रांची विश्वविद्यालय : पांच पदों के लिए अब 11 उम्मीदवार, उपाध्यक्ष पद के एक प्रत्याशी ने वापस लिया नाम
Updated at : 09 Dec 2018 8:24 AM (IST)
विज्ञापन

रांची : रांची विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव के लिए नाम वापस लेने की तिथि शनिवार शाम चार बजे समाप्त हो गयी. उपाध्यक्ष पद के एक प्रत्याशी ने अपना नाम वापस ले लिया. नाम वापसी के बाद पांच पदों के लिए 11 प्रत्याशी मैदान में बचे हैं. अध्यक्ष पद के लिए तीन व उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त […]
विज्ञापन
रांची : रांची विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव के लिए नाम वापस लेने की तिथि शनिवार शाम चार बजे समाप्त हो गयी. उपाध्यक्ष पद के एक प्रत्याशी ने अपना नाम वापस ले लिया. नाम वापसी के बाद पांच पदों के लिए 11 प्रत्याशी मैदान में बचे हैं. अध्यक्ष पद के लिए तीन व उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव व उप सचिव पद के लिए दो-दो उम्मीदवार हैं. नाम वापसी के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने उम्मीदवारों की फाइनल लिस्ट जारी कर दी.
प्रत्याशी 11 दिसंबर शाम चार बजे तक चुनाव प्रचार कर सकेंगे. 13 दिसंबर को दिन के 10.30 से चार बजे तक मतदान होगा. इसके बाद मतगणना होगी. विजयी प्रत्याशियों का शपथ ग्रहण भी 13 दिसंबर को ही हाेगा. चुनाव, मतगणना व शपथ ग्रहण कार्यक्रम विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर भूगर्भ शास्त्र विभाग में होगा. विश्वविद्यालय स्तर पर चुनाव अप्रत्यक्ष प्रणाली से होगा. चुनाव में कॉलेज व पीजी विभाग के छात्र प्रतिनिधि भाग लेंगे.
कॉलेज व पीजी विभाग स्तर पर 80 छात्र प्रतिनिधियों का चयन किया गया है. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने सभी पांच पदों पर, आदिवासी छात्र संघ ने तीन व आजसू ने दो पदों पर अपना उम्मीदवार उतारा है. अध्यक्ष पद के लिए पीजी छात्र संघ के कुलपति मुंडा ने भी अपना नामांकन किया है. चुनाव को लेकर सभी छात्र संगठन अपनी संख्या बढ़ाने में लगे हुए हैं. एक पद पर जीत के लिए 41 वोट की आवश्यकता होगी.
विद्यार्थी परिषद को तोड़े बिना जीत नहीं : रांची विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में जीत के लिए 41 वोट की आवश्यकता होगी. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का दावा है कि उनके 42 प्रतिनिधि कॉलेज व पीजी विभाग स्तरीय चुनाव में चुने गये हैं. ऐसे में विपक्षी गुट के लिए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद को तोड़े बिना जीत के आंकड़ा तक पहुंचना आसान नहीं होगा.
झारखंड छात्र संघ के दो और रांची वीमेंस कॉलेज छात्र संघ के दो छात्र प्रतिनिधियों ने अब तक किसी को भी अपना समर्थन देने की बात नहीं कही है. एनएसयूआइ ने भी स्पष्ट कर दिया है कि उसके समर्थित एक छात्र प्रतिनिधि विवि स्तरीय चुनाव में अाजसू को वोट नहीं देंगे. अादिवासी छात्र संघ को अगर जीत के लिए उनके वोट की आवश्यक्ता हुई, तो वे एसीएस के प्रत्याशी को ही अपना वोट देंगे.
आजसू का दावा, 23 छात्र प्रतिनिधि उसके साथ : आजसू ने रांची विवि छात्र संघ चुनाव में दो पद के लिए अपना प्रत्याशी खड़ा किया है. आजसू के प्रदेश चुनाव प्रभारी मतगणना के दिन से ही 23 छात्र प्रतिनिधि के अपने साथ होने का दावा कर रहे हैं. आजसू का कहना है कि उनके दोनों प्रत्याशी चुनाव में जीत दर्ज करेंगे. आजसू वर्ष भर छात्र हित में काम करती है. आजसू के कार्यों को देखते हुए छात्र प्रतिनिधि उनके पक्ष में मतदान करेंगे.
अध्यक्ष छोड़, सभी पदों पर सीधा मुकाबला
विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में नाम वापसी के बाद अध्यक्ष पद को छोड़कर शेष सभी चार पदों पर सीधा मुकाबला है. अध्यक्ष पद के लिए तीन प्रत्याशी मैदान में हैं. उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव व उप सचिव के लिए दो-दो उम्मीदवार मैदान में हैं. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रत्याशी पांचों पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं. वहीं, आजसू उपाध्यक्ष एवं सचिव व आदिवासी छात्र संघ अध्यक्ष, संयुक्त सचिव एवं उपसचिव पद के लिए अपने उम्मीदवार उतारे हैं. सभी छात्र संगठन अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं.
नाम वापसी के बाद पदवार प्रत्याशी
अध्यक्ष
कुलपति मुंडा
नेहा मार्डी
संदीप उरांव
उपाध्यक्ष
कुणाल कुमार शर्मा
पंचम मुंडा
सचिव
सोनू कुमार पंडित
सौरभ बोस
संयुक्त सचिव
निलेश लकड़ा
सौरभ कुमार
उप सचिव
अंकिता रंजन
जिवंती सोरेंगे
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Tags
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




