टाटा लीज, नगर निगम व इंडस्ट्रियल टाउन पर जब सीएम ने की बात, कहा-टाटा से अच्छा कोई कॉरपोरेट घराना नहीं

Updated at : 09 Nov 2018 5:49 AM (IST)
विज्ञापन
टाटा लीज, नगर निगम व इंडस्ट्रियल टाउन पर जब सीएम ने की बात, कहा-टाटा से अच्छा कोई कॉरपोरेट घराना नहीं

राज्य में और चार नये मेडिकल कॉलेज खोले जायेंगे : रघुवर दास रांची : लोकतंत्र में भले ही कोई कुछ भी कहता है या कहे, लेकिन हकीकत यह है कि टाटा से अच्छा कोई काॅरपोरेट घराना नहीं है. यह बात मुख्यमंत्री रघुवर दास ने जमशेदपुर के सिदगोड़ा स्थित सोन मंडप में मीडिया से बातचीत में […]

विज्ञापन
राज्य में और चार नये मेडिकल कॉलेज खोले जायेंगे : रघुवर दास
रांची : लोकतंत्र में भले ही कोई कुछ भी कहता है या कहे, लेकिन हकीकत यह है कि टाटा से अच्छा कोई काॅरपोरेट घराना नहीं है. यह बात मुख्यमंत्री रघुवर दास ने जमशेदपुर के सिदगोड़ा स्थित सोन मंडप में मीडिया से बातचीत में कही. सीएम ने यह बात तब कही, जब उनसे पूछा गया कि आपके ही कैबिनेट मंत्री चाहते हैं कि टाटा लीज की समीक्षा की जाये.
इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में बोलने का सबको अधिकार है, लेकिन हकीकत है कि कौन काॅरपोरेट घराना है, जो टाटा की तरह कंपनी भी चलाती है और सेवा भाव भी रखती है. टाटा ने हाल ही में रांची में कैंसर अस्पताल खोलने की घोषणा की थी, जो अब 10 नवंबर को धरातल पर उतरने जा रहा है.
23 एकड़ में यह अस्पताल खुलने जा रहा है. इसकेअलावा शहर की देखरेख से लेकर उत्कृष्ट लिविंग क्वालिटी भी टाटा की देन है. उन्होंने कहा कि ऐसा काॅरपोरेट घराना बताइए, जो ऐसा करता हो. छोटी बातें नहीं, बल्कि बड़ी बातों को सोचना चाहिए. अगर कोई दिक्कत है, तो बैठ कर बातचीत कर मामले को सुलझाया जाना चाहिए.
कॉकस में घिरा हुआ है एमजीएम : सीएम ने कहा कि एमजीएम अस्पताल एक कॉकस में घिर चुका है. जिस तरह से रिम्स जैसे अस्पतालों को हमने कॉकस से बाहर निकाला है, उसी तरह एमजीएम के भी इससे बाहर निकालेंगे. बिचौलियों से एमजीएम को मुक्त करा कर जनता को इलाज की सुविधा दिलायेंगे.
नगर विकास विभाग का अपना कैडर होगा : सीएम ने कहा कि नगर विकास विभाग में मैनपावर की कमी है. इसे दूर करने के लिए हम लोग अपना कैडर बनाने जा रहे हैं.
इसके लिए नयी बहाली भी की जायेगी. किसानों की आय बढ़ाने की जरूरत पर श्री दास ने कहा कि देश और दुनिया के कृषि विशेषज्ञ 29 नवंबर को रांची में जुटने वाले हैं. नेशनल फूड समिट होगा, जिसमें केंद्रीय कृषि मंत्री से लेकर केंद्र के कई मंत्री शामिल होंगे. मुख्यमंत्री ने एक सवाल के जवाब में कहा कि भाजपा चाहती है कि लोकसभा से लेकर पंचायत चुनाव एक साथ ही कराया जाये. इससे संसाधन भी कम लगेगा और विकास का गति भी नहीं रुकेगी.बार-बार चुनाव होने से विकास बाधित होता है.
विपक्ष पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम लोग चुनाव के दृष्टिकोण से विकास का काम नहीं करते हैं. हम लोग नया भारत, नया झारखंड बनाने के लिए काम कर रहे हैं, जिसके लिए देश और राज्य की जनता ने पूर्ण बहुमत की सरकार बनायी है.
इसके अाधार पर ही हम लोग विकास कर पा रहे हैं. उन्होंने कहा कि विपक्ष एक बार फिर से गठबंधन नहीं, ठगबंधन कर रहा है. सारे ठग, लुटेरे एक बार फिर से झारखंड को लुटने के लिए एकजुट हो रहे हैं. 2014 के चुनाव में भी ये सारे लोग एकजुट थे, लेकिन कांग्रेस को शून्य, झामुमो को दो, ऐसी सीटें आयी थीं. ऐसा ही हाल आने वाले चुनाव में उनका होने जा रहा है.
साइंस ग्रेजुएट को दी जायेगी ट्रेनिंग
मुख्यमंत्री ने बताया कि डॉक्टरों की कमी है, यह सही बात है. लेकिन यह भी देखिए कि 68 साल में राज्य में सिर्फ तीन कॉलेज खोले गये, जबकि सिर्फ चार साल में हमारी सरकार ने पांच मेडिकल कॉलेज खोल दिया है.
1200 बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं. चार और नये मेडिकल कॉलेज खोले जायेंगे. इसके अलावा साइंस ग्रेजुएट को भी ट्रेनिंग दी जायेगी. उनका पदस्थापन सदर अस्पताल से लेकर तमाम अस्पतालों में किया जायेगा. 90 लड़के और लड़कियां को प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिनकी अब पोस्टिंग होने लगेगी.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola