ePaper

पतरातू डैम में शिकारा नाव और म्यूजिकल फाउंटेन से पर्यटन को नया विस्तार

Updated at : 22 Jan 2026 11:49 PM (IST)
विज्ञापन
पतरातू डैम में शिकारा नाव और म्यूजिकल फाउंटेन से पर्यटन को नया विस्तार

पतरातू डैम में शिकारा नाव और म्यूजिकल फाउंटेन से पर्यटन को नया विस्तार

विज्ञापन

शिकारा में बैठ कर डैम की सैर करने का अनुभव सैलानियों को दिला रही है कश्मीर की याद

हरियाली और पहाड़ियों के बीच शिकारा नाव की सवारी सैलानियों को रोमांचक अनुभव दे रही है

तीन और शिकारा जल्द होंगी शामिल

अजय तिवारी, पतरातू

पतरातू डैम की खूबसूरत वादियों में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार नये प्रयास किये जा रहे हैं. इसी क्रम में हाल ही में शुरू की गयी शिकारा नाव पर्यटकों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बन गयी है. शांत जल, चारों ओर फैली हरियाली और पहाड़ियों के बीच शिकारा नाव की सवारी सैलानियों को रोमांचक और सुकून भरा अनुभव दे रही है. अब इस सुविधा को और विस्तार देने की तैयारी है. विस्थापित नाविक संघ द्वारा तीन और शिकारा नाव मंगायी जा रही है. इनके जल्द पतरातू डैम पहुंचने की संभावना जतायी जा रही है. वर्तमान में चल रही शिकारा नाव को पर्यटकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है. शिकारा में बैठ कर डैम की सैर करने का अनुभव सैलानियों को कश्मीर की याद दिला रहा है. खास कर, सुबह और शाम के समय डैम का नजारा और भी मनमोहक हो जाता है. पर्यटकों का कहना है कि शिकारा नाव के माध्यम से वे डैम की प्राकृतिक सुंदरता को नजदीक से देख पा रहे हैं. स्थानीय के साथ-साथ बाहर से आने वाले पर्यटकों में भी शिकारा की सवारी को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है. विस्थापित नाविक संघ से जुड़े लोगों ने बताया कि पर्यटकों की बढ़ती संख्या और मांग को देखते हुए तीन और शिकारा नाव मंगायी जा रही है. इनके शुरू होने से न केवल पर्यटकों को बेहतर सुविधा मिलेगी, बल्कि विस्थापित नाविक परिवारों को रोजगार के अतिरिक्त अवसर भी प्राप्त होंगे. इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है.

म्यूजिकल फाउंटेन का भी सफल ट्रायल किया गया है : पतरातू डैम के सौंदर्य को और निखारने के लिए बनाये जा रहे म्यूजिकल फाउंटेन का भी सफल ट्रायल किया गया है. पिछले दिन ट्रायल में पानी की धाराओं के साथ संगीत और रोशनी का शानदार संयोजन देखने को मिला. बताया गया कि इस म्यूजिकल फाउंटेन में लेजर शो को भी शामिल किया जा रहा है. इससे इसका आकर्षण और बढ़ेगा. संभावना है कि इस माह के अंतिम सप्ताह में इसका उद्घाटन कर दिया जायेगा. म्यूजिकल फाउंटेन के शुरू होने के बाद पर्यटकों को न केवल दिन में पतरातू डैम की प्राकृतिक खूबसूरती का आनंद मिलेगा, बल्कि शाम के समय भी वे यहां रुक कर रोशनी, संगीत और पानी के अद्भुत नजारे का लुत्फ उठा सकेंगे. स्थानीय लोगों का मानना है कि शिकारा नाव, प्रस्तावित तीन नई शिकारा और म्यूजिकल फाउंटेन के संचालन से पतरातू डैम एक संपूर्ण पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा. इन नयी पहल से पतरातू डैम एक बार फिर सैलानियों की पहली पसंद बनता नजर आ रहा है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
SAROJ TIWARY

लेखक के बारे में

By SAROJ TIWARY

SAROJ TIWARY is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola