3,65,812 घरों में नल से जल पहुंचाने का है लक्ष्य

52.91 प्रतिशत घरों तक पहुंचा नल का जल
52.91 प्रतिशत घरों तक पहुंचा नल का जल प्रतिनिधि, मेदिनीनगर पलामू डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने सोमवार को अपने कार्यालय कक्ष में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने जिले में चल रही योजनाओं की जमीनी हकीकत जानी और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. इस क्रम में डीसी ने फंक्शनल हाउस होल्ड टैप कनेक्शन, मल्टी विलेज स्कीम, सिंगल विलेज स्कीम और जल मीनारों की प्रगति की जानकारी ली. बताया गया कि जिले में कुल 3,65,812 घरों में नल से जल पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित है. इसके खिलाफ अब तक 1,93,575 कनेक्शन (लगभग 52.91%) उपलब्ध कराये जा चुका हैं. डीसी ने शेष 1,72,237 कनेक्शनों को जल्द से जल्द पूरा करने पर विशेष बल दिया.समीक्षा में पाया गया कि जिले के कुल 27,037 चापाकलों में से 3,387 खराब हैं. इनके सुधार के लिए प्रखंडवार गैंगमैन की नियुक्ति कर दी गयी है. उपायुक्त ने इसका पंचायत स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया, ताकि लोग आसानी से मरम्मत करा सकें. वहीं सिंगल विलेज स्कीम की समीक्षा में अधिकांश योजनाओं में 100 प्रतिशत भौतिक प्रगति पायी गयी. डीसी ने जिन योजनाओं में आंशिक कार्य शेष है, उन्हें भी प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने को कहा. मल्टी विलेज स्कीम की समीक्षा के दौरान भूमि अधिग्रहण,एनएचएआइ से एनओसी और तकनीकी बाधाओं के कारण अटकी योजनाओं पर सख्त रुख अपनाया. कार्यपालक अभियंता द्वारा एनएच निर्माण से पाइप लाइनों को पहुंचे नुकसान की जानकारी देने पर डीसी ने प्रोजेक्ट डायरेक्टर से समन्वय कर इन्हें तुरंत दुरुस्त करने का आदेश दिया. लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों पर होगी कार्रवाई डीसी श्री शेखावत ने शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने में आ रही तकनीकी और प्रशासनिक बाधाओं की विस्तार से समीक्षा के बाद स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माणाधीन योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करें.जिन योजनाओं की प्रगति धीमी पायी गयी है. उनके संबंधित ठेकेदारों और एजेंसियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी.उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम जनता को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिकता है, इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जायेगी.उन्होंने स्पष्ट किया कि पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी. साथ ही सभी सहायक एवं कनीय अभियंताओं को फील्ड विजिट बढ़ाने, नियमित मॉनिटरिंग करने और गुणवत्ता के साथ कार्यों की प्रगति रिपोर्ट अपडेट करने के निर्देश दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




