पतरातू में हर्षोल्लास से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, जगह-जगह शान से लहराया गया तिरंगा
धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस | Prabhat Khabar Network
पतरातू में 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया. प्रखंड मुख्यालय, थाना, स्कूल, पंचायत सचिवालय और विभिन्न प्रतिष्ठानों में शान से तिरंगा फहराया गया. जगह-जगह देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित हुए.
पतरातू (रामगढ़): देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस पतरातू प्रखंड क्षेत्र में हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया. प्रखंड के विभिन्न सरकारी कार्यालयों, पंचायत सचिवालयों, शैक्षणिक संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों और प्रतिष्ठानों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया. इस दौरान लोगों ने तिरंगे को सलामी देकर देश के वीर शहीदों को नमन किया और राष्ट्र की एकता व अखंडता का संकल्प लिया. एसडीपीओ कार्यालय परिसर में डीएसपी मुख्यालय अकरम रजा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. वहीं पतरातू थाना परिसर में थाना प्रभारी एसके गुप्ता ने झंडोत्तोलन किया. इस दौरान थाना के जवानों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी.

ये भी पढ़ें- Jharkhand Weather: झारखंड में 21 अगस्त तक बारिश का दौर, 17-18 को भारी बारिश का अलर्ट
प्रखंड मुख्यालय में प्रमुख ने किया झंडोत्तोलन
प्रखंड मुख्यालय परिसर में प्रखंड प्रमुख कौशल्या देवी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. मौके पर प्रखंड उप प्रमुख बबीता पांडे, प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार गुप्ता, अंचल अधिकारी मनोज कुमार चौरसिया समेत अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे. दामोदर मिनरल प्राइवेट लिमिटेड कोल साइडिंग में निदेशक गजानंद प्रसाद ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. वहीं अंबेडकर पार्क में विधायक रोशन लाल चौधरी ने तिरंगा फहराकर क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं. शहीद भगत सिंह चौक पर अंचल अधिकारी मनोज कुमार चौरसिया ने झंडोत्तोलन किया. इस अवसर पर बीडीओ मनोज कुमार गुप्ता, संतोष कुमार साहू, मुखिया गिरिजेश कुमार, नंदकुमार समेत कई लोग उपस्थित थे.

ये भी पढ़ें- चलती ट्रेन में नाबालिग के साथ नजदीकी रिश्तेदार ने किया दुष्कर्म, गिरफ्तार
केंद्रीय विद्यालय और पतरातू डैम में भी हुआ झंडोत्तोलन
पतरातू केंद्रीय विद्यालय में प्रधानाचार्य गौतम प्रियदर्शी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. पतरातू डैम में विस्थापित नाविक संघ के अध्यक्ष मोहम्मद जियाउल अंसारी ने झंडोत्तोलन किया. वहीं पतरातू लेक रिजॉर्ट में दिव्या कुमारी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. इसके अलावा पतरातू प्रखंड के विभिन्न पंचायत सचिवालयों में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया.

पतरातू पंचायत सचिवालय में मुखिया गिरिजेश कुमार, कटिया पंचायत सचिवालय में मुखिया किशोर कुमार महतो, पंचमंदिर पंचायत सचिवालय में मुखिया श्यामली महतो, कोतो पंचायत सचिवालय में मुखिया निधि सिंह, जनता नगर पंचायत सचिवालय में मुखिया प्रीति झा और हनुमानगढ़ पंचायत सचिवालय में मुखिया नूतन सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. समारोह के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों, ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने राष्ट्रगान गाया. लोगों ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया. स्वतंत्रता दिवस को लेकर पूरे पतरातू क्षेत्र में दिनभर देशभक्ति का माहौल बना रहा.
स्कूलों में रंगारंग कार्यक्रमों ने बांधा समां
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में भी कार्यक्रम आयोजित किये गये. सरस्वती शिशु विद्या मंदिर पीटीपीएस, डीएवी स्कूल, किड जी स्कूल और इडेन स्कूल में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नाटक और अन्य रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये. विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद लोगों का मन मोह लिया. विद्यालय परिसरों में तिरंगा शान से लहराता रहा और भारत माता के जयकारे से पूरा माहौल देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










