किसान की बेटी बनी रामगढ़ जिला टॉपर, डॉक्टर बनकर करना चाहती है देश की सेवा

Published by :Sweta Vaidya
Published at :24 Apr 2026 7:56 AM (IST)
विज्ञापन
ramgarh topper

रामगढ़ जिला टॉपर

JAC Result 2026: रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड की छात्रा मिल्पा कुमारी ने जैक मैट्रिक परीक्षा में 490 अंक लाकर जिला टॉपर बनकर इतिहास रच दिया. साधारण किसान परिवार से आने वाली मिल्पा ने कड़ी मेहनत और अनुशासन के दम पर यह सफलता हासिल की, जिससे पूरे क्षेत्र में गर्व और खुशी का माहौल है.

विज्ञापन

गोला से राज कुमार की रिपोर्ट

JAC Result 2026: रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड के लिए गर्व का क्षण तब आया जब जैक बोर्ड द्वारा गुरुवार को घोषित मैट्रिक परीक्षा परिणाम में पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय बरियातू की छात्रा मिल्पा कुमारी ने 490 अंक प्राप्त कर रामगढ़ जिला टॉपर बनने का गौरव हासिल किया. इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे जिले और प्रखंड का नाम रोशन कर दिया है. रिजल्ट घोषित होते ही उनके घर में खुशी की लहर दौड़ गई और परिजनों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने मिठाई खिलाकर उन्हें बधाई दी. 

साधारण किसान परिवार से निकलकर बनी मिसाल 

मिल्पा कुमारी एक साधारण किसान परिवार से आती हैं. उनके पिता ब्रजेश महतो खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं और सीमित संसाधनों के बावजूद बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देते हैं. उनकी मां एक गृहिणी हैं, जो घर-परिवार संभालने के साथ-साथ बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रेरित करती हैं. आर्थिक चुनौतियों के बावजूद मिल्पा ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और लगन के बल पर यह सफलता हासिल की है.

परिवार और शिक्षकों के सहयोग से मिली सफलता

मिल्पा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और बड़ी बहन को दिया है. उन्होंने बताया कि परिवार का सहयोग और शिक्षकों का मार्गदर्शन उनके लिए सबसे बड़ी ताकत रहा. उन्होंने नियमित रूप से पढ़ाई की और सोशल मीडिया से दूरी बनाकर अपना पूरा ध्यान शिक्षा पर केंद्रित रखा. उनका कहना है कि समय का सही प्रबंधन और निरंतर अभ्यास ही सफलता की कुंजी है. 

डॉक्टर बनकर देश सेवा करने का सपना 

मिल्पा का सपना डॉक्टर बनकर देश की सेवा करना है. उन्होंने कहा कि वह भविष्य में चिकित्सा क्षेत्र में जाकर जरूरतमंद लोगों का इलाज करना चाहती हैं. उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें अच्छे अंक आने की उम्मीद थी, लेकिन जिला टॉपर बनने की उम्मीद नहीं थी. यह उपलब्धि उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है और आगे और बेहतर करने की जिम्मेदारी भी बढ़ा देती है. 

पहले भी रही हैं उत्कृष्ट छात्रा 

गौरतलब है कि मिल्पा पहले भी पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुकी हैं. वह नौवीं कक्षा में भी स्कूल टॉपर रही थीं. उनकी इस निरंतर सफलता ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत और समर्पण से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है.

स्कूल ने जताया गर्व 

विद्यालय ने मिल्पा की इस उपलब्धि पर गर्व जताया है. प्रधानाध्यापक जितेंद्र कुमार महतो सहित सभी शिक्षकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है. शिक्षकों ने कहा कि मिल्पा अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं और उनकी सफलता से विद्यालय का मान बढ़ा है. 

लोगों ने दी बधाई 

इस मौके पर वासुदेव प्रसाद, समाजसेवी सुनील चक्रवर्ती, मुखिया प्रतिनिधि कौलेश्वर महतो, मनोज पुजहर, अखिलेश्वर प्रसाद, तुलसीदास महतो, भारत मुंडा, चंदन प्रसाद, विश्वजीत कुमार सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे और छात्रा को आशीर्वाद दिया.

इसे भी पढ़ें: ‘मुझे मेरे पति से मिलना है’ सुनते ही जल्लाद बन गया ससुर, लाठी से पीटकर बहू को किया अधमरा

इसे भी पढ़ें: लोहरदगा में दर्दनाक हादसा, इमली पेड़ की डाली काटते समय मजदूर की मौत

विज्ञापन
Sweta Vaidya

लेखक के बारे में

By Sweta Vaidya

श्वेता वैद्य प्रभात खबर में लाइफस्टाइल बीट के लिए कंटेंट लिखती हैं. वह पिछले एक साल से व्यंजन (Recipes), फैशन, ब्यूटी टिप्स, होम डेकोर, किचन टिप्स और लेटेस्ट मेहंदी डिजाइन्स जैसे विषयों पर लेख लिख रही हैं. उनका उद्देश्य पाठकों को रोजमर्रा की जिंदगी को आसान और स्टाइलिश बनाने के लिए प्रैक्टिकल टिप्स देना है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola