चर्च के इशारे पर की जा रही है पत्थलगड़ी : पाहन

Updated at : 28 Jun 2018 4:46 AM (IST)
विज्ञापन
चर्च के इशारे पर की जा रही है पत्थलगड़ी : पाहन

कोचांग की घटना को लेकर विपक्ष में कोई संवेदना नहीं, पत्थलगड़ी के जरिये आदिवासियों को किया जा रहा है भ्रमित रांची : भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के अध्यक्ष व विधायक रामकुमार पाहन ने कहा है कि खूंटी में पत्थलगड़ी चर्च मिशनरी की देन है़ आज अंग्रेजों की राह पर चलते हुए चर्च के इशारे पर […]

विज्ञापन

कोचांग की घटना को लेकर विपक्ष में कोई संवेदना नहीं, पत्थलगड़ी के जरिये आदिवासियों को किया जा रहा है भ्रमित

रांची : भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के अध्यक्ष व विधायक रामकुमार पाहन ने कहा है कि खूंटी में पत्थलगड़ी चर्च मिशनरी की देन है़ आज अंग्रेजों की राह पर चलते हुए चर्च के इशारे पर पत्थलगड़ी करके भोले-भाले आदिवासी को भ्रमित कर धर्मांतरण कराने की कोशिश की जा रही है. पत्थलगड़ी कर सरकार के पदाधिकारी, सेवक को गांव में प्रवेश वर्जित कर गांव की बहू-बेटियों का शोषण किया जा रहा है़ श्री पाहन बुधवार को पत्रकारों से बात कर रहे थे़ उन्होंने कहा कि आजादी से पूर्व अंग्रेज फूट डालो और शासन करो नीति के तहत देश को गुलाम बनाकर आदिवासी लोगों के साथ जुल्म और महिलाओं के साथ अत्याचार करते थे.
उसी जुल्म के कारण भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हो, तेलंगा खड़िया, जतरा टाना भगत ने अंग्रेजों के विरुद्ध आंदोलन कर आजादी दिलायी और शोषण से मुक्त कराया़ उन्होंने कहा कि पांच आदिवासी लड़कियों के साथ दुष्कर्म किया गया. इस घटना में मिशन स्कूल के फादर अल्फांसो आइंद के द्वारा षड्यंत्र की बात सामने आयी है़ पत्थलगड़ी समर्थकों द्वारा आदिवासी नेता कड़िया मुंडा के घर जाकर गार्ड और परिवार के सदस्यों के साथ भी बदसलूकी की गयी. इसके साथ ही उनके तीन बॉडीगार्ड का अपहरण कर लिया गया, जो विकृत और आदिवासी विरोधी मानसिकता को दर्शाता है़ ऐसे पत्थलगड़ी समर्थकों पर कार्रवाई होनी चाहिए़
श्री पाहन ने कहा कि राज्य सरकार ने धर्म स्वतंत्र विधेयक आदिवासी समाज की संस्कृति और परंपराओं की रक्षा के लिए लाया है़ धर्म के नाम पर शोषण करने वालों पर इस कानून के बाद रोक लगेगी़ श्री पाहन ने पत्थलगड़ी के मुद्दे पर विपक्ष पर भी हमला किया़ उन्होंने कहा कि कोचांग में हुई दुष्कर्म की घटना को लेकर विपक्ष में कोई संवेदना नहीं है़ ये तुष्टीकरण पर लगे है़ं पूरे मामले में दोषी फादर को बचाना चाहते है़ं मौके पर मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक बड़ाइक,आशेष बारला,अनु लकड़ा,सुमन कच्छप मौजूद थी़ं
रांची. खूंटी के ताजा हालात में खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने संबंधी बातें खाद्य आपूर्ति मंत्री सरयू राय ने कही है. उन्होंने कहा है कि समाचार पत्रों में कुछ समय से प्रकाशित हो रही खबरों के अनुसार खूंटी जिला का बड़ा क्षेत्र अशांत है. उन क्षेत्रों में राज्य सरकार के विभिन्न कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में बाधा उत्पन्न की जा रही है. इस संबंध में वस्तु स्थिति पर विशेष नजर रखा जाना आवश्यक है. उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कहा है कि जिला स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया जाये कि वे खाद्य सुरक्षा अधिनियम के प्रासंगिक प्रावधानों के अनुरूप खूंटी जिले में भी खाद्यान्न वितरण सुचारु रूप से सुनिश्चित करें. यदि किसी क्षेत्र में आपूर्ति बाधित होती है, तो इसकी सूचना विभागीय सचिव या निदेशक को देने का निर्देश उन्होंने दिया है.
रांची. झामुमो के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि झारखंड आज गंभीर संकट के दौर से गुजर रहा है. मूलवासी व आदिवासी के हक व अधिकार पर हमले हो रहे हैं. शिड्यूल एरिया में आदिवासी-मूलवासी से सरकार का संवाद समाप्त हो गया है. संवाद स्थापित करने की जगह सरकार लोगों पर लाठियां बरसा कर उनकी आवाज को दबाना चाहती है. प्रशासनिक आतंक कायम किया जा रहा है. पत्थलगड़ी का मास्टर माइंड गुजरात में बैठा है. पत्थलगड़ी की गलत व्याख्या कर उसके फरमान से खूंटी में पत्थलगड़ी हो रही है.
सरकार इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं कर रही है. खूंटी में दुष्कर्म की हुई घटना के मामले में सरकार को निष्पक्ष जांच करानी चाहिए. पार्टी केंद्र सरकार से इस मामले में हस्तक्षेप की मांग करती है. झामुमो विधायक पौलुस सुरीन ने कहा कि राज्य गठन के 17 वर्ष बाद पहली बार पत्थलगड़ी की समस्या उत्पन्न हुई है. सरकार को इसका कारण जानना चाहिए. ईसाइयों को जाति के आधार पर आरक्षण मिलता है. इनका आरक्षण समाप्त करना गलत है.
रांची. कांग्रेस प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा है कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है़ पूरे राज्य की अराजक स्थिति है़ सरकार और पुलिस का इकबाल नहीं है़ उन्होंने कहा कि सरकार की संवेदनहीनता और खोखले दावे का ही परिणाम है कि आज पूरे प्रदेश में अराजकता का माहौल है़ अपराधियों, उग्रवादियों के खात्मे को लेकर सरकार केवल बड़ी-बड़ी बातें कर रही है़ प्रशासनिक लापरवाही का नतीजा है कि लातेहार में छह जवान शहीद हो गये. खुफिया तंत्र पूरी तरह से नाकाम साबित हो रहा है़
यही कारण है कि आज इस राज्य में सांसद के अंगरक्षक को हथियार के बल अगवा कर लिया जा रहा है और इस बात की खबर पुलिस प्रशासन को बाद में मिलती है़ कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा है कि किसी भी जिले में आये दिन हत्या, अपहरण और दुष्कर्म की वारदातें आम हो गयी है़ं खूंटी में दुष्कर्म की घटना से पूरा प्रदेश शर्मसार है़ बेटी पढ़ाओ–बेटी बचाओ का नारा देने वाले रघुवर सरकार को प्रदेश की बेटियों से ज्यादा चिंता अंबानी और अडाणी की है़ जनवरी से मार्च 2018 तक कुल दुष्कर्म के 318 मामले राज्य में दर्ज किये गये है़ं
रांची. खूंटी में कलाकारों के साथ हुई घटना को रांची जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है. इसको लेकर रांची जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ईशा खंडेलवाल ने रांची जिला के विभिन्न प्रखंडों में सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर रहे विभिन्न टीम के कलाकारों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया. सुश्री खंडेलवाल ने बताया कि रांची जिला में कुल 38 कलाकारों की टीम है, जिनके माध्यम से शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार का कार्यक्रम किया जाता है.
वर्तमान में 15 टीमों द्वारा प्रचार-प्रसार का कार्यक्रम चलाया जा रहा है. इन 15 टीमों में लगभग 80 महिलाएं शामिल हैं. सभी टीमों को निर्देश दिया गया है कि प्रखंड के जिस ग्रामीण क्षेत्र में भी कार्यक्रम के लिये जायें, वहां की मुखिया को इसके पूर्व सूचना दे दें. साथ ही संबंधित प्रखंड के विकास पदाधिकारी और संबंधित थानों को भी कलाकारों के कला प्रदर्शन के स्थानों की पूर्ण सूचना उपलब्ध करायी जाये.
ईशा खंडेलवाल ने यह भी निर्देश दिया है कि कला प्रदर्शन के दौरान तैयार की गयी स्क्रीप्ट की पूर्व सूचना उन्हें उपलब्ध करायी जाये. जिला जनसंपर्क पदाधिकारी द्वारा स्क्रीप्ट की स्वीकृति मिलने के बाद ही उसे नाट्य रूपांतरण करते हुए लोगों के बीच प्रसारित किया जाये. उन्होंने बताया कि पूर्व में भी रांची जिला के कलाकारों द्वारा कार्यक्रम के पूर्व संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी,
संबंधित पंचायत के मुखिया व वार्ड सदस्यों को इसकी सूचना दी जाती थी. उन्होंने कलाकारों से कहा कि संबंधित थानों को भी अपने आने की सूचना दें. कहा कि पहले स्क्रीप्ट की जांच नहीं होती थी. अब नये निर्देश के अनुसार स्क्रीप्ट की जांच होने के बाद ही उसे प्रसारित किया जायेगा. उन्होंने बताया कि खूंटी की घटना काफी निंदनीय है और ऐसी घटना की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए.
बैठक
खूंटी में कलाकारों के साथ हुई घटना के मद्देनजर रांची डीपीआरओ ने दिया आवश्यक दिशा-निर्देश
रांची जिले में कुल 38 कलाकारों की टीम है, जो क्षेत्रों में जाकर लोगों को जागरूक करते हैं
वर्तमान में 15 टीमों द्वारा प्रचार-प्रसार का कार्यक्रम चलाया जा रहा है
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola