JPSC-JSSC परीक्षा गड़बड़ी: 22 दिन बाद भी दो आरोपी फरार, 15 सितंबर के बाद होगी घर की कुर्की

Updated:
विज्ञापन

(AI Generated)

जेएसएससी-जेपीएससी परीक्षा गड़बड़ी मामले में फरार आरोपियों के घर कुर्की की तैयारी। पलामू के कई और पदाधिकारियों के नाम आने की चर्चा तेज।

विज्ञापन

पलामू से शिवेन्द्र कुमार की रिपोर्ट

आपके शहर में

विज्ञापन

मेदिनीनगर, पलामू : JPSC और JSSC परीक्षा में गड़बड़ी के मामले में फरार चल रहे पलामू के दो आरोपियों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं. रविशंकर कुमार और संतोष कुमार सिंह की गिरफ्तारी के लिए CID और पलामू पुलिस की संयुक्त टीम लगातार छापेमारी कर रही है. दोनों आरोपियों के परिजनों को भी जल्द न्यायालय में सरेंडर कराने का निर्देश दिया गया है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसा नहीं होने पर कानूनी कार्रवाई की जायेगी.

15 सितंबर तक गिरफ्तारी या सरेंडर नहीं हुआ तो कुर्की की तैयारी

CID के अनुसार, यदि 15 सितंबर तक दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है या वे न्यायालय में सरेंडर नहीं करते हैं, तो उनके घरों की कुर्की के लिए न्यायालय में आवेदन दिया जायेगा. न्यायालय से आदेश मिलने के बाद दोनों के घरों की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जायेगी.

यह भी पढ़ें : JPSC-JSSC अभ्यर्थियों के न्याय के लिए निकला रथ, पालकोट में युवाओं ने किया स्वागत

इश्तेहार चिपकाने के बाद भी नहीं हुई गिरफ्तारी

16 अगस्त को CID और पुलिस की संयुक्त टीम ने न्यायालय के आदेश पर दोनों आरोपियों के घरों पर इश्तेहार चिपकाया था. इसके बाद भी 22 दिन बीत चुके हैं, लेकिन न तो दोनों ने न्यायालय में सरेंडर किया और न ही पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर सकी है.

इससे पहले तीन अगस्त को CID की टीम ने शहर थाना क्षेत्र के हनुमान नगर स्थित रविशंकर कुमार के घर और हमीदगंज स्थित संतोष कुमार सिंह के आवास पर छापेमारी की थी. छापेमारी के दौरान दोनों के ठिकानों से इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और कई दस्तावेज बरामद किये गये थे.

कौन हैं दोनों आरोपी?

हनुमान नगर निवासी रविशंकर कुमार रांची में कोचिंग संस्थान चलाकर JPSC समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराता है. इससे पहले वह मेदिनीनगर-पांकी रोड स्थित सुरेश सिंह चौक के पास अंग्रेजी का कोचिंग चलाता था. बाद में रांची चला गया और वहां एक कोचिंग संस्थान में पढ़ाने लगा. वह आयुर्वेदिक का भी काम करता था.

वहीं, संतोष कुमार सिंह नौडीहा प्रखंड में सरकारी शिक्षक के पद पर कार्यरत है. वह उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय गुलाबझरी में शिक्षक है.

यह भी पढ़ें : सुदिव्य सोनू के निधन के बाद JPSC-JSSC सुधार की राह कौन संभालेगा? छात्रों से संवाद की जिम्मेदारी अब किसके कंधे पर

संतोष के पैतृक घर से कंप्यूटर और कागजात मिले

CID और पुलिस की टीम संतोष कुमार सिंह के पैतृक आवास नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के नावाडीह गांव भी पहुंची थी. वहां से कंप्यूटर सहित कई अन्य कागजात बरामद किये गये थे. टीम ने संतोष के शहर थाना क्षेत्र के हमीदगंज स्थित आवास पर भी छापेमारी की थी, लेकिन वहां कोई नहीं मिला.

मकान में रह रहे लोगों ने पुलिस को बताया था कि संतोष पिछले दो महीने से वहां नहीं आया है.

संतोष वर्ष 2002 में पारा शिक्षक के रूप में प्राथमिक विद्यालय कानुवाडीह में पढ़ाता था. इसके बाद वर्ष 2016 में उसकी सरकारी शिक्षक के रूप में नियुक्ति हुई.

एक आरोपी की हो चुकी है गिरफ्तारी

JSSC CGL प्रतियोगिता परीक्षा से जुड़े CID थाना कांड संख्या 01/2025 में CID ने आरोपी कुंदन कुमार को गिरफ्तार किया है. कुंदन नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के नामुदाग के डूमरी का रहनेवाला है. वह JSSC CGL परीक्षा पास करने के बाद गुमला में प्रखंड कल्याण पदाधिकारी के रूप में कार्यरत था.

अब दूसरे नामों की भी हो रही जांच

इधर, सूत्रों के अनुसार पलामू जिले के कई युवकों के नाम भी सामने आने की चर्चा है, जिनकी JSSC और CGL के माध्यम से विभिन्न विभागों में नियुक्ति हुई है. CID ऐसे लोगों के नाम का सत्यापन कर रही है, जिनके बारे में परीक्षा में गड़बड़ी कर नौकरी हासिल करने की बात सामने आ रही है.

जानकारी के अनुसार, ऐसे कई युवक हैं, जो जूनियर इंजीनियर समेत विभिन्न पदों पर कार्यरत हैं. अब CID की जांच में यह देखना अहम होगा कि इन नामों के पीछे की कहानी क्या है और जांच आगे बढ़ने पर कितने लोगों की भूमिका सामने आती है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola