ePaper

पलामू पहुंचे विहंगम योग के संत प्रवर विज्ञानदेव जी महाराज, कहा - सभी विसंगतियों की जड़ अनियंत्रित मन

Updated at : 08 Nov 2022 11:56 AM (IST)
विज्ञापन
पलामू पहुंचे विहंगम योग के संत प्रवर विज्ञानदेव जी महाराज, कहा - सभी विसंगतियों की जड़ अनियंत्रित मन

विहंगम योग के 2101 विश्व शांति वैदिक महायज्ञ पलामू के मेदिनीनगर में हो रहा है. कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर इसका आयोजन किया गया है. इसे लेकर विहंगम योग के संत प्रवर विज्ञानदेव जी महाराज पलामू आए हैं. उन्होंने परिसदन में मीडिया से बात की.

विज्ञापन

विहंगम योग के 2101 विश्व शांति वैदिक महायज्ञ पलामू के मेदिनीनगर में हो रहा है. कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर इसका आयोजन किया गया है. इसे लेकर विहंगम योग के संत प्रवर विज्ञानदेव जी महाराज पलामू आए हैं. उन्होंने परिसदन में मीडिया से बात की. उन्होंने अध्यात्म, सामाजिक, वैश्विक मुद्दों पर अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि मन पर नियंत्रण नहीं रखने से ही तमाम तरह की विसंगतियां हो रही हैं.

जीवन को जान लिया तो परम सत्य को पा लिया

मीडिया को संबोधित करते हुए संत प्रवर ने कहा कि मनुष्य के लिए अपने जीवन को जानना आवश्यक है. जीवन को जो जान लिया वो परम सत्य को पा लिया. उन्होंने कहा कि जीवन में सत्य तक पहुंचने के लिए मन पर नियंत्रण जरूरी है. मन पर नियंत्रण नहीं रख पाने से ही आज पूरे विश्व में विसंगतियां फैल रही है. जीवन का आधार परमात्मा है, जो आनंद स्वरूप है. जीवन आनंदमय बने, इसमें कोई कुंठा, हताशा, निराशा नहीं हो इसके लिए खुद पर नियंत्रण जरूरी है. उन्होंने कहा कि जीवन आनंद के मार्ग पर गतिमान रहे इसलिए अध्यात्म की अनिवार्यता है. इस दृष्टिकोण से भारतीय संस्कृति काफी समृद्ध है. भारतीय संस्कृति में विरासत के रूप में अध्यात्म शामिल हैं. धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष का चतुर्सुत्री पथ ही भारतीय संस्कृति का आधार है.

क्या है 2101 विश्व शांति वैदिक महायज्ञ

पूरे विश्व के कल्याण के लिए इस यज्ञ का आयोजन किया जाता है . विहंगम योग संस्थान द्वारा इसका दो दिवसीय आयोजन मेदिनीनगर के बिशफुटा पुल के पास बैजनाथ सिंह सेवा आश्रम में किया गया है. इस यज्ञ में वैदिक परंपरा के साथ पूजन, हवन अनुष्ठान के साथ साथ योग, ध्यान के सहज तरीके बताए गए, शिविर लगाकर होमियोपैथी, आयुर्वेद और योग द्वारा रोगियों का इलाज किया गया. अनुष्ठान में प्रवचन भी किया जा रहा है. इस आयोजन में झारखंड, बिहार, बंगाल, उत्तरप्रदेश आदि स्थानों से भक्त समागम हुआ है.

प्रेस कांफ्रेंस में ये थे शामिल

संत प्रवर विज्ञानदेव जी महाराज के प्रेस कांफ्रेंस में उनके साथ विहंगम योग के प्रदेश अध्यक्ष राधा कृष्ण सिन्हा, समन्वयक डॉ पंकज दुबे, महामंत्री ललित सिंह आदि मौजूद थे.

रिपोर्ट : सैकत चटर्जी, पलामू

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola