रांची : बिरसा मुंडा पार्क के लिए गांव-गांव से मिट्टी लायेगी भाजपा, जानें किसको कहां की मिली है जिम्मेदारी

Updated at : 24 Oct 2018 6:59 AM (IST)
विज्ञापन
रांची : बिरसा मुंडा पार्क के लिए गांव-गांव से मिट्टी लायेगी भाजपा, जानें किसको कहां की मिली है जिम्मेदारी

रांची के पुराने जेल परिसर में बननी है 100 फीट ऊंची प्रतिमा पारंपरिक रिवाज के साथ सरना-मसना की मिट्टी भी लायेंगे कार्यकर्ता मंत्रियों को प्रमंडलवार बनाया गया है कार्यक्रम का प्रभारी रांची : राज्य सरकार राजधानी के पुराने जेल परिसर में झारखंड के वीर सपूत बिरसा मुंडा की सौ फीट उंची प्रतिमा स्थापित करेगी. इसी […]

विज्ञापन
रांची के पुराने जेल परिसर में बननी है 100 फीट ऊंची प्रतिमा
पारंपरिक रिवाज के साथ सरना-मसना की मिट्टी भी लायेंगे कार्यकर्ता
मंत्रियों को प्रमंडलवार बनाया गया है कार्यक्रम का प्रभारी
रांची : राज्य सरकार राजधानी के पुराने जेल परिसर में झारखंड के वीर सपूत बिरसा मुंडा की सौ फीट उंची प्रतिमा स्थापित करेगी. इसी परिसर में झारखंड के सिदो-कान्हो, तिलका मांझी, चांद भैरव, तेलंगा खड़िया, शेख भिखारी, बुद्धु भगत, ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव, पंडित गणपत राय सहित कई अमर सेनानियों की प्रतिमा और उनकी जीवनी भी प्रदर्शित की जायेगी़ इधर, भाजपा एक अभियान चला कर राज्य के गांव-गांव और शहीदों की जन्मस्थली से मिट्टी लायेगी. सरना, मसना, सहित दूसरे पवित्र स्थलों की मिट्टी भी पूरे रीति-रिवाज के साथ लायी जायेगी़
कांग्रेस ने कभी सम्मान नहीं दिया : मंगलवार को पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने बताया कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार भारत माता के लिए शहीद होनेवाले वीर सपूतों का सम्मान कर रही है़ आजादी के 70 वर्षों में पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले के प्राचीर से झारखंड के वीर भगवान बिरसा मुंडा को याद किया़
कांग्रेस ने कभी भी झारखंड के शहीदों को नहीं पूछा़ उनका सम्मान नहीं किया़ उन्होंने बताया कि जेल परिसर में राज्य के गांव, शहीदों की जन्म स्थली और सरना-मसना की पवित्र मिट्टी लायी जायेगी़ इसके लिए पार्टी ने कार्यक्रम तय किये है़ं राज्य के सभी 4402 पंचायतों से मिट्टी लायी जायेगी़ नौ जनवरी से 16 जनवरी तक पंचायत स्तर पर गाजे-बाजे के साथ आहेर, सरना व शहीदों के गांव से प्रखंड में मिट्टी पहुंचेगी़ 17 से 22 जनवरी तक जिले में मिट्टी पहुंचेगी़
23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर प्रदेश मुख्यालय में मिट्टी लायी जायेगी़ श्री गिलुवा ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर प्रमंडल स्तर पर मंत्रियों को प्रभारी बनाया गया है़ इसके साथ प्रमंडल स्तर पर उस क्षेत्र के सांसद, विधायक भी इसमें शामिल होंगे़ कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रदेश के पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष व एसटी मोर्चा के जिला अध्यक्ष को शामिल किया गया है़
भाजपा एसटी मोर्चा के माध्यम से पूरा कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा़ संवाददाता सम्मेलन में एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रामकुमार पाहन ने कहा कि झामुमो और कांग्रेस ने आदिवासी-मूलवासी के नाम पर वोट बैंक की राजनीति की है़ कभी भी झारखंड के शहीदों का सम्मान नहीं किया़ शहीदों के सम्मान के साथ-साथ हम आनेवाली पीढ़ियों को इन शहीदों के बारे में बतायेंगे़ मौके पर सांसद समीर उरांव, विधायक गंगोत्री कुजूर, हरेकृष्ष्ण सिंह, एसटी मोर्चा के अशोक बड़ाइक और अशेष बारला मौजूद थे़
किसको कहां की मिली है जिम्मेदारी
पलामू : प्रभारी- रामचंद्र चंद्रवंशी, अवधेश सिंह चेरो, प्रो आदित्य साहू
दक्षिणी छोटानागपुर : प्रभारी – नीलकंठ सिंह मुंडा, अशोक बड़ाइक, कमलेश उरांव, दीपक प्रकाश
उत्तरी छोटानागपुर : प्रभारी- अमर कुमार बाउरी, बिंदेश्वर उरांव, लखी हेंब्रम, अनंत ओझा
कोल्हान : प्रभारी- डॉ नीरा यादव, लखन मरांडी, अशेष बारला, समीर उरांव
संताल परगना : प्रभारी- डॉ लुईस मरांडी, सुनील सोरेन, बुसू टुडू, रमेश हांसदा, शर्मिला सोरेन, प्रदीप वर्मा
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola