ePaper

रांची : बेटी जूही ने निभाया बेटे का फर्ज, राजकीय सम्मान के साथ एसीजे प्रशांत कुमार का किया गया अंतिम संस्कार

Updated at : 31 Aug 2019 5:08 AM (IST)
विज्ञापन
रांची : बेटी जूही ने निभाया बेटे का फर्ज, राजकीय सम्मान के साथ एसीजे प्रशांत कुमार का किया गया अंतिम संस्कार

रांची : झारखंड हाइकोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस (एसीजे) प्रशांत कुमार (61 वर्ष) का राजकीय सम्मान के साथ शुक्रवार को हरमू मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया गया. उनकी ज्येष्ठ पुत्री जूही प्रशांत ने इस कठिन घड़ी में बेटे का फर्ज निभाते हुए पिता को मुखाग्नि दी. हालांकि मुखाग्नि देने के बाद जूही का धैर्य जवाब […]

विज्ञापन
रांची : झारखंड हाइकोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस (एसीजे) प्रशांत कुमार (61 वर्ष) का राजकीय सम्मान के साथ शुक्रवार को हरमू मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया गया. उनकी ज्येष्ठ पुत्री जूही प्रशांत ने इस कठिन घड़ी में बेटे का फर्ज निभाते हुए पिता को मुखाग्नि दी. हालांकि मुखाग्नि देने के बाद जूही का धैर्य जवाब दे गया और व फफक-फफक कर रोने लगी.
वह बार-बार बेसुध हो जा रही थी. उसे परिवार के लोगों ने संभाला. यह देख मुक्तिधाम का माहाैल गमगीन हो गया. यहां मौजूद अन्य लोगों की आंखें भी नम हो गयीं. इस दौरान जवानों ने उन्हें बंदूक से सलामी दी. मुक्तिधाम परिसर में हाइकोर्ट के न्यायाधीश, सरकार के अधिकारी, अधिवक्ता आदि मौजूद थे.
शुक्रवार की सुबह 5.16 बजे मेडिका अस्पताल में जस्टिस प्रशांत कुमार का निधन हो गया था. मेडिका अस्पताल से पार्थिव शरीर डोरंडा स्थित सरकारी आवास पर लाया गया. ढाई बजे हाइकोर्ट परिसर में प्रशांत कुमार का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया. यहां पर सम्मान के साथ तिरंगे से पार्थिव शरीर को ढंका गया. जैप के जवानों ने गार्ड अॉफ अॉनर दिया.
हाइकोर्ट के नव नियुक्त एक्टिंग चीफ जस्टिस एचसी मिश्र, जस्टिस अपरेश कुमार सिंह, जस्टिस एस चंद्रशेखर, जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद, जस्टिस रंगन मुखोपाध्याय, जस्टिस एबी सिंह, जस्टिस बीबी मंगलमूर्ति, जस्टिस डॉ एसएन पाठक, जस्टिस रत्नाकर भेंगरा, जस्टिस राजेश शंकर, जस्टिस अनिल कुमार चाैधरी, जस्टिस राजेश कुमार, जस्टिस कैलाश प्रसाद देव, जस्टिस संजय कुमार द्विवेदी, जस्टिस दीपक राैशन, जस्टिस अनुभा रावत चाैधरी सहित अन्य न्यायाधीशगण, महाधिवक्ता सह झारखंड स्टेट बार काउंसिल के अध्यक्ष अजीत कुमार, मुख्य सचिव डीके तिवारी, अपर मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, प्रधान शिक्षा सचिव एपी सिंह, डीजीपी कमल नयन चाैबे, रजिस्ट्रार जनरल अंबुज नाथ, प्रोटोकॉल अॉफिसर मिथिलेश कुमार, पूर्व महाधिवक्ता आरएस मजूमदार, एडवोकेट एसोसिएशन की अध्यक्ष रितू कुमार, कोषाध्यक्ष धीरज कुमार, बार एसोसिएशन झारखंड हाइकोर्ट के अध्यक्ष एमएम शर्मा, महासचिव डॉ एसके वर्मा, अधिवक्ता, हाइकोर्ट के अधिकारी व कर्मचारियों ने फूल माला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. हाइकोर्ट में शोक में तिरंगा को झुका दिया गया.
जस्टिस प्रशांत कुमार को जानिये
प्रशांत कुमार का जन्म एक जुलाई 1958 को हुआ था. स्कूली शिक्षा छपरा से हुई थी. बीएससी उदय प्रताप सिंह डिग्री कॉलेज से की व हरिश्चंद्र लॉ कॉलेज वाराणसी से एलएलबी की डिग्री ली थी. एक अक्तूबर 1980 को बिहार स्टेट बार काउंसिल से वकालत का लाइसेंस मिलने के बाद पटना हाइकोर्ट में वकालत शुरू की. उन्होंने पटना हाइकोर्ट की रांची बेंच में 1980 से लेकर 1991 तक प्रैक्टिस की. इसके बाद वह छह मई 1991 को एडीजे पद पर नियुक्त हुए. जून 2001 में डिस्ट्रिक्ट जज के पद पर प्रोन्नति मिली.
21 जनवरी 2009 को प्रशांत कुमार झारखंड हाइकोर्ट के न्यायाधीश बनाये गये. 19 मई 2016 को उन्हें इलाहाबाद हाइकोर्ट स्थानांतरित किया गया. इलाहाबाद से स्थानांतरण के बाद 10 मई 2019 को उन्होंने पुन: झारखंड हाइकोर्ट के न्यायाधीश पद की शपथ ली. सात जून 2019 से वे झारखंड हाइकोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस के दायित्वों का निर्वहन कर रहे थे.
हरमू मुक्तिधाम में पिता को मुखाग्नि देने के बाद बेटी जूही का धैर्य जवाब दे गया और व फफक-फफक कर रोने लगी़ इस दौरान वह बार-बार बेसुध हो जा रही थी़ परिवार के लोग उसे संभाल रहे थे. यह दृश्य देख वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गयीं़ इधर, शोक में हाइकोर्ट में तिरंगा झुका दिया गया.
रांची : सीएम व केंद्रीय मंत्री ने जताया शोक
रांची : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने एक्टिंग चीफ जस्टिस प्रशांत कुमार के निधन पर शोक प्रकट किया. उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मिल कर उन्हें सांत्वना दी. केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने श्रद्धांजलि देने के बाद कहा कि प्रशांत कुमार के निधन से न्यायिक जगत व झारखंड को बड़ी क्षति पहुंची है.
उन्होंने कहा कि जब वे मुख्यमंत्री थे, तो उस समय प्रशांत बाबू विधि सचिव हुआ करते थे. उनके साथ उन्हें बहुत नजदीक से काम करने का मौका मिला था. झारखंड स्टेट बार काउंसिल के अध्यक्ष सह महाधिवक्ता अजीत कुमार ने प्रशांत कुमार के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि न्यायिक जगत के लिए यह अपूरणीय क्षति है. स्टेट बार काउंसिल के उपाध्यक्ष राजेश कुमार शुक्ल ने कहा कि उनका निधन झारखंड की न्यायपालिका के लिए अपूरणीय क्षति है.
बार काउंसिल के पूर्व चेयरमैन व वरीय अधिवक्ता पीसी त्रिपाठी ने कहा कि एसीजे प्रशांत कुमार मिलनसार थे. पूर्व महाधिवक्ता आरएस मजूमदार ने कहा कि जस्टिस प्रशांत कुमार उन्हें छोटे भाई की तरह मानते थे. पूर्व सांसद अजय मारू, एडवोकेट एसोसिएशन की अध्यक्ष रितु कुमार, कोषाध्यक्ष धीरज कुमार, बार एसोसिएशन झारखंड हाइकोर्ट के अध्यक्ष एमएम शर्मा, महासचिव डॉ एसके वर्मा, अधिवक्ता लिपिक संघ के अध्यक्ष डीसी मंडल, सचिव आरएन द्विवेदी आदि ने भी शोक जताया.
झारखंड विधानसभा में शोकसभा : झारखंड विधानसभा में झारखंड हाइकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश प्रशांत कुमार के निधन पर शुक्रवार को शोकसभा का आयोजन किया गया. विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव ने प्रशांत कुमार के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी कार्यशैली और उनका मधुर स्वभाव आनेवाली पीढ़ी को सदैव प्रेरित करेगी.
श्री कुमार मूल रूप से छपरा के रहनेवाले थे. सात जून से झारखंड उच्च न्यायालय में कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में अपनी सेवा दे रहे थे. शोकसभा में विधानसभा के सचिव महेंद्र प्रसाद सहित सभा सचिवालय के पदाधिकारी एवं कर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.
शिबू-हेमंत ने शोक जताया : झारखंड हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश प्रशांत कुमार के निधन पर झामुमो नेता शिबू सोरेन और हेमंत सोरेन ने शोक जताया है. झामुमो नेताओं ने कहा कि न्यायाधीश के निधन से गहरा दुख हुआ है. उनके शोक संतप्त परिवार को ईश्वर दुख सहने की शक्ति प्रदान करे. दिवंगत आत्मा को चिर शांति प्राप्त हो़
कानून के विद्वान थे जस्टिस प्रशांत : सुदेश : आजसू पार्टी के अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने झारखंड हाइकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश प्रशांत कुमार के निधन पर शोक व्यक्त किया है. श्री महतो ने कहा कि कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश कानून के विद्वान थे. ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे. परिवार को दुख सहने की शक्ति प्रदान करे़
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola