुनाव लड़ा. लेकिन जनता ने उन्हें नकार दिया और उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा.
भाजपा से झाविमो गये, फिर लौटे भाजपा और बने प्रदेश अध्यक्ष : सांसद रवींद्र राय भाजपा में विधायक थे. इसके बाद बाबूलाल मरांडी ने झाविमो का गठन किया. रवींद्र राय ने भाजपा छोड़ कर झाविमो का दामन थामा. दो वर्ष तक झाविमो में रहे और फिर भाजपा लौट आये. भाजपा ने इन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाया. वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में कोडरमा से भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ कर सांसद बने, लेकिन 2019 में इनका टिकट काट दिया गया.
अन्नपूर्णा भाजपा और गीता बनी कांग्रेस की सांसद : लोकसभा चुनाव से पहले राजद की प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी ने पार्टी को छोड़ भाजपा का दामन थाम लिया था. भाजपा ने इन्हें कोडरमा से चुनाव में उतारा. फिलहाल वे भाजपा की सांसद हैं.पिछले लोकसभा चुनाव से पहले जय भारत समानता पार्टी की विधायक गीता कोड़ा ने कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया था. सिंहभूम लोकसभा सीट से कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ कर सांसद बनी.
दल बदलने वाले प्रमुख नेता
नाम पद कहां थे कहां गये
प्रकाश राम विधायक झाविमो भाजपा
विकास मुंडा विधायक आजसू झामुमो
मनोज भुईंया पूर्व सांसद झाविमो भाजपा
अन्नपूर्णा देवी पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजद भाजपा
गिरिनाथ सिंह पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजद भाजपा
जनार्दन पासवान पूर्व िवधायक राजद भाजपा
जलेश्वर महतो पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जदयू कांग्रेस
गीता कोड़ा विधायक जभासपा कांग्रेस
नीलम देवी — झाविमो भाजपा
प्रभात भुइयां — झाविमो भाजपा
दुलाल भुइयां पूर्व िवधायक बसपा झामुमो
सालखन मुर्मू अध्यक्ष झािदपा जदयू
दल बदलने में ये नेता भी रहे हैं शामिल
इंदर सिंह नामधारी, आभा महतो, शैलेंद्र महतो, लालचंद महतो, रामचंद्र केसरी, हेमलाल मुर्मू, साइमन मरांडी, स्टीफन मरांडी, राधाकृष्ण किशोर, नागमणि व अन्य.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola